एक्ट्रेस अदिति शर्मा ने पति और ससुराल वालों पर दर्ज कराई FIR, लगाया घरेलू हिंसा का गंभीर आरोप
फेमस टीवी एक्ट्रेस अदिति शर्मा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में आ गई हैं। 'अपोलीना - सपनों की ऊंची उड़ान', 'रब से है दुआ' और 'कलीरें' जैसे लोकप्रिय शो में अपनी अदाकारी का जादू चलाने वाली अदिति शर्मा ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा और उत्पीड़न का गंभीर मामला दर्ज कराया है।
मुंबई के गोरेगांव पुलिस स्टेशन में अदिति की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अदिति शर्मा ने अपनी शिकायत में पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक, सास उर्मिला कौशिक और ननद कीर्ति कौशिक को नामजद किया है।
एक्ट्रेस का आरोप है कि शादी के बाद से ही उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। अदिति ने अपने पति और उनके परिवार पर मारपीट, गाली-गलौज, उनके चरित्र पर झूठे सवाल उठाने और शादी में मिले कीमती गहनों को हड़पने का सीधा आरोप लगाया है।
ऑनलाइन क्लास से शुरू हुई थी लव स्टोरी
अदिति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी और अभिनीत की पहली मुलाकात जून 2021 में एक ऑनलाइन एक्टिंग क्लास के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों के परिवारों की सहमति मिलने के बाद 12 नवंबर 2024 को वे शादी के बंधन में बंध गए।
शादी से पहले, सितंबर 2024 से ही दोनों गोरेगांव वेस्ट स्थित एक अपार्टमेंट में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। हालांकि, अदिति के मुताबिक, शादी के महज कुछ ही दिनों बाद उनके पति का व्यवहार पूरी तरह बदल गया।
छोटी-मोटी बातों पर झगड़ा और पैसों की मांग
अदिति शर्मा ने अपनी शिकायत में दावा किया कि शादी के तुरंत बाद उनके कपड़ों और अन्य छोटी-मोटी बातों को लेकर अक्सर उनके साथ झगड़े किए जाने लगे। उनका यह भी कहना है कि घर के रोजमर्रा के खर्चों में सहयोग करने के बजाय उनके पति अक्सर उनसे पैसों की मांग करते थे।
स्थिति तब और ज्यादा बिगड़ गई जब 1 जनवरी 2025 को महज एक कप कॉफी को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते यह बहस गाली-गलौज और तीखी झड़प में बदल गई। एक्ट्रेस का आरोप है कि इस घटना के बाद उनके पति उन पर अफेयर का झूठा शक करने लगे, बार-बार उनका मोबाइल फोन चेक करते थे और उनके माता-पिता से बात करने पर भी पाबंदी लगा दी गई। नौबत यहां तक आ गई कि उनके पति ने अलग कमरे में सोना शुरू कर दिया।
शादी के गहने हड़पने का भी आरोप
अदिति शर्मा ने अपनी शिकायत में सास उर्मिला कौशिक पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के समय मिले सोने की चेन, अंगूठियां, हीरे की अंगूठी, मंगलसूत्र और चूड़ियां जैसी तमाम कीमती चीजें उनकी सास ने अपने पास रख ली थीं। बार-बार मांगने और गुहार लगाने के बावजूद ये गहने उन्हें वापस नहीं लौटाए गए। एक्ट्रेस का कहना है कि जब भी उन्होंने इस वैवाहिक विवाद को सुलझाने की कोशिश की, तो उनकी सास और ननद ने पति का पक्ष लिया और मानसिक प्रताड़ना को बढ़ावा दिया।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब अदिति की पर्सनल लाइफ में ऐसा मोड़ आया हो। इससे पहले मार्च 2025 में भी अदिति शर्मा ने पति पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे। इस नई FIR के बाद गोरेगांव पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। हालांकि, इस पूरे मामले पर फिलहाल पति अभिनीत विद्यानंद कौशिक या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

