1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. bhumi pednekar reaction indias biggest flop the lady killer
Last Updated : शुक्रवार, 13 फ़रवरी 2026 (17:50 IST)

सिनेमा की सबसे बड़ी फ्लॉप पर भूमि पेडनेकर का खुलासा, बताया 35 प्रतिशत शूट ही नहीं हुई थी 'द लेडी किलर'

Bhumi Pednekar
बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर ने अपनी दमदार अदाकारी से इंडस्ट्री में एक अलग पहचान बनाई है। भूमि इन दिनों अपनी हालिया रिलीज सीरीज 'दलदल' को लेकर सुर्खियों में हैं। इसी बीच एक्ट्रेस ने अपने करियर यहां तक की इंडिया की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्म 'द लेडी किलर' को लेकर बात की है। 
 
अर्जुन कपूर और भूमि पेडनेकर की साल 2023 में आई फिल्म 'द लेडी किलर' बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई थी। मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में भूमि ने साझा किया कि जो फिल्म दर्शकों ने देखी, वह असल में पूरी ही नहीं थी। 
 
भूमि ने कहा, हमने जो स्क्रिप्ट पढ़ी थी वह पूरी थी, लेकिन उसका एक बड़ा हिस्सा कभी शूट ही नहीं किया गया। जो रिलीज हुआ, वह एक अधूरी फिल्म थी। मुझे उम्मीद है कि काश मुझे इसकी बेहतर समझ होती। शायद अगर मैं सिस्टम का हिस्सा होती, तो चीजें अलग तरीके से संभाल पाती।
 
भूमि ने आगे बताया कि वह इस फैसले से सदमे में थीं। उन्होंने कहा, मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है क्योंकि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। बाद में मुझे बताया गया कि फिल्म का बजट खत्म हो गया है और यह बहुत लंबी खिंच गई है। हम कलाकारों की इसमें कोई गलती नहीं थी, फिर भी इसका बोझ हमें ही झेलना पड़ा।
 

करियर खत्म होने का था डर

फिल्म की विफलता और उसके रिलीज के तरीके ने भूमि को मानसिक रूप से काफी प्रभावित किया। उन्होंने अपना दर्द साझा करते हुए कहा, यह मेरे जीवन का बहुत दिल दहला देने वाला समय था। मुझे लगा जैसे मैं खत्म हो गई हूं। मुझे नहीं पता था कि इस झटके से कैसे उबरना है।
 
गौरतलब है कि लगभग 45 करोड़ रुपए के बजट में बनी फिल्म 'द लेडी किलर' बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी थी। इस फिल्म ने महज 1 लाख रुपए के लगभग का कलेक्शन किया। फिल्म को ओटीटी पर भी खास रिस्पॉन्स नहीं मिला।