500 लीटर पेट्रोल से हुआ असली ब्लास्ट, 'धुरंधर 2' के क्लाइमैक्स में आग के बीच चले रणवीर सिंह
बॉलीवुड में जब भी बड़े बजट और हाई-ऑक्टेन एक्शन फिल्मों की बात होगी, तो 'धुरंधर: द रिवेंज' का नाम सबसे ऊपर लिया जाएगा। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है, बल्कि अपने रियलिस्टिक एक्शन सीन्स के कारण भी चर्चा में है।
फिल्म के क्लाइमेक्स से जुड़ा एक बड़ा खुलासा हाल ही में सामने आया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है। फिल्म के SFX सुपरवाइजर विशाल त्यागी ने बताया कि फिल्म में इस्तेमाल किए गए सभी बड़े धमाके असली थे, यानी इसमें CGI का इस्तेमाल नहीं किया गया।
विशाल त्यागी ने बताया कि आदित्य धर ने साफ कहा था कि वह एक्सप्लोजन के लिए सीजीआई का इस्तेमाल नहीं करना चाहते। क्लाइमैक्स में दिखाया गया टैंकर ब्लास्ट सबसे मुश्किल और खतरनाक सीन था, जिसमें करीब 500 लीटर पेट्रोल का इस्तेमाल किया गया।
विशाल ने बताया यह सीन फिल्म का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा था। इस ब्लास्ट के दौरान सबसे बड़ी चिंता सुरक्षा को लेकर थी। सीन में रणवीर सिंह को आग के बेहद करीब चलना था। टीम ने पहले से ही सटीक मार्किंग की थी ताकि अभिनेता सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस धमाके को और प्रभावशाली बनाने के लिए करीब 25 किलो एक्सप्लोसिव्स भी टैंकर में डाले गए थे। इस सीन में शुरुआत में अर्जुन रामपाल भी मौजूद थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें शूट से पहले हटा लिया गया। यह फैसला इसलिए लिया गया ताकि किसी भी तरह का जोखिम कम किया जा सके।
जहां एक तरफ पूरी टीम तनाव में थी, वहीं रणवीर सिंह बेहद शांत नजर आए। इसका कारण था उनका टीम पर भरोसा और पूरी तैयारी के साथ दी गई ब्रीफिंग। ब्लास्ट के सफल होने के बाद रणवीर ने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने शानदार काम किया।
रियल लोकेशन और प्रोडक्शन प्रेशर
इस सीन के लिए सिर्फ पेट्रोल ही नहीं, बल्कि असली ट्रेन बेस और कंटेनर्स का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे सीन और ज्यादा वास्तविक लगा। शुरुआत में प्रोडक्शन टीम ने 250 लीटर पेट्रोल का सुझाव दिया था, लेकिन बेहतर विजुअल इफेक्ट के लिए इसे बढ़ाकर 500 लीटर किया गया।
'धुरंधर 2' एक स्पाई-एक्शन थ्रिलर है, जिसमें रणवीर सिंह एक इंटेंस अवतार में नजर आए। फिल्म में उनका किरदार जास्किरत सिंह रंगी से हमजा बनने तक की कहानी दिखाता है, जो एक बड़े आतंकी नेटवर्क को खत्म करने निकलता है। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई थी और रिलीज के बाद से ही यह लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें