प्रतिष्ठित कान फिल्म फेस्टिवल 2026 इस बार केवल फिल्मों और रेड कारपेट फैशन के लिए ही नहीं, बल्कि एक बेहद चौंकाने वाले विवाद के कारण भी अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में है। वेनेजुएला की मशहूर मॉडल और मिस वेनेजुएला ग्लोबल 2025 एंड्रिया डेल वाल (Andrea del Val) ने अपने सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट जियोवानी लागुना पर होटल के कमरे में मारपीट और जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के बाद यह पूरा मामला दुनिया भर में वायरल हो गया है। 29 साल की एंड्रिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनके चेहरे पर खून बहता दिख रहा है। वह काफी भावुक तथा डरी हुई नजर आ रही हैं।
वीडियो फ्रांस के एक लग्जरी होटल के कमरे के अंदर का है, जहां पूरा कमरा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है—फर्नीचर उलटा पड़ा है और सामान चारों तरफ फैला हुआ है। वीडियो में एंड्रिया रोते हुए कह रही हैं, 'देखो, यह वो है जो जियोवानी लगुना ने किया। बधाई हो जियोवानी, यही मैं चाहती थी कि तुम दिखा दो कि तुम कौन हो।'
वीडियो में स्टाइलिस्ट जिलोवानी लगुना को कमरे के एक कोने में बैठे देखा जा सकता है। खबरों के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब दोनों कान फिल्म फेस्टिवल से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस में थे। होटल में ठहरने वाले अन्य मेहमानों ने कमरे से तेज चीखने-चिल्लाने और मारपीट की आवाजें सुनीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मेहमानों ने तुरंत होटल स्टाफ और स्थानीय अधिकारियों को सूचित किया।
फ्रांसीसी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जियोवानी लागुना को हिरासत में ले लिया। स्पेनिश पत्रकार जोर्डी मार्टिन द्वारा जारी किए गए दृश्यों में पुलिस लागुना को हथकड़ी लगाकर होटल से बाहर ले जाती हुई दिखाई दे रही है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि कानूनी दांव-पेंच के चलते बाद में आरोपों की समीक्षा की जा रही है, लेकिन जांच अभी जारी है।
क्यों हुआ दोनों के बीच खूनी संघर्ष?
हमले के बाद एंड्रिया डेल वाल ने एक स्पेनी शो को दिए इंटरव्यू में रोते हुए इस पूरे विवाद की वजह का खुलासा किया। एंड्रिया के अनुसार, यह कोई अचानक हुआ झगड़ा नहीं था, बल्कि इसके पीछे पुरानी रंजिश और पैसों का विवाद था। एंड्रिया ने दावा किया कि एक पिछले ब्यूटी पेजेंट के दौरान जियोवानी ने उनसे जीत पक्की करने के बहाने मोटी रकम की मांग की थी। पैसे न देने पर लागुना ने उनके पूरे कॉन्टेस्ट को खराब करने की कोशिश की थी।
एंड्रिया पिछले चार साल से कान आ रही हैं। इस बार भी लागुना ने उनसे संपर्क किया, लेकिन वहां पहुंचकर वह उनके रूममेट्स से एंड्रिया की बुराई करने लगे और उनके रहने के इंतजाम में बाधा डालने लगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 मई को होटल के कमरे में कान इवेंट के टिकटों की डीलिंग और कमीशन को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
एंड्रिया डेल वाल को घटना के तुरंत बाद चिकित्सा सहायता दी गई और डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है। दूसरी ओर, जियोवानी लागुना लैटिन अमेरिकी फैशन और ब्यूटी वर्ल्ड का एक बहुत बड़ा नाम हैं। उन्होंने कई टॉप मॉडल्स और ब्यूटी क्वींस के साथ काम किया है। ऐसे में उनके द्वारा की गई इस कथित हिंसा ने पूरी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है।