1990 के दशक में अपनी पहली ही फिल्म 'आशिकी' से रातों-रात स्टार बनने वाले अभिनेता राहुल रॉय इन दिनों सोशल मीडिया पर फिर से सुर्खियों में छाए हुए हैं। हाल ही में, कंटेंट क्रिएटर डॉ. वनिता घडगे डी के साथ उनकी कुछ रील्स इंस्टाग्राम पर वायरल हुईं।
इन रील्स में राहुल को डॉ.वनिता के साथ उनके पुराने और लोकप्रिय रोमांटिक गानों पर डांस करते हुए देखा गया। इन वीडियोज के सामने आने के बाद फैंस की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। जहां कुछ पुराने फैंस उन्हें देखकर काफी भावुक हुए और खुशी जताई, वहीं सोशल मीडिया के एक बड़े वर्ग ने इस पर कड़ी आपत्ति भी जताई।
कुछ लोगों ने इसे अजीब बताते हुए उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या अभिनेता किसी दबाव या मजबूरी में ये वीडियो बना रहे हैं। कई यूजर्स कह रहे हैं कि 'ऐसे क्या मजबूरी थी जो ये सब करना पड़ा?'
सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना और ट्रोलिंग को देखते हुए राहुल रॉय ने चुप्पी तोड़ते हुए एक सीधा और भावुक नोट साझा किया। उन्होंने लिखा कि जो लोग उनकी सादगी और संघर्ष का मजाक उड़ा रहे हैं, वे असल में अपनी ही मानसिकता का परिचय दे रहे हैं।
राहुल ने अपनी आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए खुलासा किया कि वे लंबे समय से कानूनी मामलों से जूझ रहे हैं और उन्हें काफी खर्च करना पड़ रहा है। ये मामले उनके 2020 के ब्रेन स्ट्रोक से भी पहले के हैं।
ट्रोल्स को मुंहतोड़ जवाब देते हुए राहुल ने लिखा, मैं अपना काम ईमानदारी और विनम्रता के साथ करता हूं। मुझे कुछ लीगल मामलों के लिए पैसे देने हैं, और ये मामले आज से नहीं, ब्रेन स्ट्रोक से पहले के हैं। अगर आप मेरी सादगी का मजाक उड़ा रहे हैं या मेरे संघर्ष पर हंस रहे हैं, तो ये मेरे बारे में कम और आपके बारे में ज्यादा कहता हैं।
राहुल ने लिखा, अगर आपको सच में मेरी इतनी ही चिंता है, तो मुझे कोई अच्छा और सम्मानित काम दिलाने में मदद करें ताकि मैं इन मामलों का खर्च उठा सकूं। कम से कम मैं दूसरों का मजाक उड़ाकर नहीं, बल्कि अपनी मेहनत से कमा रहा हूं।
उन्होंने लिखा, ब्रेन स्ट्रोक के बाद मेरे लिए एक्टिव रहता बहुत जरूरी है। मैं जितने दिन जिंदा हूं, काम करना चाहता हूं। इससे मेरा दिमाग एक्टिव रहता है और मुझे उद्देश्य और जिम्मेदारी का एहसास होता है कि मैं आज भी काम कर रहा हूं। हां, कभी-कभी थोड़ा दर्द होता है, लेकिन आप मुझे तोड़ नहीं सकते।
बता दें कि साल 2020 में कारगिल में अपनी फिल्म 'LAC — Live the Battle' की शूटिंग के दौरान राहुल रॉय को गंभीर ब्रेन स्ट्रोक का सामना करना पड़ा था। उस समय उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया था। उस मुश्किल दौर से उबरकर, उन्होंने एक लंबी रिकवरी और फिजियोथेरेपी का सफर तय किया।