शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फोकस
Written By समय ताम्रकर

वर्ष 2007 : बॉलीवुड की चर्चित घटनाएँ

वर्ष 2007 : बॉलीवुड की चर्चित घटनाएँ -
फिल्मों के प्रदर्शित होने के अलावा बॉलीवुड में वर्षभर कुछ न कुछ घटनाएँ घटती रहती हैं। सितारों का अदालत जाना, विवादों में पड़ना, पुरस्कार, सम्मान, शादी, बच्चे और कुछ लोगों के बिछड़ने का गम। पेश है इन पर एक नजर :

गूँज उठी शहनाई
इस वर्ष की सबसे चर्चित शादी रही अभिषेक-ऐश्वर्या की। मीडिया ने इस शादी को जबरदस्त कवरेज देकर चर्चित बना दिया। प्रत्येक व्यक्ति इस शादी के बारे में जानने के लिए उत्सुक लगा। 20 अप्रैल को दोनों ने सात फेरे लिए और एक दूजे के बन गए।

24 जनवरी को पद्मिनी कोल्हापुरे की छोटी बहन तेजस्विनी ने पंकज सारस्वत से विवाह किया। तेजस्विनी ने भी कुछ फिल्मों में काम किया है। 27 जून को राज बब्बर तथा नादिरा बब्बर की बिटिया और अभिनेत्री जूही बब्बर ने बिजॉय से ब्याह रचा लिया।

‘तेरे नाम’ जैसी हिट फिल्म में सलमान की नायिका बन चुकी भूमिका चावला ने योग गुरु भरत ठाकुर से 28 अक्टूबर को शादी कर ली। ‘तेरे नाम’ के बाद भूमिका की सारी फिल्में असफल हो गई थीं।

नन्हे सितारे
फिल्मी सितारों के बेटे किसी सितारे से कम नहीं होते। कुछ वर्षों बाद ये भी अपने माता-पिता की तरह फिल्माकाश में जगमगाने की कोशिश करते हैं। ‘दिल चाहता है’ जैसी फिल्म बना चुके फरहान अख्तर की पत्नी अधुना ने 12 फरवरी को बेटी को जन्म दिया। इस नन्ही बच्ची का उन्होंने नाम रखा अकीरा।

सर्किट के नाम से लोकप्रिय अरशद वारसी की पत्नी मारिया ने भी 2 मई को बेटी को जन्म दिया। अभिनेत्री महिमा चौधरी ने अचानक यह कहकर सबको चौंका दिया कि उनकी शादी हो चुकी है और वे माँ बनने वाली हैं। महिमा ने 10 जून को कन्या को जन्म दिया।

रवीना टंडन की एक बेटी है और इस वर्ष उन्होंने बेटे को जन्म दिया। ‘जॉगर्स पार्क’ से चर्चित हुई पेरीजाद जोराबियन ने 3 नवंबर को बेटी को जन्म दिया।

विवादों से‍ घिरे सितारे
बॉलीवुड के सितारे विवादों में ज्यादा घिरे नजर आने लगे हैं। सलमान और संजय दत्त पर मामला चल रहा है और वे अंदर-बाहर होते रहते हैं। सलमान की गर्लफ्रेंड कैटरीना अजमेर की दरगाह शरीफ पर छोटी स्कर्ट पहनकर चली गई थी। इस बात पर काफी विवाद हुआ और माफी मांगने पर शांत हुआ। हिमेश भाई भी बुर्का पहनकर चले गए थे और विवादों से घिर गए थे।

अमिताभ बच्चन और रानी मुखर्जी जमीन के लेन-देन में फँसे। अमिताभ और शाहरुख के बीच कोल्डवार की खबर आती रहीं। आमिर ने भी ‘ब्लैक’ की आलोचना कर बिग-बी को नाराज किया। अभिषेक-ऐश्वर्या की शादी में अमिताभ ने कई लोगों आमंत्रित न कर नाराजगी मोल ले ली। बाद में उन्होंने कुछ लोगों के घर मिठाइयाँ पहुँचाई तो कईयों ने इसे स्वीकारने से इंकार कर दिया।

आमिर खान का विवाद अपने परिवार वालों से चला। भाई फैज़ल खान ने उन पर खूब आरोप लगाएँ। तिरंगे ध्वज पर अपमान करने का मामला भी आमिर के खिलाफ दर्ज हुआ। शिल्पा शेट्टी और रिचर्ड गेरे ने एड्‍स चेतना अभियान में सार्वजनिक स्थान पर अशालीन दृश्य पेश किए और उन पर मुकदमे दायर हो गए।

‘ओम शांति ओम’ में शाहरुख ने मनोज कुमार का मजाक क्या उड़ाया, भारत कुमार नाराज हो गए। फरहा और शाहरुख ने उनके घर जाकर माफी मांगी तब जाकर भारत कुमार के कलेजे में ठंडक पड़ी।

वैजयंती माला ने अपनी पुस्तक में राज कपूर पर कुछ टिप्पणियाँ की जो उनके बेटे ऋषि कपूर को पसंद नहीं आई। विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ‘एकलव्य’ को ऑस्कर पुरस्कार के लिए भेजने के निर्णय से ‘धर्म’ फिल्म की भावना तलवार नाराज हो गई। ‘साँवरिया’ पिटने का गुस्सा भंसाली ने ‍मीडिया पर उतारा। ‘साँवरिया’ और ‘ओम शांति ओम’ की टक्कर भी चर्चित रही।

