महज 3 साल का करियर और 14 फिल्में, आज भी अनसुलझी पहेली है दिव्या भारती की मौत
भारतीय सिनेमा के आकाश पर कुछ सितारे ऐसे चमकते हैं जो बहुत कम समय के लिए आते हैं, लेकिन अपनी रोशनी से सदियों का सफर तय कर जाते हैं। ऐसी ही एक जादुई शख्सियत थीं— दिव्या भारती। आज 5 अप्रैल 2026 को उनकी पुण्यतिथि पर पूरा देश उस मासूम मुस्कान को याद कर रहा है, जिसने 90 के दशक में माधुरी दीक्षित और श्रीदेवी जैसी दिग्गज अभिनेत्रियों के सिंहासन को हिलाकर रख दिया था।
25 फरवरी 1974 को मुंबई में जन्मी दिव्या ने महज 16 साल की उम्र में अपना फिल्मी सफर शुरू किया। साल 1990 में उनकी पहली तेलुगु फिल्म 'बोबली राजा' सुपरहिट रही। दक्षिण भारत में मिली इस सफलता ने उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खोल दिए। 1992 में राजीव राय की फिल्म 'विश्वात्मा' से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा। इस फिल्म का गाना 'सात समंदर पार मैं तेरे पीछे-पीछे आ गई' आज भी हर पार्टी की जान है और दिव्या की पहचान बन चुका है।
साल 1992 को अगर बॉलीवुड के इतिहास में 'दिव्या भारती वर्ष' कहा जाए तो गलत नहीं होगा। एक ही साल में उनकी शोला और शबनम, दिल का क्या कसूर, दीवाना, बलवान और दिल आशना है जैसी फिल्में रिलीज हुईं। फिल्म 'दीवाना' के लिए उन्हें फिल्मफेयर का 'लक्स न्यू फेस ऑफ द ईयर' अवॉर्ड मिला।
1992 से 1993 के बीच दिव्या ने 14 फिल्मों में काम किया। आज की किसी भी न्यू कमर अभिनेत्री के लिए इतने कम समय में इतनी हिट फिल्में देना एक सपने जैसा है।
करियर के शिखर पर रहते हुए दिव्या ने अपनी निजी जिंदगी का एक बड़ा फैसला लिया। उन्होंने जाने-माने फिल्मकार साजिद नाडियाडवाला से गुपचुप तरीके से शादी कर ली। उस वक्त उनकी उम्र बेहद कम थी, लेकिन प्यार और करियर के बीच उन्होंने संतुलन बनाए रखा। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था।
शादी के महज एक साल बाद, 5 अप्रैल 1993 की रात ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया। पांचवीं मंजिल के अपार्टमेंट की बालकनी से गिरकर दिव्या की मौत हो गई। उनकी मौत एक हादसा थी, आत्महत्या या कोई साजिश? यह सवाल आज भी एक रहस्य बना हुआ है। उनकी मृत्यु के बाद रिलीज हुई फिल्म 'रंग' और 'शतरंज' बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रहीं, जो यह साबित करती हैं कि दर्शक उन्हें कितना प्यार करते थे।
लेखक के बारे में
WD Entertainment Desk
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें