1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. bhabiji ghar par hain movie set major accident Aasif Sheikh and Ravi Kishan reveal
Last Modified: रविवार, 18 जनवरी 2026 (16:54 IST)

'भाबीजी घर पर हैं' मूवी के सेट पर हो गया था बड़ा हादसा, बाल-बाल बची आसिफ शेख और रवि किशन की जान

The film Bhabiji Ghar Par Hain
टीवी का पॉपुलर कॉमेडी शो 'भाबीजी घर पर हैं' जल्द ही फ्लिम के रूप में बड़े पर्दे पर धमाका मचाने वाली है। हाल ही में इस फिल्म का मजेदार ट्रेलर रिलीज हुआ है। 'भाबीजी घर पर हैं - फन ऑन द रन' के ग्रैंड ट्रेलर लॉन्च इवेंट में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट ने शिरकत की। 
 
इस दौरान एक्टर आसिफ शेख ने फिल्म के सेट पर हुई एक घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान सेट पर एक बड़ा हादसा हुआ था। इस हादसे में आसिफ शेख और रवि किशन की जान भी जा सकती थी। 
 
आसिफ शेख ने कहा, एक नई लोकेशन पर हमारा पहला दिन था। रवि और मैं एक दूसरे के बगल में बैठे कॉफी पी रहे थे। हमारे बीच थोड़ी ही जगह थी कि अचानक लगभग 12-13 फीट लंबा एक पेड़ हमारे बिल्कुल बीच में आ गिरा। अगर हममें से कोई भी उसे पेड़ के गिरने वाली जगह होता, तो हमारी चटनी बन जाती। हम पूरी तरह सन्न रह गए थे। 
 
आसिफ की बात को आगे बढ़ाते हुए रवि किशन ने कहा, उस पेड़ का वजन कम से कम 500 किलो रहा होगा। वह हमारे ठीक बीच में गिरा। जब वह गिरा, तो उसकी आवाज इतनी तेज थी कि पूरा सेट कांप गया। उस हादसे के दौरान मेरे कंधेपर खरोंच भी आई थी।  
 
फिल्म के प्रोड्यूसर संजय कोहली ने बताया कि इस घटना के बाद आधे घंटे तक सेट पर मौत जैसा सन्नाटा छा गया था। हर कोई डरा हुआ था। किसी के मुंह से शब्द नहीं निकल रहे थे। लेकिन रवि किशन की हिम्मत की दाद देनी होगी कि इलाज के तुरंत बाद वे वापस आए और कहा— 'चलो, शूटिंग शुरू करते हैं।'
 
बता दें कि फिल्म 'भाबीजी घर पर हैं' में शुभांगी अत्रे, विदिशा श्रीवास्तव, आसिफ शेख, रोहिताश्व गौड़, रवि किशन, मुकेश तिवारी और निरहुआ जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 6 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
ये भी पढ़ें
एआर रहमान के 'सांप्रदायिक भेदभाव' वाले बयान पर मचा बवाल, संगीतकार ने दी सफाई, बोले- भारत मेरा घर है...