आशा भोसले के अंतिम दर्शन में भावुक हुए सचिन तेंदुलकर, नम आंखों से दी विदाई
दिग्गज सिंगर आशा भोसले के निधन से इंडस्ट्री में शोक की लहर है। 12 अप्रैल 2026 को 92 वर्ष की आयु में उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। आशा भोसले का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के उनके आवास कासा ग्रैंड लोवर बिल्डिंग में रखा गया है।
आशा भोसले के अंतिम दर्शन करने कई फैंस और सेलेब्स उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी अपनी पत्नी अंजलि के संग मुंबई स्थित आवास पर पहुंचे। इस दौरान सचिन तेंदुलकर अपने आंसू नहीं रोक पाए। सचिन ने जैसे ही आशा ताई के पार्थिव शरीर के दर्शन किए, उनकी आंखें भर आईं।
सचिन तेंदुलकर आशा भोसले को अपनी मां के समान मानते थे। सचिन काफी समय तक परिवार के साथ बैठे रहे और बातचीत के दौरान कई बार अपने आंसू पोंछते दिखे। सचिन के लिए आशा भोसले केवल एक महान गायिका नहीं थीं, बल्कि परिवार के एक अभिन्न सदस्य की तरह थीं।
सचिन तेंदुलकर और आशा भोसले का रिश्ता दशकों पुराना और गहरा था। दिलचस्प बात यह है कि सचिन के पिता ने उनका नाम महान संगीतकार सचिन देव बर्मन के नाम पर रखा था, जो रिश्ते में आशा भोसले के ससुर लगते थे। यह महज संयोग नहीं, बल्कि संगीत और क्रिकेट के दो महान परिवारों के बीच जुड़ाव की एक डोर थी।
आशा जी अक्सर सचिन की विनम्रता की तारीफ करती थीं और उन्हें अपने बेटे जैसा मानती थीं। आशा भोसले को आखिरी बार सार्वजनिक रूप से 5 मार्च 2026 को सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन की शादी के रिसेप्शन में देखा गया थश। 92 साल की उम्र में भी उन्होंने अपनी थकान को पीछे छोड़ते हुए नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया था।
आशा भोसले ने 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने गाए थे। कैबरे हो, गजल हो या शास्त्रीय संगीत, उन्होंने हर विधा में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उन्हें पद्म विभूषण और दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उनका नाम दुनिया में सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाली कलाकार के रूप में 'गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में भी दर्ज है।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन....
और पढ़ें