शादी के 5 साल बाद टूटा एलविन शर्मा का घर, पति तुषान भिंडी से लेंगी तलाक
रणबीर कपूर के साथ फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' में नजर आई एक्ट्रेस एलविन शर्मा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। शादी के 5 साल बाद एलविन ने अपने पति तुषान भिंडी से अलग होने की घोषणा कर दी है। कपल ने साथ मिलकर बच्चों को पालने का फैसला किया है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एलविन और तुषान ने शादी के पांच साल बाद आपसी सहमति से अपने रास्ते अलग कर लिए हैं। एवलिन और तुषान के इस फैसले से उनके फैंस को गहरा झटका लगा है, लेकिन दोनों ने स्पष्ट किया है कि वे अपने बच्चों की बेहतर परवरिश के लिए हमेशा साथ रहेंगे।
एवलिन शर्मा ने एचटी सिटी के साथ बातचीत में बताया कि उन्होंने और तुषान ने अपने रोमांटिक रिश्ते को खत्म करने का निर्णय लिया है। एक्ट्रेस ने कहा, हां, हमने रोमांटिक रूप से अलग होने का फैसला किया है, लेकिन हम अपने बच्चों की परवरिश पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, हम प्राइवेसी की सराहना करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि यह अलगाव जितना हो सके उतना सौहार्दपूर्ण हो। हम इस नए अध्याय को आजीवन दोस्ती और को-पेरेंटिंग के आधार पर बना रहे हैं।
एवलिन शर्मा और तुषान भिंडी की मुलाकात साल 2018 में एक कॉमन फ्रेंड के माध्यम से हुई थी। एक-दूसरे के साथ कुछ समय बिताने के बाद दोनों ने शादी का फैसला किया। साल 2019 में तुषान भिंडी ने सिडनी हार्बर ब्रिज के सामने एक खूबसूरत यॉट पर एवलिन को रोमांटिक अंदाज में प्रपोज किया था। इसके बाद दोनों ने सगाई कर ली।
कोरोना महामारी के दौरान, साल 2021 में इस जोड़े ने ब्रिसबेन, ऑस्ट्रेलिया में बहुत ही सादगी भरे अंदाज में शादी की थी। उनकी शादी में परिवार के कुछ करीबी लोग ही शामिल हुए थे। शादी के बाद एवलिन ने बॉलीवुड और चकाचौंध की दुनिया से दूरी बना ली और ऑस्ट्रेलिया में अपने पति के साथ बस गईं।
एवलिन और तुषान दो बच्चों के माता-पिता हैं। नवंबर 2021 में उन्होंने अपनी पहली बेटी आवा रानिया भिंडी का स्वागत किया था। इसके बाद जुलाई 2023 में एवलिन ने एक बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम आर्डेन रखा गया। एवलिन अपने बच्चों के साथ बिताए गए पलों को सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं।
एवलिन शर्मा ने 2012 में फिल्म 'फ्रॉम सिडनी विद लव' से बॉलीवुड में कदम रखा था। उन्हें असली पहचान 2013 में रिलीज हुई रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' से मिली। इसके अलावा, उन्होंने यारियां, मैं तेरा हीरो, नौटंकी साला और साहो जैसी फिल्मों में भी काम किया।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें