गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फोकस
  4. Score Card of Actors in 2019, Bollywood Actors performance in 2019
Last Updated : सोमवार, 23 दिसंबर 2019 (20:06 IST)

बॉलीवुड 2019 : अभिनेताओं का स्कोरकार्ड

बॉलीवुड 2019 : अभिनेताओं का स्कोरकार्ड - Score Card of Actors in 2019, Bollywood Actors performance in 2019
वर्ष 2019 में बॉलीवुड के दिग्गज स्टार्स का स्कोरकार्ड क्या रहा? किसने कितनी हिट दी और किसने कितनी फ्लॉप? पेश है साल भर का लेखा-जोखा।


 
अक्षय कुमार 
2018 की तरह 2019 भी अक्षय कुमार के लिए बेहतरीन रहा। वर्ष की शुरुआत में उनकी केसरी रिलीज हुई जो जो कि हिट रही। इसके बाद मिशन मंगल के जरिये अक्षय ने पहली बार 200 करोड़ क्लब में एंट्री और यह फिल्म सुपरहिट रही। दिवाली पर प्रदर्शित हाउसफुल 4 भी हिट रही। गुड न्यूज का परिणाम आना अभी बाकी है।  
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 1
हिट : 2
औसत : 0
फ्लॉप : 0 


 
अजय देवगन 
2019 में दो फिल्मों में अजय नजर आए। टोटल धमाल में जहां उन्होंने कॉमेडी की तो दे दे प्यार दे में अपने से उम्र में आधी रकुल प्रीत सिंह के साथ रोमांस करते नजर आएं। दोनों ही फिल्मों का कलेक्शन सौ करोड़ पार रहा, लेकिन लागत को देखते हुए इनकी सफलता औसत रही। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 2
फ्लॉप : 0   


 
अमिताभ बच्चन 
कम लागत की बदला ने बॉक्स ऑफिस पर 88 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया और इसे हिट करार दिया। बिग बी ने वकील के रोल में यादगार अभिनय किया और दर्शाया कि इस उम्र में भी अपने बूते पर वे फिल्म को सफल बना देते हैं। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 1
औसत : 0
फ्लॉप : 0   


 
वरुण धवन 
2012 से लगातार हिट देने वाले वरुण धवन के हाथ 2019 में फ्लॉप फिल्म लगी। कलंक नामक फिल्म में कई स्टार थे, लेकिन कोई भी इस फिल्म को बचा नहीं सका। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 0
फ्लॉप : 0
फ्लॉप : 1


 
सिद्धार्थ मल्होत्रा 
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने आखिरी सफल फिल्म कब दी थी इस बारे में दिमाग पर जोर डालना पड़ता है। पिछले कुछ वर्षों से उनका करियर का ग्राफ लगातार नीचे आ रहा है। 2019 भी सिद्धार्थ के लिए खास नहीं रहा। जबरिया जोड़ी कब आई और कब गई पता नहीं चला। मरजावां औसत रही, लेकिन सिद्धार्थ का इस तरह की फिल्मों से भला नहीं हो सकता। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 1
फ्लॉप : 1


 
अर्जुन कपूर 
अर्जुन लक्ष्य भटक रहे हैं और उनकी फिल्में खास कमाल नही कर पा रही है। 'इंडियाज मोस्ट वांटेड' कब आई और कब गई पता ही नहीं चला। पानीपत अच्छी फिल्म थी, पर नहीं चली और इसका जिम्मेदार अर्जुन को ही माना जा सकता है जिनके नाम पर दर्शक अब फिल्मों से दूरी बना लेते हैं।  
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 0
फ्लॉप : 2

 
शाहिद कपूर
2019 को तो शाहिद कपूर सदैव याद रखेंगे। वर्षों से एक सोलो ब्लॉकबस्टर की उन्हें तलाश थी जो इस वर्ष खत्म हुई। उनकी फिल्म कबीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया। फिल्म ने 278.24 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर शाहिद के करियर में प्राण फूंक दिए। 
ब्लॉकबस्टर : 1
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 0
फ्लॉप : 0


 
टाइगर श्रॉफ
टाइगर श्रॉफ ने 2019 में भी एक ब्लॉकबस्टर फिल्म जुड़ी। रितिक रोशन के साथ उनकी 'वॉर' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया और फिल्म ने 318 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 फ्लॉप रही। इसमें टाइगर का कोई दोष नहीं। फिल्म ही इतनी बुरी बनी थी कि कोई भी स्टार इसे डूबने से बचा नहीं सकता था। 
ब्लॉकबस्टर : 1
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 0
फ्लॉप : 1

