'दृश्यम 3' के एंड क्रेडिट में पत्नी के लिए अभिषेक पाठक ने लिखा खास नोट, पढ़कर भावुक हुईं शिवालिका
अजय देवगन की थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम: द कन्कलूजन' ने महज 3 दिनों के भीतर ही कमाई के कई बड़े रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह सस्पेंस थ्रिलर शुरुआती 3 दिनों में ही भारत में 175 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। जिस रफ्तार से दर्शक थिएटरों का रुख कर रहे हैं, उसे देखकर यह साफ है कि फिल्म आसानी से 200 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी।
एंड क्रेडिट्स में पति का नोट देख थिएटर में रो पड़ीं शिवालिका
फिल्म की सफलता के बीच निर्देशक अभिषेक पाठक की पत्नी और मशहूर एक्ट्रेस शिवालिका ओबेरॉय ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक वीडियो शेयर किया है। शिवालिका हाल ही में 'दृश्यम 3' देखने थिएटर पहुंची थीं। फिल्म के खत्म होते ही जब स्क्रीन पर 'एंड क्रेडिट्स' चलने लगे, तो अभिषेक पाठक ने अपनी सफलता का श्रेय और शुक्रिया अपनी पत्नी शिवालिका को दिया था।
स्क्रीन पर अपने लिए धन्यवाद का संदेश देखकर शिवालिका अपने आंसुओं को रोक नहीं पाईं। उन्होंने इस खास पल का वीडियो इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ साझा किया। शिवालिका ने कैप्शन में लिखा, "जब मैंने इसे बड़े पर्दे पर देखा तो मेरी आंखों में आंसू आ गए। मुझे मिल रहे मैसेजेस से साफ है कि सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि हर कोई इस पल को बेहद खास मान रहा है।"
अभिषेक के संघर्ष और समर्पण को याद करते हुए शिवालिका ने एक दिल छू लेने वाला नोट लिखा। उन्होंने लिखा, जब तुमने इस सफर की शुरुआत की थी, तब जिंदगी में बहुत कुछ होने वाला था। कई कुर्बानियां दी गईं, मुश्किल दिन आए, एक-दूसरे से दूर रहना पड़ा और कई ऐसे पल भी आए जिन्होंने हमारी परीक्षा ली। लेकिन इन सबके बीच, मुझे हमेशा तुम पर, तुम्हारी सोच पर और जो तुम बना रहे थे उस पर पूरा भरोसा था।
उन्होंने आगे लिखा, आज जब पूरी दुनिया आपके बनाए इस मास्टरपीस का जश्न मना रही है, तो ऐसा लगता है कि हमारी हर एक कुर्बानी और मेहनत रंग लाई है। कभी-कभी मैं अपनी बेटी आरिका को देखती हूं और सोचती हूं कि जब उसे पता चलेगा कि उसके पिता ने 'दृश्यम' का निर्देशन किया था, तो उसे कितना गर्व होगा। आपकी पत्नी होने पर मुझे गर्व है।
अभिषेक पाठक और शिवालिका ओबेरॉय की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात साल 2020 में आई फिल्म 'खुदा हाफिज' के सेट पर हुई थी, जिसका निर्देशन अभिषेक ने किया था और शिवालिका इसमें मुख्य भूमिका में थीं।
काम के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फरवरी 2023 में दोनों ने गोवा में एक निजी समारोह में शादी रचा ली। इसी साल अप्रैल में दोनों के घर एक प्यारी सी बेटी का जन्म हुआ, जिसका नाम उन्होंने आरिका रखा है।

