बॉलीवुड के इन एक्टर्स ने बॉक्सर बनकर अपने करियर को दिया नया पंच
सालों से बॉलीवुड, स्पोर्ट्स की दुनिया को संघर्ष, जुनून और हौसले से भरी कहानियों के जरिए दर्शकों के सामने पेश करता रहा है। इनमें विशेष रूप से बॉक्सिंग ड्रामा फिल्मों ने खास पहचान बनाई है। इन फिल्मों में एक्टर्स ने न सिर्फ दमदार परफॉर्मेंस दी, बल्कि अपने किरदारों के लिए जबरदस्त फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन भी किया।
कठिन ट्रेनिंग से लेकर इमोशनली पावरफुल अभिनय तक, कई सितारों ने बॉक्सर बनकर पर्दे पर अपनी एक अलग छाप छोड़ी। तो आइए नज़र डालते हैं उन बॉलीवुड सितारों पर जिन्होंने अपने बॉक्सिंग अवतार से दर्शकों का दिल जीत लिया।
सलमान खान – सुल्तान
शारीरिक रूप से 'सुल्तान' में सलमान खान ने अपने करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण परफॉर्मेंस में से एक दी थी। एक फाइटर की ताकत और जज़्बे से भरे किरदार को निभाने के लिए सलमान ने न सिर्फ जबरदस्त फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन किया था, बल्कि अपने किरदार में ताकत के साथ भावनात्मक गहराई भी जोड़ी थी, जिसने दर्शकों को काफी प्रभावित किया। यही वजह है कि आज भी 'सुल्तान' बॉलीवुड की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्मों में शामिल है।
फरहान अख्तर – तूफान
अपने किरदारों में पूरी तरह डूब जाने के लिए मशहूर फरहान अख्तर ने 'तूफान' में एक बॉक्सर के रूप में दर्शकों को प्रभावित किया था। कठिन बॉक्सिंग ट्रेनिंग से लेकर एक अंडरडॉग फाइटर की भावनात्मक यात्रा को पर्दे पर दिखाने तक, फरहान ने किरदार की आक्रामकता और संवेदनशीलता के बीच बेहतरीन संतुलन बनाया था। यही वजह है कि फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस प्रेरणादायक और बेहद वास्तविक लगी थी।
पुलकित सम्राट – ग्लोरी
अपनी हालिया रिलीज वेब सीरीज़ 'ग्लोरी' में पुलकित सम्राट ने अपने बिल्कुल नए अवतार से दर्शकों को चौंका दिया है। आम तौर पर कॉमिक और रोमांटिक भूमिकाओं के लिए पहचाने जाने वाले पुलकित ने पहली बार इंटेंस एक्शन स्पेस में कदम रखते हुए अपने किरदार के डार्क और इमोशनल पहलुओं को जिस तरह दमदार तरीके से पेश किया है, उससे दर्शक बेहद प्रभावित हो चुके हैं। सिर्फ यही नहीं, पुलकित के अभिनय के साथ उनका बॉक्सर फिजीक, फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन और इमोशन से भरपूर अभिनय इस सीरीज़ की सबसे बड़ी चर्चाओं में शामिल हो चुका है। कई लोग इसे उनके करियर का एक निर्णायक मोड़ भी मान रहे हैं।
विनीत कुमार सिंह – मुक्काबाज़
विनीत कुमार सिंह ने 'मुक्काबाज़' में अपने रॉ और दमदार अभिनय से खूब सराहना हासिल की। एक छोटे शहर के बॉक्सर के संघर्ष, सपनों और सामाजिक चुनौतियों को उन्होंने बेहद वास्तविक तरीके से पर्दे पर उतारा है। यही वजह है कि फिल्म को जहां उसकी रियलिस्टिक कहानी के लिए सराहा गया, वहीं विनीत की मेहनत और तैयारी ने आलोचकों का दिल जीत लिया।
प्रियंका चोपड़ा – मैरी कॉम
प्रियंका चोपड़ा ने 'मैरी कॉम' में ओलंपिक चैंपियन बॉक्सर मैरी कॉम का किरदार निभाकर खुद को एक बार फिर से साबित किया था। एक प्रोफेशनल बॉक्सर की बॉडी लैंग्वेज से लेकर उनके संघर्ष और जीत की भावनात्मक यात्रा को प्रियंका ने बेहद प्रभावशाली तरीके से निभाया है, वो आज भी उनके अभिनय की मिसाल पेश करती है। यही वजह है कि यह फिल्म आज भी बॉलीवुड की सबसे यादगार स्पोर्ट्स बायोपिक्स में गिनी जाती है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें