क्या सच में अस्पताल में भर्ती थे अमिताभ बच्चन? नए ब्लॉग में बताई पूरी सच्चाई
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने बीते दिन एक ब्लॉग पोस्ट किया था, जिसके बाद से उनके फैंस काफी चिंतित थे। इस ब्लॉग में अमिताभ ने अस्पताल, सर्जरी, आईसीयू और इलाज के बाद घर लौटने के मुश्किल दौर का जिक्र किया था। इसके बाद से फैंस फैंस उनकी सेहत को लेकर काफी चिंतित हो गए थे।
कयास लगाए जाने लगे थे कि शायद 81 वर्षीय अमिताभ बच्चन की तबीयत बिगड़ गई है और वह अस्पताल में भर्ती थे या उनकी कोई सर्जरी हुई है। हालांकि, अब खुद अमिताभ बच्चन ने इन सभी अटकलों पर पूर्णविराम लगा दिया है। उन्होंने अपने नए ब्लॉग पोस्ट के जरिए साफ कर दिया है कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें किसी अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया है।
"मैं बिल्कुल ठीक हूं"– अमिताभ बच्चन ने किया साफ
प्रशंसकों की बढ़ती चिंता को देखते हुए अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर लिखा, मैं बिल्कुल ठीक हूं। मेरे पिछले पोस्ट को गलत समझ लिया गया। मैं तो बस एक उदाहरण दे रहा था कि सर्जरी या आईसीयू के बाद का समय सबसे मुश्किल होता है— जब आप घर वापस आते हैं और अपनी खराब हालत से जूझते हैं।
उन्होंने आगे स्थिति को स्पष्ट करते हुए लिखा कि जब कोई चैंपियन हारता है, तो उसके लिए सबसे कठिन समय उस हार के बाद खुद को संभालना होता है। बिग बी ने खुलासा किया कि उनका पिछला पोस्ट फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी और अर्जेंटीना की हार के संदर्भ में था।
अमिताभ ने लिखा, लोगों ने मान लिया कि यह संदर्भ मेरे बारे में था— जो कि पूरी तरह से गलत था। हर चैंपियन को यह समझना होगा कि समय के साथ कोई दूसरा चैंपियन जरूर आएगा।
बिग बी ने जीवन के इस गहरे दर्शन को समझाते हुए आगे लिखा कि जब कोई इंसान अस्पताल जाता है, तो डॉक्टर उसकी बीमारी का इलाज कर देते हैं। लेकिन इलाज या सर्जरी के बाद शरीर पहले जैसा सहज नहीं रहता, और उसके साथ तालमेल बिठाना सबसे कठिन दौर होता है। ठीक इसी तरह, जब कोई खेल का महानायक अपनी बादशाहत खोता है, तो उसके लिए इस नई सच्चाई को स्वीकार करना शारीरिक और मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता है।
उन्होंने लिखा, "एक चैंपियन अपनी गिरी हुई हालत से भी उठ सकता है और दोबारा चैंपियन बनने के लिए लड़ाई लड़ सकता है। जिंदगी में सीखने के लिए अनगिनत सबक हैं— प्यार, सम्मान और भी बहुत कुछ।"
आखिर किस पोस्ट से शुरू हुआ था भ्रम?
पूरे विवाद की शुरुआत बिग बी के उस रहस्यमयी पोस्ट से हुई थी जिसमें उन्होंने लिखा था कि "...सर्जरी के लिए अस्पताल में होना और आईसीयू में डॉक्टरों की देखरेख में रहना... फिर डिस्चार्ज और घर वापसी। यह घर वापसी का समय शारीरिक, मानसिक और व्यावहारिक रूप से सबसे कठिन दौर होता है। आप एक सम्मानित चैंपियन हैं और एक दिन हार आपके सामने खड़ी होती है।"
'कौन बनेगा करोड़पति' से वापसी को तैयार हैं 'शंहशाह'
अब जब अमिताभ बच्चन ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पूरी तरह से ठीक हैं, तो उनके करोड़ों फैंस ने राहत की सांस ली है। वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन एक बार फिर टीवी के सबसे चर्चित और लोकप्रिय गेम शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के नए सीजन के साथ छोटे पर्दे पर वापसी करने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसके अलावा वह कई बड़े बॉलीवुड और पैन-इंडिया प्रोजेक्ट्स में भी नजर आने वाले हैं।

