'ICU... सर्जरी... फिर घर वापसी' अमिताभ बच्चन की रहस्यमयी पोस्ट से मचा हड़कंप, आखिर क्या कहना चाहते हैं बिग बी?
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की एक ब्लॉग पोस्ट ने उनके करोड़ों फैंस की चिंता बढ़ा दी है। 83 वर्षीय अभिनेता ने अपने ब्लॉग में अस्पताल, सर्जरी, ICU और इलाज के बाद घर लौटने के सबसे मुश्किल दौर का जिक्र किया। हालांकि उन्होंने कहीं भी साफ नहीं किया कि वह अपनी सेहत के बारे में बात कर रहे हैं या जीवन के किसी अनुभव को साझा कर रहे हैं। यही वजह है कि उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनकी हेल्थ को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
अस्पताल से घर लौटने का सबसे कठिन दौर बताया
अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने लिखा कि अस्पताल में सर्जरी, ICU और डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के बाद जब मरीज घर लौटता है, तब असली परीक्षा शुरू होती है। उनके मुताबिक, यह समय शारीरिक, मानसिक और व्यवहारिक रूप से सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने लिखा कि एक समय जिस व्यक्ति को लोग चैंपियन मानते हैं, उसी के सामने एक दिन हार जैसी स्थिति खड़ी हो जाती है और जिंदगी का यही सबसे कठिन दौर होता है।
उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग इस मुश्किल समय का डटकर सामना करते हैं और हमेशा चैंपियन बने रहते हैं, जबकि कुछ लोग अतीत की उपलब्धियों के सहारे जीवन बिताना स्वीकार कर लेते हैं। अमिताभ बच्चन ने लिखा कि दोनों ही रास्ते व्यक्ति की अपनी पसंद होते हैं और इनमें कुछ भी गलत नहीं है। अंत में उन्होंने सभी के स्वस्थ और खुश रहने की कामना भी की।
एक और पोस्ट ने बढ़ाया सस्पेंस
ब्लॉग पोस्ट के अगले ही दिन अमिताभ बच्चन ने एक्स पर एक छोटा लेकिन रहस्यमयी संदेश लिखा। उन्होंने कहा, "खेल खत्म हो गया! लेकिन काम अभी भी जारी है।" इस पोस्ट में भी उन्होंने किसी बात का खुलासा नहीं किया। ऐसे में फैंस के बीच उनकी सेहत को लेकर उत्सुकता और चिंता दोनों बढ़ गई हैं।
पहले भी सामने आई थीं अस्पताल जाने की खबरें
इसी साल मई में भी ऐसी खबरें आई थीं कि अमिताभ बच्चन अस्पताल में भर्ती हुए हैं। हालांकि बाद में रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यह खबर सही नहीं थी। बताया गया कि वह केवल अपने नियमित मासिक हेल्थ चेकअप के लिए नानावटी अस्पताल गए थे और उसी दिन घर लौट आए थे।
जल्द लौटेंगे 'कौन बनेगा करोड़पति' के नए सीजन में
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन आखिरी बार फिल्म 'कल्कि 2898 एडी' में नजर आए थे। अब वह जल्द ही लोकप्रिय टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के नए सीजन के साथ दर्शकों के बीच वापसी करने की तैयारी में हैं। ऐसे में उनके फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि महानायक पूरी तरह स्वस्थ हैं और जल्द ही एक बार फिर अपने अंदाज में स्क्रीन पर दिखाई देंगे।

