शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. फोकस
  4. 25 Interesting Facts About Asha Bhosle
Written By WD Entertainment Desk

आशा भोसले के बारे में 25 रोचक बातें, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है सिंगर का नाम

आशा भोसले के बारे में 25 रोचक बातें, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है सिंगर का नाम '25 Interesting Facts About Asha Bhosle - 25 Interesting Facts About Asha Bhosle
1) 8 सितम्बर 1933 को जन्मी आशा भोसले ने 1943 से अपना करियर शुरू किया और तब से वे अब तक लगातार गा रही हैं। 
 
2) हिंदी फिल्मों में उन्होंने गायन की शुरुआत 1948 में रिलीज हुई फिल्म चुनरिया से की थी। हंसराज बहल के संगीत निर्देशन में उन्होंने 'सावन आया' गीत गाया था। 
3) बताया जाता है कि आशा ने एक हजार से भी ज्यादा फिल्मों में गाने गाए हैं। 
 
4) वर्ष 2006 में आशा ने कहा था कि उन्होंने 12 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं। 
 
5) गिनीज बुक के हिसाब से आशा भोसले ने सबसे अधिक गाने गाए हैं।

6) भारत सरकार द्वारा आशा भोसले को दादा साहेब फाल्के और पद्म विभूषण अवार्ड से नवाजा जा चुका है। 
 
7) आशा भोंसले ने एक फिल्म 'माई' में अभिनय भी किया है। उनकी अदाकारी के लिए उनकी प्रशंसा भी हुई थी। 
 
8) आशा भोंसले के शुरुआती दौर में गीता बाली, शमशाद बेगम और लता मंगेशकर जैसे बड़े नाम गायिकी की दुनिया में छाए हुए थे। ऐसे में आशा ताई के हिस्से में इनके द्वारा छोड़े गए गाने ही आते थे। 
 
9) आशा को दूसरे दर्जे की फिल्मों की गायिका समझा जाता था। वैम्प या सहनायिकाओं पर फिल्माए गए गाने ही आशा को गाने के लिए मिलते थे।  
 
10) 16 वर्ष की उम्र में आशा ताई ने 31 साल के गणपत राव भोंसले के साथ शादी कर ली थी। 

11) गणपत राव, लता मंगेशकर के पर्सनल सेक्रेटरी थे। इस शादी के लता सहित पूरा मंगेशकर परिवार खिलाफ था, लेकिन आशा ने एक नहीं सुनी। इससे लता और आशा के संबंधों में खटास भी आ गई थी और वर्षों तक दोनों में बोल-चाल बंद थी। 
 
12) गणपत राव से साथ आशा ताई को तीन बच्चे हुए। सबसे बड़े बेटे का नाम हेमंत है जो पॉयलेट था। बाद में संगीत निर्देशक के रूप में भी हेमंत ने कुछ फिल्में की। बेटी वर्षा अखबारों के लिए लिखती थी। छोटा बेटा आनंद ने बिजनेस और फिल्म निर्देशन की पढ़ाई की और वे आशा का करियर संभालते हैं। आशा ताई की बेटी वर्षा ने 56 साल की उम्र में 2012 में आत्महत्या कर ली थी।
 
13) महान संगीतकार राहुल देव बर्मन के साथ आशा ने दूसरी शादी की, जो उनसे 6 साल छोटे थे।
 
14) आशा भोसले गायिकी के अलावा खाना बनाने में भी सिद्धहस्त हैं। बॉलीवुड में ऐसी कई सेलेब्रिटी हैं जो आशा ताई से अक्सर कढ़ाई गोश्त और बिरयानी की डिमांड करते हैं। 
 
15) आशा ताई ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि अगर गायिकी में उनका करियर उड़ान नहीं लेता तो वे कुक बन जातीं। 

16) आशा भोंसले का रेस्टोरेंट बिजनेस जबरदस्त है। उनके दुबई और कुवैत में आशाज नाम के रेस्टोरेंट हैं। जहां पारंपरिक उत्तरी-पश्चिमी भारतीय खाना विशेष रूप से उपल्ब्ध है। उनके रेस्टोरेंट अबुधाबी, दोहा, बहरीन में भी हैं। 
 
17) रेस्टोरेंट के खाने और सजावट में आशा ताई का जबरदस्त दखल है। उन्होंने शेफ्स को लगभग 6 महिने तक ट्रेनिंग दी है।  
 
18) एक अंतराष्ट्रीय स्तर के कुक 'रसेल स्कॉट' ने आशा ब्रांड के राइट्स ब्रिटेन के लिए खरीदे हैं। उनकी योजना के अनुसार, आशा नाम के 40 रेस्टोरेंट 5 वर्ष के दौरान खोले जाएंगे।
 
19) बचपन में आशा अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर के बहुत नजदीक थीं। लता अपने साथ आशा को भी स्कूल ले जाती थीं। एक दिन जब शिक्षक ने एक फीस में दो को पढ़ाने से मना कर दिया तो लता ने पढ़ाई छोड़ दी थी। 
 
20) ब्रिटेन के अल्टरनेटिक रॉक बेंड ने गाना 'ब्रिमफुल ऑफ आशा' 1997 में रिलीज किया था। आशा भोसले को डेडीकेट किया गया यह गाना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिट साबित हुआ।  

21) आशा को 18 बार फिल्मफेयर के लिए नामांकित किया गया। उन्होंने 7 बार इसे जीता। 1979 में फिल्मफेयर जीतने के बाद आशाजी ने इसके लिए उन्हें नोमिनेट करने से यह कहकर मना कर दिया कि नई प्रतिभाओं को मौका मिलना चाहिए। आशा को 2001 में फिल्मफेयर लाइफटाइम अवार्ड दिया गया था। 
 
22) अदनान सामी जब 10 साल के थे तब आशा ताई ने उन्हें गायिकी में करियर बनाने की सलाह दी थी। 
 
23) आशा भोसले एक महान गायिका होने के अलावा बेहतरीन मिमिक्री आर्टिस्ट भी हैं। वह लता मंगेशकर और गुलाम अली की आवाज में गा सकती हैं। 
 
24) आशा भोसले ने पहले 'आजा आजा मैं हूं प्यार तेरा' गाने के लिए इंकार कर दिया था। उन्हें वेस्टर्न पैटर्न के गाने में मुश्किल हो रही थी। 
 
25) आशा भोसले ऐसी पहली सिंगर हैं जिन्हें उस्ताद अली अकबर खान के साथ एक एलबम के लिए ग्रेमी अवार्ड के लिए नॉमिनेट किया गया था। 
ये भी पढ़ें
अक्षय कुमार की फिल्म 'मिशन रानीगंज' का टीजर हुआ रिलीज