अजय देवगन की 'धमाल 4' नहीं तोड़ पाई 'टोटल धमाल' का ओपनिंग रिकॉर्ड, पहले दिन किया इतना कलेक्शन
अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी की सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म 'धमाल 4' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म को लेकर दर्शकों और समीक्षकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
वहीं अब फिल्म का ओपनिंग डे का कलेक्शन भी सामने आ गया है। फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर एक सधी हुई लेकिन औसत शुरुआत की है। 'धमाल 4' ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन अच्छा परफॉर्म किया, लेकिन ये 'धमाल फ्रैंचाइजी की पिछली फिल्म 'टोटल धमाल' को पछाड़ न सकी।
'धमाल 4' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 15.50 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा अजय देवगन की कुछ हालिया रिलीज फिल्मों के मुकाबले बेहतर माना जा रहा है, लेकिन फ्रेंचाइजी के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए यह कमाई उम्मीद से थोड़ी कम है।
'धमाल 4' अपनी ही पिछली फिल्म 'टोटल धमाल' (2019) के पहले दिन के रिकॉर्ड को तोड़ने में नाकाम रही, जिसने 16.5 करोड़ रुपए की ओपनिंग ली थी। इसके अलावा, हाल ही में रिलीज हुई एक और बड़ी कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' से भी यह पीछे छूट गई है, जिसने पेड प्रिव्यूज को मिलाकर 19 करोड़ रुपए की शानदार शुरुआत की थी।
'धमाल 4' की कहानी में मेकर्स ने एक बार फिर से पुराने फॉर्मूले को ही दोहराया है। साल 2007 में आई पहली 'धमाल' में जहां सभी किरदार गोवा के एक गार्डन में 'W' के नीचे दबे 10 करोड़ रुपए के खजाने को खोजने के लिए भागते नजर आए थे, वहीं इस बार पूरी स्टारकास्ट 'M' के नीचे छिपे खजाने की तलाश में जुटी है।

