1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. anupam kher first look as ashok singhal revealed in shri rambhoomi movie

बड़े पर्दे पर दिखेगा राम मंदिर आंदोलन का इतिहास, फिल्म में अनुपम खेर बनेंगे अशोक सिंघल, शेयर किया फर्स्ट लुक

Shri Rambhoomi Movie
लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में आकार ले चुके भव्य राम मंदिर की गाथा अब बड़े पर्दे पर उतरने के लिए तैयार है। राम जन्मभूमि आंदोलन और इसके उतार-चढ़ाव पर बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म 'श्री रामभूमि' की शूटिंग चल रही है। वहीं अब इस फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। 
 
दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपने किरदार का खुलासा कर दिया है। अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर अपना पहला लुक शेयर करते हुए कंफर्म किया कि वह फिल्म में विश्व हिंदू परिषद (VHP) के दिवंगत दिग्गज नेता और राम मंदिर आंदोलन के मुख्य रणनीतिकार अशोक सिंघल का किरदार निभा रहे हैं।
अयोध्या में फिल्म की शूटिंग शुरू करने से पहले 71 वर्षीय अनुपम खेर ने रामलला और हनुमान गढ़ी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपने किरदार का फर्स्ट लुक साझा किया, जो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
 
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से मीडिया और सेट से अनुपम खेर की कुछ तस्वीरें लीक हो रही थीं, जिसके बाद उनके किरदार को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। अनुपम खेर ने खुद सामने आकर तस्वीरें पोस्ट कीं। सफेद कुर्ता-पायजामा, गले में पारंपरिक अंगोछा, चेहरे पर चश्मा और माथे पर लाल-सफेद तिलक लगाए अनुपम खेर हूबहू स्वर्गीय अशोक सिंघल जैसे नजर आ रहे हैं।
 
किरदार की गंभीरता को साझा करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, अब जबकि मेरे द्वारा निभाए जा रहे किरदार की कुछ तस्वीरें मीडिया में आ चुकी हैं, तो मुझे लगा कि आप सबको मैं खुद ही बता दूँ कि मैं किस भूमिका में नज़र आने वाला हूँ। फ़िल्म ‘श्री रामभूमि’ में मैं श्री अशोक सिंघल जी की भूमिका निभा रहा हूँ!! 
 
उन्होंने आगे लिखा, एक ऐसे व्यक्तित्व, जिन्होंने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को अपनी पूरी निष्ठा, दृढ़ संकल्प और समर्पण से दिशा दी। वे केवल एक नेता नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के अनन्य सेवक थे। उनकी आस्था, उनकी संवेदनशीलता और उनके अटूट विश्वास ने इस आंदोलन को एक नई ऊर्जा दी। 
 
अनुपम खेर ने लिखा, इतिहास के ऐसे व्यक्तित्व को पर्दे पर ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जीवंत करना मेरे लिए एक बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है। मैं पूरी निष्ठा से अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूँगा। आप सबके आशीर्वाद और शुभकामनाओं की आवश्यकता रहेगी। जय श्री राम! 
इंजीनियरिंग से हिंदुत्व के 'पुरोधा' बनने का सफर
अशोक सिंघल का जीवन बेहद दिलचस्प और बहुआयामी रहा है, जिसे फिल्म में प्रमुखता से दिखाया जा सकता है। आंदोलन के उग्र चेहरे के रूप में पहचाने जाने वाले सिंघल असल जिंदगी में बेहद शिक्षित और कलाप्रेमी थे। उन्होंने IIT (BHU) से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग की डिग्री ली थी।
 
इंजीनियरिंग के दौरान ही उन्होंने पंडित ओंकारनाथ ठाकुर से दीक्षा लेकर बकायदा हिंदुत्व और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग ली थी। पढ़ाई के बाद अशोक सिंघल आरएसएस के पूर्णकालिक प्रचारक बन गए। साल 1980 में उन्हें वीएचपी में भेजा गया, जहाँ 1980 के दशक के उत्तरार्ध से लेकर 2011 तक वह इसके अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे।
 
1984 में दिल्ली के विज्ञान भवन में वीएचपी की पहली 'धर्म संसद' आयोजित करने का श्रेय सिंघल को ही जाता है। इसी आयोजन के बाद राम जन्मभूमि आंदोलन ने देशव्यापी रूप लिया था। मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर वह इस हद तक अडिग थे कि उन्होंने 'आमरण अनशन' शुरू कर दिया था, जिसके बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के आदेश पर उन्हें जबरन लिक्विड डाइट देनी पड़ी थी। साल 2015 में उनका निधन हो गया।
 
फिल्म 'श्री रामभूमि' का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह कर रहे हैं, जिन्होंने हाल ही में चर्चित फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' और 'भोर' (2018) जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। यह फिल्म ज़ी5 (Z5) के सहयोग से बन रही है। फिल्म में अनुपम खेर के अलावा ऋत्विक भौमिक और अमृता खानविलकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
'रामायणम्' का मेगा स्कूल कैंपेन शुरू, 400 से ज्यादा स्कूलों में नई पीढ़ी से जुड़ रही है महागाथा