1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. dhurandhar banned in pakistan illegal downloads controversy
Last Modified: गुरुवार, 18 दिसंबर 2025 (15:46 IST)

पाकिस्तान में बैन के बावजूद ‘धुरंधर’ की धूम, 12 दिनों में 20 लाख अवैध डाउनलोड, ISI के लिए बनी सिरदर्द

dhurandhar banned in pakistan illegal downloads controversy
फिल्म धुरंधर को पाकिस्तान और कुछ खाड़ी देशों में प्रतिबंध का सामना करना पड़ा है, लेकिन इसका असर फिल्म की लोकप्रियता पर उल्टा पड़ा है। आधिकारिक रोक के बावजूद पाकिस्तान में फिल्म को लेकर लोगों की जिज्ञासा लगातार बढ़ती जा रही है। सरकारी एजेंसियों के मुताबिक, यही उत्सुकता 12 दिनों के भीतर लगभग 20 लाख अवैध डाउनलोड की बड़ी वजह बनी है।
 
डिजिटल दुनिया में ISI की पकड़ कमजोर
यह फिल्म 1999 के कंधार विमान अपहरण, मुंबई 26/11 आतंकी हमलों और लयारी गैंगवार जैसे संवेदनशील मुद्दों को छूती है। इन्हीं विषयों के चलते पाकिस्तान सरकार और एजेंसी को फिल्म की कहानी आपत्तिजनक लगी। बताया जा रहा है कि फिल्म को पूरी तरह ब्लैकआउट करने की कोशिशें की गईं, लेकिन डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ISI का नियंत्रण पूरी तरह नाकाम साबित हुआ।
 
सबसे ज्यादा पायरेटेड फिल्म बनी ‘धुरंधर’
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान में यह अब तक की सबसे ज्यादा पायरेटेड भारतीय फिल्मों में शामिल हो चुकी है। अवैध डाउनलोड के मामले में इसने रईस जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। टेलीग्राम चैनल, VPN, अंडरग्राउंड स्ट्रीम्स और टॉरेंट्स के जरिए लोग इसे लगातार डाउनलोड कर रहे हैं।
 
मेकर्स को नुकसान, लेकिन संदेश पहुंचा
अनुमान है कि पाकिस्तान में बैन की वजह से फिल्म निर्माताओं को 50 से 60 करोड़ रुपये तक का संभावित नुकसान हुआ है। इसके बावजूद विशेषज्ञ मानते हैं कि फिल्म का संदेश पाकिस्तान के आम लोगों तक पहुंच चुका है, जिसे भारत के लिए एक मनोवैज्ञानिक बढ़त के रूप में देखा जा रहा है।
 
ल्यारी की छवि पर मचा विवाद
पाकिस्तान में खास तौर पर लयारी के चित्रण को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। इसी के जवाब में वहां की सरकार ने ‘मेरा ल्यारी’ नाम की फिल्म को तेजी से आगे बढ़ाने का फैसला किया है। सिंध के सूचना मंत्री शरजील इनाम मेमन ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि भारतीय सिनेमा पाकिस्तान के खिलाफ नकारात्मक प्रचार कर रहा है।
 
सोशल मीडिया पर मीम्स और बहस
दिलचस्प बात यह है कि जहां एक तरफ सरकारी स्तर पर नाराजगी है, वहीं आम लोग फिल्म के अभिनय और प्रस्तुतिकरण की तारीफ भी कर रहे हैं। पाकिस्तान में सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़े मीम्स और रील्स वायरल हो रहे हैं। वहीं ISI और ISPR से जुड़े अकाउंट्स छोटे क्लिप्स का इस्तेमाल कर भारत की कहानी को गलत साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।

 
कानूनी मोर्चे पर भी घमासान
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने कराची की अदालत में याचिका दायर कर फिल्म में बेनजीर भुट्टो की तस्वीरों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है। याचिका में फिल्म की कास्ट और क्रू के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
 
दमदार स्टारकास्ट बनी चर्चा की वजह
फिल्म में रणवीर सिंह ने भारतीय जासूस हमजा की भूमिका निभाई है, जो पाकिस्तान के लयारी इलाके में घुसकर आतंकी नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश करता है। उनके साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।
ये भी पढ़ें
2025 के टॉप न्यूजमेकर: रिकॉर्ड तोड़ हिट्स, वेलनेस की नई लहर और शानदार वापसी जिन्होंने इंडस्ट्री हिला दी