 
राजकुमार राव 
2019 राजकुमार राव के लिए खास नहीं रहा और उनकी रिलीज तीनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी। एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा, जजमेंटल है क्या और मेड इन चाइना दर्शकों ने रिजेक्ट कर दी। जरूरत है राजकुमार को सही फिल्म चुनने की। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 0
फ्लॉप : 3


 
आयुष्मान खुराना 
आयुष्मान खुराना का करियर तो इस समय इतने बेहतरीन दौर से गुजर रहा है कि बड़े-बड़े स्टार उनसे जलने लगे हैं। उन्हें क्रिटिक्स से सराहना मिल रही है तो दर्शकों से तालियां। ऐसा बहुत ही कम देखने को मिलता है। उनकी हर फिल्म एक-दूसरे से जुदा होती हैं। बाला और ड्रीमगर्ल सुपरहिट रही तो आर्टिकल 15 हिट।  
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 2
हिट : 1
औसत : 0
फ्लॉप : 0


 
सलमान खान 
ईद अब सलमान खान के लिए फीकी रहने लगी है। 2017 में ट्यूबलाइट का फ्यूज उड़ गया था। 2018 में रेस 3 चार कदम चल लड़खड़ा गई। इस वर्ष रिलीज हुई भारत ने हालांकि 209.36 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, लेकिन मजा नहीं आया। दबंग 3 फिलहाल सिनेमाघरों में है और कुछ दिनों बाद ही उसके बारे में कोई राय बनाई जा सकेगी।  
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 1
फ्लॉप : 0


 
रणवीर सिंह 
रणवीर सिंह भी उस श्रेणी के सितारे हैं जो अपने नाम पर भीड़ खींच लेते हैं। 2019 में रिलीज हुई 'गली बॉय' कुछ अलग तरह की फिल्म थी, लेकिन रणवीर के स्टारडम के कारण हिट रही। रणवीर को बेहतरीन अभिनय के लिए तारीफ मिली सो अलग। 
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 1
औसत : 0
फ्लॉप : 0


 
जॉन अब्राहम 
जॉन अब्राहम की बाटला हाउस हिट रही। जॉन का काम लोगों को पसंद भी आया। रोमियो अकबर वॉल्टर को दर्शकों ने रिजेक्ट कर दिया। पागलपंती में कॉमेडी करते जॉन बिलकुल भी पसंद नहीं किए गए और नतीजा ये निकला की फिल्म फ्लॉप हो गई।  
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 1
औसत : 0
फ्लॉप : 2

 
रितिक रोशन 
आखिरकार लंबे समय बाद रितिक रोशन का फॉर्म लौटा। एक साल में उन्होंने दो फिल्में दी जिसमें से एक ब्लॉकबस्टर रही। वॉर उनके करियर की सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म बनी। सुपर 30 में उन्होंने आनंद कुमार की भूमिका निभा कर चौंका दिया। 
ब्लॉकबस्टर : 1
सुपरहिट : 0
हिट : 0
औसत : 1
फ्लॉप : 0


 
कार्तिक आर्यन 
2019 में रिलीज फिल्मों ने कार्तिक आर्यन के करियर को रफ्तार दी है। अब बड़े बैनर की फिल्म उन्हें मिलने लगी हैं और लोगों की भी वे पसंद बन गए हैं। लुका छिपी और पति पत्नी और वो दोनों ही बॉक्स ऑफिस पर सफल रही।
ब्लॉकबस्टर : 0
सुपरहिट : 0
हिट : 2
औसत : 0
फ्लॉप : 0
 

 
आमिर खान
आमिर खान इस साल किसी भी फिल्म में नहीं नजर आए। वे लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग में व्यस्त हैं जिसके 2020 में रिलीज होने की संभावना है। 


 
शाहरुख खान 
ज़ीरो की असफलता से शाहरुख खान ऐसे दु:खी हुए कि पिछले एक साल से वे घर पर बैठे हैं। कोई फिल्म नहीं कर रहे हैं। 2019 में उनकी कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई और न ही उन्होंने कोई फिल्म साइन की है। क्या 2020 में शाहरुख की कोई फिल्म देखने को मिलेगी?
 


रणबीर कपूर 
रणबीर कपूर इस समय ब्रह्मास्त्र की शूटिंग में इतने ज्यादा व्यस्त हैं कि इसके अलावा कोई फिल्म नहीं कर रहे हैं। लिहाजा 2018 में वे बिग स्क्रीन पर नजर नहीं आए।