अंतरराष्ट्रीय मंच पर जब भी फैशन और भारतीय सिनेमा के अनूठे संगम की बात होती है, तो सबसे पहला नाम ऐश्वर्या राय बच्चन का आता है। वैश्विक ब्रांड लोरियल पेरिस की ग्लोबल एंबेसडर के रूप में पिछले दो दशकों से अधिक समय से कान फिल्म फेस्टिवल की रौनक बढ़ा रहीं ऐश्वर्या राय ने एक बार फिर रेड कारपेट पर कदम रखते ही सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इंटरनेट पर पिछले कई दिनों से कान में अपनी पस्थिति को लेकर चल रही सभी अटकलों और कयासों को विराम देते हुए, ऐश्वर्या ने इस बार अपने अनूठे फैशन चॉइस से इतिहास रच दिया। कान के प्रतिष्ठित रेड कारपेट पर ऐश्वर्या राय बच्चन ने भारतीय फैशन की ताकत का लोहा मनवाया।
ऐश्वर्या ने मशहूर भारतीय डिजाइनर अमित अग्रवाल द्वारा तैयार किया गया एक डीप सफायर ब्लू स्कल्प्चर गाउन पहना, जिसका नाम 'लुमिनाइरा' रखा गया। यह आउटफिट 'लाइट इन मोशन' की अवधारणा पर आधारित था, जो प्रकाश को ऊर्जा, गति और शक्ति के रूप में प्रदर्शित करता है।
ऐश्वर्या के गाउन की सबसे बड़ी खासियत इसकी बारीक कारीगरी थी। डिजाइनर के अनुसार, इस गाउन पर की गई जटिल 'क्रिस्टल वेन' एम्ब्रॉयडरी को तैयार करने में 1,500 से अधिक घंटों का समय लगा। बायोमिमिक्री और थ्री-डी स्कल्प्चर डिज़ाइन से प्रेरित यह गाउन ऐश्वर्या के लुक को बेहद रॉयल और बोल्ड बना रहा था।
उन्होंने अपने इस शानदार लुक को सॉफ्ट लूज कर्ल्स, लाइट मेकअप, बोल्ड लिपस्टिक और नीले पत्थरों से जड़ी डायमंड ज्वेलरी के साथ पूरा किया। रेड कारपेट पर फोटोग्राफर्स को देखते ही ऐश्वर्या ने अपने सदाबहार अंदाज में दोनों हाथ जोड़कर 'नमस्ते' किया, जिसने वैश्विक मंच पर एक बार फिर भारतीय संस्कृति का मान बढ़ाया।
ऐश्वर्या राय ने रेड कारपेट पर अपनी सह-एंबेसडर और हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री ईवा लोंगोरिया के साथ पोज़ दिए। दोनों स्टार्स पाल्मे डी'ओर की दावेदार फिल्म "द बर्थडे पार्टी" की स्क्रीनिंग में शामिल होने पहुंचे थे, जिसमें मोनिका बेलुची मुख्य भूमिका में हैं। ईवा और ऐश्वर्या की सालों पुरानी दोस्ती और रेड कारपेट केमिस्ट्री ने एक बार फिर वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया।
रेड कारपेट पर धमाका करने के बाद, शाम को ऐश्वर्या राय बच्चन लोरियल के विशेष "लाइट्स ऑन वूमेंस वर्थ" इवेंट में शामिल हुईं। इस इवेंट के लिए उन्होंने अपनी ड्रेस बदली और सोफी कॉउचर का डिज़ाइन किया हुआ पेस्टल पिंक गाउन चुना। फ्लोरल डिटेलिंग और पीछे लहराते हुए शीयर केप वाले इस गाउन में वह किसी परी जैसी लग रही थीं।
ऐश्वर्या की कान में एंट्री इस बार बेहद सस्पेंस भरी रही। 10 मई को जब लोरियल पेरिस ने एक प्रमोशनल वीडियो जारी किया, तो उसमें आलिया भट्ट, वियोला डेविस, ईवा लोंगोरिया और हेलेन मिरेन जैसी हस्तियां तो दिखीं, लेकिन ऐश्वर्या कहीं नजर नहीं आईं। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार ब्रांड से सवाल पूछ रहे थे कि "ऐश्वर्या कहां हैं?"