फ्रेंडशिप डे 2026: बॉलीवुड की वो फिल्में जिन्होंने दोस्ती का मतलब नए अंदाज में सिखाया
दोस्ती बॉलीवुड की कहानियों का हमेशा से एक अहम हिस्सा रही है। हिंदी सिनेमा ने ऐसी कई फिल्में दी हैं, जिन्होंने यह दिखाया कि सच्ची दोस्ती सिर्फ साथ हंसने-मुस्कुराने तक सीमित नहीं होती, बल्कि मुश्किल वक्त में एक-दूसरे के लिए खड़े रहने का नाम भी है। भरोसा, त्याग, अपनापन और अटूट साथ जैसे भाव इन फिल्मों की सबसे बड़ी ताकत रहे हैं। फ्रेंडशिप डे के इस खास अवसर पर आइए जानते हैं उन बॉलीवुड फिल्मों के बारे में, जिन्होंने दोस्ती को बड़े पर्दे पर एक नई पहचान दी।
'शोले' (1975)
जय (अमिताभ बच्चन) और वीरू (धर्मेंद्र) की जोड़ी भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित दोस्तियों में शुमार होती है। हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ निभाने और दोस्ती के लिए हर कुर्बानी देने का उनका जज़्बा आज भी लोगों के लिए मिसाल बना हुआ है।
'सोनू के टीटू की स्वीटी' (2018)
इस फिल्म की कहानी सोनू (कार्तिक आर्यन) और टीटू (सनी सिंह) की गहरी दोस्ती के इर्द-गिर्द घूमती है। कार्तिक ने एक ऐसे दोस्त का किरदार निभाया, जो अपने सबसे करीबी दोस्त की खुशियों और भलाई के लिए किसी भी हद तक जाने से नहीं हिचकिचाता। उनका किरदार दोस्ती, भावनाओं और मनोरंजन का बेहतरीन मेल पेश करता है।
'दिल चाहता है' (2001)
आमिर खान, सैफ अली खान और अक्षय खन्ना की तिकड़ी ने दोस्ती के आधुनिक रूप को बेहद खूबसूरती से पेश किया। यह फिल्म बताती है कि समय, दूरी और मतभेद सच्चे रिश्तों को कमजोर नहीं कर सकते।
'3 इडियट्स' (2009)
आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी की यादगार तिकड़ी ने दिखाया कि असली दोस्त वही होता है, जो आपको आगे बढ़ने की प्रेरणा दे और जीवन की हर चुनौती में आपके साथ मजबूती से खड़ा रहे।
'ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा' (2011)
ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल की यह फिल्म सिर्फ एक रोड ट्रिप नहीं, बल्कि दोस्ती, आत्मविश्वास और जिंदगी को खुलकर जीने की खूबसूरत यात्रा है। तीन दोस्तों का यह सफर आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखता है।
'फुकरे' (2013)
पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा और उनके दोस्तों की मजेदार कहानी यह साबित करती है कि सच्चे दोस्त हर परेशानी को मिलकर आसान बना देते हैं। यही दोस्ती और मस्ती इस फिल्म को आज भी दर्शकों की पसंदीदा कॉमेडी फिल्मों में शामिल करती है।
'ये जवानी है दीवानी' (2013)
रणबीर कपूर, दीपिका पादुकोण और उनके दोस्तों की यह कहानी बताती है कि वक्त के साथ जिंदगी भले बदल जाए, लेकिन सच्ची दोस्ती की अहमियत कभी कम नहीं होती। यही रिश्ता हर यादगार पल को और भी खास बना देता है।

