अरिजीत सिंह की पहली शादी रही असफल, तलाकशुदा बचपन की दोस्त संग रचाई दूसरी शादी, कैसी है सिंगर की पर्सनल लाइफ?
अरिजीत सिंह के अचानक प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने से हर कोई शॉक्ड है। अरिजीत सिंह ने अपने करियर में कई सुपरहिट गाने गाए हैं। अरिजीत के पास कई प्रोजेक्ट्स लाइनअप है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वह फिल्मों के लिए बतौर प्लेबैक सिंगर कोई नया काम नहीं करेंगे।
अरिजीत सिंह का जन्म 25 अप्रैल 1987 को पश्चिम बंगाल के जियागंज में हुआ। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' से की। हालांकि उर्न्हें असली पहचान साल 2013 में रिलीज 'आशिकी 2' के गाने 'तुम ही हो' से मिली। इस गाने के बाद वह रातोंरात देश के सबसे पसंदीदा प्लेबैक सिंगर बन गए।
सिंगिंग के अलावा अरिजीत सिंह की पर्सनल लाइफ भी काफी सुर्खियों में रही है। हालांकि वह अपनी पर्सनल लाइफ को निजी रखना ही पसंद करते हैं। अरिजीत हमेशा अपनी निजी जिंदगी को कैमरों की चकाचौंध से दूर रखते हैं। उनके पंजाबी पिता और बंगाली मां एक ऐसे परिवार का हिस्सा थे जो भारतीय शास्त्रीय संगीत में प्रशिक्षित थे।
पूरा परिवार संगीत से जुड़ा
अरिजीत सिंह का पूरा घर ही संगीत से जुड़ा रहा है। उनकी दादी गाती थीं, मामा तबला बजाते थे, मां और मौसी भी संगीत से जुड़ी थी। बचपन से ही अरिजीत के घर क्लासिकल, रवींद्र संगीत और पॉप का माहौल था।
अरिजीत ने रचाई दो शादी
अरिजीत सिंह की पहली शादी के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। बताया जाता है कि अरिजीत की पहली शादी रूपरेखा बनर्जी संग जल्दबाजी में हुई थी। दोनों की पहली मुलाकात रियलिटी शो गुरुकुल में हुई थी। दोनों ने 2013 में शादी रचा ली। हालांकि कुछ समय बाद ही दोनों ने तलाक ले लिया और अपने-अपने जीवन में आगे बढ़ गए।
'तुम ही हो' से लोकप्रियता मिलने के बाद अरिजीत ने दूसरी बार शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया। 2014 में, अरिजीत ने अपनी बचपन की दोस्त कोयल रॉय से पश्चिम बंगाल के तारापीठ मंदिर में शादी की। शादी में केवल उनके करीबी दोस्त और परिवार शामिल हुए थे।
अरिजीत की तरह ही कोयल रॉय भी तलाकशुदा थीं। कोयल की पहली शादी से एक बेटी हैं। अरिजीत और कोयल के दो बेटे है। अरिजीत अपनी पत्नी और तीनों बच्चों के साथ हैप्पी लाइफ जी रहे हैं।