‘आ जा नच ले’ के गीत की पंक्तियों पर कुछ लोगों को आपत्ति हुईं। इस फिल्म को उत्तर प्रदेश, हरियाणा में प्रतिबंधित कर दिया गया और मामला सुलझने के बाद ही फिल्म का प्रदर्शन हो पाया। ‘परजानिया’ को गुजरात में प्रदर्शित नहीं होने दिया गया।

डाक टिकट पर सम्मान
यूँ तो फिल्मी हस्तियों को वर्ष भर कई पुरस्कार और सम्मान मिलते रहते हैं, लेकिन किसी कलाकार पर ‍डाकटिकट जारी होना गौरव की बात है। इस वर्ष बिमल रॉय, मेहबूब, वी शांताराम और सचिन देव बर्मन पर डाक टिकट जारी हुए।

बिछड़े सभी बारी-बारी
86 वर्षीय अली रजा का 1 नवम्बर को निधन हो गया। उन्होंने मेहबूब की फिल्म मदर इंडिया, आन, अंदाज, अमर की पटकथा और संवाद लिखे थे। 29 अक्टोबर को हास्य कवि शैल चतुर्वेदी हमसे बिछड़े। उन्होंने कुछ टीवी धारावाहिकों में काम किया था।

सत्येन्द्र नारायण शर्मा यानि की सत्येन कप्पू (76 वर्ष) का निधन 27 अक्टोबर को हुआ। उन्होंने कई फिल्मों में चरित्र भूमिकाएँ निभाईं। दत्ता डावजेकर (90 वर्ष) ने लता मंगेशकर के पार्श्वगायन की पहली हिन्दी फिल्म ‘आपकी सेवा में’ में ‍संगीत दिया था। गीत था ‘पा लागू कर जोरी रे।‘ वे 19 सितम्बर को हमसे बिछड़े।

निर्माता-निर्देशक-लेखक शाहरुख मिर्जा (60 वर्ष) का निधन 9 सितम्बर को हुआ। वे ‘लव स्टोरी’, ‘धनवान’, ‘आपके दीवाने’ और ‘कस्मे वादे’ जैसी फिल्मों से जुड़े हुए थे। जिगरवाला, परम-धरम, कर्मयुद्ध जैसी फिल्मों के निर्देशक स्वरूप कुमार (62 वर्ष) 30 अगस्त को बिछड़े।

25 जुलाई को संगीतकार अनिल बिस्वास के बेटे उत्पल बिस्वास का 58 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। अमर हलदीपुर के साथ जोड़ी बनाकर उन्होंने अमर-उत्पल नाम से फिल्मों में संगीत दिया था।

निर्माता-निर्देशक और लेखक अरुण कौल का निधन 21 जुलाई को हुआ। चरित्र अभिनेता और अभिनेत्री नाज के पति सुबीराज कक्कड़ ने 19 जुलाई को दुनिया को अ‍लविदा कहा।

प्रख्यात छायाकार केके महाजन (63 वर्ष) का देहांत 13 जुलाई को हुआ। वे सुभाष घई की फिल्मों ‘हीरो’ के छायाकार थे। इसके अलावा उन्होंने कई फिल्मों की सिनेमाटोग्राफी की और पुरस्कार जीतें।

‘विजयपथ’ का हिट गीत ‘रुक-रुक-रुक अरे बाबा रुक’ लिखने वाले श्याम अनुरागी (61 वर्ष) 30 जून को चल बसे। उन्होंने 250 के लगभग गीत लिखे। जीवा का निधन (40 वर्ष) 26 जून को अल्पायु में ही हो गया। जीवा ने अभिषेक बच्चन को लेकर ‘रन’‍ फिल्म बनाई थी।

हिट फिल्म ‘जय संतोषी माँ’ की अभिनेत्री अनिता गुहा का निधन 20 जून को 72 वर्ष की आयु में हुआ। हिन्दी एवं मराठी फिल्मों के संगीतकार स्नेहल भाटकर (88 वर्ष) का निधन 27 मई को हुआ।

300 से ज्यादा फिल्मों में काम करने वाले युनूस परवेज (75 वर्ष) का निधन 11 फरवरी को हुआ। ‘यादों की बारात’ में जीनत अमान के नायक बने विजय अरोरा (62 वर्ष) का निधन 2 फरवरी को हुआ। दो राहा, नम्बरी आदमी बनाने वाले निर्माता रामदयाल सभरवाल (76 वर्ष) का निधन 29 जनवरी को हुआ।

प्रसिद्ध संगीतकार ओपी नय्यर (उम्र 81 वर्ष) का निधन 28 जनवरी को हुआ। ओपी ने कई यादगार धुनें बनाईं और बगैर लता के कामयाब होकर दिखाया। पहली बोलती गुजराती फिल्म ‘नरसिंह मेहता’ (1932) के नायक उमाकांत देसाई (99 वर्ष) का निधन 25 जनवरी को हुआ। उन्होंने ‘रामराज्य’ फिल्म में लक्ष्मण की भूमिका निभाई थी।