शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मिर्च-मसाला
  4. Box Office, MS Dhoni- The Untold Story, Mahendra Singh Dhoni
Written By

बॉक्स ऑफिस... कैसा रहा 'एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी' का पहला दिन?

बॉक्स ऑफिस... कैसा रहा 'एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी' का पहला दिन? - Box Office, MS Dhoni- The Untold Story, Mahendra Singh Dhoni
महेंद्र सिंह धोनी कितने लोकप्रिय हैं इसका उदाहरण बॉक्स ऑफिस पर नजर आया। धोनी के जीवन पर आधारित फिल्म 'एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी' ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की। इसका श्रेय न हीरो सुशांत सिंह राजपूत को जाता है और न ही निर्देशक नीरज पांडे को, इसका श्रेय जाता है एमएस धोनी को। उनकी कहानी देखने के लिए दर्शक सिनेमाघरों में टूट पड़े। क्या मल्टीप्लेक्स और क्या सिंगल स्क्रीन, हर तरफ भीड़ ही भीड़। लंबे समय बाद 'हाउसफुल' के बोर्ड सिनेमाघरों में नजर आएं। ऐसी भीड़ सलमान खान की फिल्मों में नजर आती है।
 
 
मल्टीप्लेक्स में सुबह 9 बजे से ही शो शुरू कर दिए गए थे और इतनी सुबह होने के बावजूद शो फुल थे। दोपहर होते-होते भीड़ और बढ़ती गई। शाम और रात के शो में भी दर्शक की संख्या बहुत ज्यादा थी। 
फिल्म के पहले दिन के कलेक्शन लगभग 21.30 करोड़ रुपये रहे। छुट्टी न होने के बावजूद यह आंकड़ा आना बड़ी बात है। गौर करने लायक बात यह भी है कि फिल्म की लंबाई (190 मिनट) ज्यादा है इससे प्रतिदिन दिखाए जाने वाले शो की संख्या कम है।  शनिवार और रविवार को भी फिल्म के अधिकांश शो फुल हैं। वीकेंड 60 से 70 करोड़ रुपये तक जा सकता है। उम्मीद है कि सौ करोड़ का आंकड़ा यह फिल्म पहले सप्ताह में ही छू लेगी।

पहले दिन के कलेक्शन की बात की जाए तो इस वर्ष की रिलीज होने वाली फिल्मों में 'धोनी' का दूसरा नंबर है। पहले नंबर पर 'सुल्तान' (36.54 करोड़) है। तीसरे पर 'फैन' (19.20 करोड़ रुपये), चौथे पर हाउसफुल 3 (15.21 करोड़ रुपये) और पांचवे पर रुस्तम (14.11 करोड़ रुपये) है। 

'एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी' का बजट 104 करोड़ रुपये है। सैटेलाइट के अधिकार 55 करोड़ रुपये, संगीत अधिकार 5 करोड़ रुपये, विदेश में वितरण के अधिकार 10 करोड़ रुपये और अंतरराष्ट्रीय रिमेक अधिकार 10 करोड़ रुपये में बिके हैं। इसके अलावा फिल्म में दिखाए प्रोडक्ट्स से भी 20 करोड़ रुपये मिले हैं। यानी सौ करोड़ रुपये तो प्रदर्शित होने के पहले ही आ गए हैं। 
 
फिल्म ने पहले दिन से ही कमाई शुरू कर दी है और सुपरहिट होने के अवसर उजले हैं।