रणवीर सिंह को भारी पड़ा कांतारा में दिखाई गईं चावुंडी दैव का मजाक उड़ाना, दर्ज हुई एफआईआर
'धुरंधर' की जबरदस्त सफलता के बीच रणवीर सिंह बड़ी मुश्किल में फंस गए हैं। रणवीर सिंह के खिलाफ बेंगलुरु में एफआईआर दर्ज की गई है। यह मामला रणवीर सिंह के मिमिक्री से जुड़ा है। उन्होंने एक इवेंट में 'कांतारा' में दिखाई गईं देवी की नकल उतारी थीं।
बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में रणवीर सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। रणवीर सिंह पर हिंदू धार्मिक भावनाओं और कर्नाटक के तटीय इलाकों की चावुंडी दैवा परंपरा का अपमान करने का आरोप लगाया गया है। एक्टर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
रणवीर सिंह के खिलाफ बेंगलुरु के वकील प्रशांत मेथल ने एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, यह कथित घटना 28 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया के दौरान हुई थी। रणवीर सिंह ने मंच पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और ऐसा अभिनय किया, जिससे दैवा परंपरा के पवित्र तत्वों का मजाक उड़ाया गया।
शिकायत में कहा गया है कि रणवीर ने पंजुरली और गुलिगा दैवा से जुड़े भाव-हावभाव की नकल की और उन्हें भद्दे, हास्यास्पद और अपमानजनक तरीके से पेश किया। इसके अलावा रणवीर ने चावुंडी दैवा को 'महिला भूत' कहा। चावुंडी दैवा कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में पूजनीय रक्षक देवी मानी जाती हैं, जो दिव्य स्त्री शक्ति का प्रतीक हैं। उन्हें भूत कहना धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।
यह मामला बेंगलुरु की प्रथम अतिरिक्त मुख्य महानगर मजिस्ट्रेट कोर्ट को भेजा गया है। इसकी सुनवाई 8 अप्रैल को तय है। प्रशांत मेथल ने 27 दिसंबर को एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद 23 जनवरी को कोर्ट ने हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।
कौन हैं चावुंडी दैव
चावुंडी दैव तुलुनाडु की प्राचीन 'भूत कोला' परंपरा में पूजी जाने वाल एक उग्र रक्षक दैव हैं। मुख्यधारा के पौराणिक और वैदिक देवताओं से अलग, चावुंडी दैव की जड़ें लोककथाओं और आस्था की कहानियों में है। लोककथाओं में चावुंडी गुलिगा दैव की बहन हैं। माना जाता है कि जब समुदाय अपने पूर्वजों को दिए गए वादों से मुकरता है तब चावुंडी दैव हस्तक्षेप करती हैं।