क्रिकेट के ऐतिहासिक पल से बदलेगी लड़की की जिंदगी, फिल्म 'दूसरा' का ट्रेलर रिलीज, अनिल कपूर और रोहित शर्मा ने की तारीफ
भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सुनहरे और चर्चित पन्नों में शामिल 2002 का 'नैटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल' एक बार फिर सुर्खियां बटोर रहा है। निर्देशक अभिनय देव अपनी नई स्पोर्ट्स-ड्रामा फिल्म 'दूसरा' के साथ इस ऐतिहासिक पल को बड़े पर्दे पर जीवंत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
इस फिल्म का दमदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है, जिसकी बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर और भारतीय क्रिकेट स्टार रोहित शर्मा ने जमकर सराहना की है। यह फिल्म 23 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
फिल्म 'दूसरा' की कहानी केवल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की चमत्कारिक जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खेल की भावना को एक छोटे से गांव की लड़की के व्यक्तिगत संघर्ष से जोड़ती है। कहानी का केंद्र बिंदु लॉर्ड्स की ऐतिहासिक बालकनी पर तत्कालीन भारतीय कप्तान सौरव गांगुली का जर्सी उतारकर हवा में लहराने वाला पल है।
फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक रूढ़िवादी और सख्त पारिवारिक माहौल में सांस ले रही 'तारा' नाम की युवा लड़की टीवी पर गांगुली के इस बेखौफ अंदाज को देखती है। कप्तान का वह आक्रामक और निडर रूप तारा के भीतर सोई हुई हिम्मत को जगा देता है और उसे समाज के कड़े नियमों व पुरानी मान्यताओं के खिलाफ अपनी आवाज उठाने की प्रेरणा देता है।
फिल्म के ट्रेलर को देखने के बाद बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर ने निर्देशक अभिनय देव के काम की सराहना की। उस दौर को याद करते हुए अनिल कपूर ने कहा, मुझे फिल्म का ट्रेलर बेहद पसंद आया। अभिनय ने वास्तविक घटना और काल्पनिक कहानी को जिस सहजता के साथ एक धागे में पिरोया है, वह काबिले तारीफ है। मुझे आज भी 2002 के उस नैटवेस्ट सीरीज की जीत का रोमांच याद है। वह पल अभूतपूर्व था, जिसने पूरे देश और एक नई पीढ़ी को यह विश्वास दिलाया कि भारत दुनिया के किसी भी कोने में किसी भी टीम को हरा सकता है। मैं इस फिल्म को देखने के लिए बेहद उत्सुक हूँ।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी इस ट्रेलर पर अपनी प्रतिक्रिया दी और 2002 की उस ऐतिहासिक शाम से जुड़ी अपनी बचपन की यादें साझा कीं। उन्होंने कहा, जब भारत ने 2002 का नैटवेस्ट फाइनल जीता था, तब मैं महज 15 साल का था। क्या शानदार पल था वह! सिर्फ टीम की वापसी ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों का आत्मविश्वास देखने लायक था। फिल्म 'दूसरा' बहुत ही खूबसूरत तरीके से दर्शाती है कि वह पल सिर्फ एक मैच जीतने से कहीं ज्यादा क्यों महत्वपूर्ण था। ट्रेलर वाकई कमाल का है और मैं फिल्म देखने का इंतजार कर रहा हूँ।
निर्देशक अभिनय देव ने बताया फिल्म का मूल सार
'दिल्ली बेली' जैसी लोकप्रिय फिल्में बना चुके निर्देशक अभिनय देव के अनुसार, 'दूसरा' सिर्फ एक स्पोर्ट्स ड्रामा नहीं है, बल्कि यह आधुनिक भारत की 'वैचारिक आजादी' की कहानी है।
अभिनय देव ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, दूसरा मूल रूप से एक उभरते हुए देश और अपनी पहचान तलाशती एक युवा लड़की की प्रेरणादायक कहानी है। यह 1947 की राजनीतिक आजादी नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक आजादी का जश्न है। उस दिन लॉर्ड्स में सौरव गांगुली ने केवल अपनी जर्सी नहीं उतारी थी, बल्कि सदियों से चले आ रहे औपनिवेशिक दबाव और झिझक को उतार फेंका था। ठीक उसी समय, एक छोटे से शहर की लड़की ने यह साबित किया कि हम सभी के भीतर स्वतंत्र और स्वाभिमानी जीवन जीने की एक गहरी चाह छिपी होती है।
फिल्म में प्लाबिता बोरठाकुर,अंकुर विकल, समिधा गुरु, त्विशा सीमा और कृष्णा गोकानी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी अग्नेलो ऑस्विन डियास ने लिखी है। वहीं संगीत राम संपत ने दिया है। यह फिल्म 23 अक्टूबर को रिलीज होगी।

