'बंटवारा 1947' के पोस्टर पर मचा बवाल, कनिका कपूर को कियारा आडवाणी समझ बैठे फैंस, एक्ट्रेस ने दिया रिएक्शन
सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बटवारा 1947' अपनी आधिकारिक रिलीज से पहले ही चर्चाओं में हैं। हाल ही में जारी किए गए फिल्म के एक पोस्टर ने लोगों को चौंका दिया है। 30 जुलाई को मेकर्स ने अभिनेता करण देओल और अभिनेत्री कनिका कपूर का एक नया लुक पोस्टर फैंस के साथ शेयर किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का भूचाल आ गया।
पोस्टर सामने आते ही नेटिज़न्स हैरान रह गए। कारण था पोस्टर में नज़र आ रहीं कनिका कपूर का चेहरा, जो पहली ही नज़र में बॉलीवुड की स्टार अभिनेत्री कियारा आडवाणी से हूबहू मेल खा रहा था। पोस्टर में कनिका एक साधारण फ्लोरल सूट, हल्के भूरे रंग के दुपट्टे, बिना मेकअप वाले सादगी भरे लुक और बिखरे बालों में दिखाई दे रही हैं।
इस पोस्टर को देखने के बाद कई लोगों को लगा कि पोस्टर में दिख रही एक्ट्रेस कियारा आडवाणी हैं, जबकि कुछ लोगों को शक हुआ कि कहीं इस तस्वीर को बनाने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल तो नहीं किया गया, जिससे चेहरा पूरी तरह से बदल गया।
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, 'मुझे लगा क्रेडिट्स में कियारा आडवाणी का नाम क्यों नहीं है?' वहीं एक अन्य फैन ने लिखा- 'यह AI जनरेटेड पोस्टर है, इसीलिए चेहरा बदल गया। हमारी इंडस्ट्री कितनी बेपरवाह होती जा रही है, यह वाकई शर्मनाक है।'
विवाद पर कनिका कपूर की मज़ाकिया प्रतिक्रिया
जहां एक तरफ मेकर्स को AI के इस्तेमाल और लापरवाही के लिए आड़े हाथों लिया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ अभिनेत्री कनिका कपूर इस पूरी स्थिति को काफी सकारात्मक रूप से लेती दिख रही हैं। उन्होंने खुद की तुलना कियारा से किए जाने वाले कमेंट्स पर हंसने वाली इमोजी बनाकर रिएक्ट किया, जिससे साफ है कि वह इस पब्लिसिटी का आनंद ले रही हैं।
वैरायटी इंडिया से बात करते हुए कनिका ने कहा, मैं लोगों पर छोड़ती हूं कि वे तय करें कि मैं उन्हें कियारा जैसी लगती हूं या नहीं। मुझे मिले-जुले कमेंट्स मिल रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि पोस्टर में मैं उनकी तरह दिखती हूं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि मैं वैसी नहीं दिखती। मेी तुलना पहले भी कियारा से की जा चुकी है। इसलिए, अब मुझे इसकी आदत हो गई है।
कौन हैं कनिका कपूर?
दिल्ली की रहने वाली कनिका कपूर 'बंटवारा 1947' के जरिए अपना बड़ा बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। हालांकि, अभिनय की दुनिया में वह नई नहीं हैं। उन्होंने लोकप्रिय धारावाहिक 'एक दूजे के वास्ते 2' में सुमन तिवारी का मुख्य किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाई है। कनिका 'दोनों', 'मॉडर्न परिवार' और 'मर्डरबाद' जैसी चर्चित वेब सीरीज में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुकी हैं।
महज 18 साल की उम्र में मॉडलिंग शुरू करने वाली कनिका 'मिस मूड इंडिगो', 'फेमिना स्टाइल दिवा नॉर्थ' और 'मनापुरम मिस क्वीन ऑफ इंडिया' जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताएं जीत चुकी हैं।
राजकुमार संतोषी के निर्देशन और आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही यह विशाल बजट फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। यह फिल्म प्रसिद्ध साहित्यकार असगर वजाहत के कालजयी नाटक 'जिस लाहौर नई देख्या, ओ जम्या ही नई' (1989) पर आधारित है।

