1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. disha patani school days no attention to national crush journey

दिशा पाटनी को स्कूल में घास तक नहीं डालते थे लड़के, आज करती हैं करोड़ों दिलों पर राज

Disha Patani school life
बॉलीवुड की 'नेशनल क्रश' और अपनी बोल्ड अदाओं से इंटरनेट का तापमान बढ़ाने वाली दिशा पाटनी आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। इंस्टाग्राम पर उनकी एक तस्वीर आते ही लाखों लाइक्स आ जाते हैं, और फैंस उनकी फिटनेस और ग्लैमरस लुक के दीवाने हैं। 
 
लेकिन क्या आप यकीन करेंगे कि आज जिस हसीना को देखकर फैंस आहें भरते हैं, जिनकी तस्वीरें मोबाइलों का वॉलपेपर बनती हैं, उन्हें स्कूल के दिनों में लड़के मुड़कर देखते तक नहीं थे?
 
खुद दिशा पाटनी ने एक इंटरव्यू के दौरान अपनी जिंदगी के इस हैरान कर देने वाले राज से पर्दा उठाया था। आइए जानते हैं कि लाखों दिलों पर राज करने वाली दिशा का बचपन कैसा था और वह कैसे एक शांत रहने वाली लड़की से बॉलीवुड की सबसे हॉट एक्ट्रेसेस में से एक बन गईं।
आज भले ही दिशा पाटनी को बॉलीवुड की सबसे ग्लैमरस अभिनेत्रियों की लिस्ट में गिना जाता हो, लेकिन उनका बचपन इसके बिल्कुल उलट था। दिशा ने एक पुराने इंटरव्यू में खुलासा किया था कि वह बचपन में बेहद साधारण और टॉमबॉय जैसी दिखती थीं।
 
दिशा ने बताया था कि मेरे पिता ने मुझे एक लड़के की तरह पाल-पोसकर बड़ा किया। यही वजह थी कि नौवीं क्लास तक मेरे बाल लड़कों की तरह बेहद छोटे थे। मैंने दसवीं क्लास में आकर पहली बार अपने बाल बढ़ाने शुरू किए थे।
 
स्कूल के दिनों में दिशा का व्यक्तित्व आज के मुकाबले बिल्कुल अलग था। वह स्कूल में बेहद शांत रहने वाली लड़की थीं, जो अक्सर क्लास की आखिरी बेंच पर बैठना पसंद करती थीं। वह बहुत कम बोलती थीं और अपनी ही दुनिया में खोई रहती थीं। दिशा के मुताबिक, उस समय स्कूल में उन्हें कोई भी 'अट्रैक्टिव' या आकर्षक नहीं मानता था।
अक्सर माना जाता है कि खूबसूरत लड़कियों के आगे-पीछे लड़कों की लाइन लगी रहती है, लेकिन दिशा पाटनी के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं था। इंटरव्यू के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या लड़के उनके पीछे दीवाने थे? तो दिशा ने मुस्कुराते हुए एक चौंकाने वाला जवाब दिया।
 
दिशा ने कहा था कि उनकी पूरी जिंदगी में आज तक कोई भी लड़का उनके पास सीधे तौर पर यह कहने नहीं आया कि वह उन्हें 'हॉट' लग रही हैं। एक्ट्रेस के मुताबिक, मेरी असल जिंदगी में कभी किसी लड़के ने मेरे साथ फ्लर्ट करने की हिम्मत या कोशिश नहीं की। 
 
दिशा पाटनी की यह कहानी साबित करती है कि कड़ी मेहनत, खुद पर विश्वास और सही ग्रूमिंग से कोई भी अपनी तकदीर बदल सकता है। जो लड़की कभी स्कूल की आखिरी बेंच पर गुमनाम बैठी रहती थी, उसने साल 2016 में सुशांत सिंह राजपूत स्टारर फिल्म 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' से बॉलीवुड में कदम रखा। 
 
इसके बाद दिशा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने एक से बढ़कर एक कमर्शियल और एक्शन फिल्मों में काम किया, जिनमें बागी 2, मलंग, भारत, राधे और कल्कि 2898 एडी जैसी फिल्में शामिल है। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'जबान संभाल के' फेम दिग्गज एक्टर दिनयार तिरंदाज, 69 साल की उम्र में ली अंतिम सांस