तीसरी शादी के बाद आमिर खान को बिश्नोई गैंग की धमकी, कहा- 'लव जिहाद' बर्दाश्त नहीं करेंगे!
बॉलीवुड गलियारे से एक बार फिर सुरक्षा को लेकर बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। सलमान खान के बाद अब मिस्टर परफेक्टनिस्ट आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से कथित तौर पर धमकी मिली है। आमिर खान को बिश्नोई गैंग की तरफ से सोशल मीडिया पर धमकी दी गई है।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें आमिर खान को सीधे तौर पर निशाना बनाने की बात कही गई है। एक्टर को धमकी देने वाला गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई आरजू बिश्नोई बताया जा रहा है।
आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट और ऑडियो शेयर करके आमिर को धमकी दी है। हालांकि वेबदुनिया सोशल मीडिया पर वायरल इन पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है। इस कथित ऑडियो क्लिप में एक व्यक्ति खुद का परिचय "टायसन बिश्नोई" के रूप में दे रहा है। क्लिप में वह खुलेआम आमिर खान को टारगेट करने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। इसके साथ ही एक लंबा टेक्स्ट पोस्ट भी साझा किया गया है, जिसमें अभिनेता पर देश की संस्कृति को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पोस्ट में लिखा गया है, जय श्री राम, जय सीता राम। मैं, आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई (लॉरेन्स बिश्नोई गैंग), यह साफ करना चाहते हैं कि हमारे देश में स्टारडम के नाम पर जो 'लव जिहाद' और हमारी संस्कृति के खिलाफ चीजें फैलाई जा रही हैं, उसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस कृत्य को बढ़ावा देने वालों को बहुत जल्द करारा जवाब दिया जाएगा। जो कोई भी हमारे सनातन धर्म और देश के खिलाफ जाएगा, हम उसकी सांसें थाम देंगे।
इस धमकी भरे संदेश में सिर्फ आमिर खान ही नहीं, बल्कि राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक मासूम लड़की के साथ हुई क्रूरता का भी उल्लेख किया गया है। पोस्ट में राजनेताओं को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि अपराधियों को बचाने की कोशिश करने वाले नेताओं का अंजाम भी बुरा होगा। इसके अलावा, हाल ही में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए गैंग के दो सदस्यों—परवेश और हिमांशु—को 'शहीद' बताते हुए उनकी मौत का बदला लेने का भी दावा किया गया है।
जांच में जुटी मुंबई पुलिस की साइबर सेल
इन पोस्ट के वायरल होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद हो गई हैं। हालांकि, मुंबई पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि अभी तक इस पोस्ट और ऑडियो क्लिप की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं हो पाई है। एजेंसियां इस बात की बारीकी से जांच कर रही हैं कि यह वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की किसी विंग द्वारा किया गया कृत्य है या फिर इंटरनेट पर सनसनी फैलाने के लिए किसी शरारती तत्व द्वारा किया गया फेक प्रोपेगैंडा है।
इस पूरे विवाद के बीच आमिर खान या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान इन दिनों अपनी पत्नी गौरी के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। वहां वे 'इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न' (IFFM) में शामिल होने पहुंचे हैं, जहां उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'लगान' के 25 साल पूरे होने का जश्न मनाया जाना है।

