शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. मुलाकात
Written By समय ताम्रकर

नई और पुरानी जंजीर में फर्क है : प्रियंका चोपड़ा

नई और पुरानी जंजीर में फर्क है : प्रियंका चोपड़ा -

प्रियंका चोपड़ा की ‘जंजीर’ ऐसी तीसरी फिल्म है जो अमिताभ बच्चन की फिल्मों का रिमेक है और जिसमें प्रियंका है। इसके पहले वे अग्निपथ और डॉन के रिमेक में नजर आई हैं। पेश है प्रियंका से बातचीत...

PR


पुरानी ‘जंजीर’ की माला से नई ‘जंजीर’ की माला कितनी अलग है?
सिर्फ दोनों का नाम ही माला है। इस बार माला ‘चक्कू छुरी तेज करा ले...’ वाली नहीं है। न ही इस तरह का गाना है। नई माला एनआरआई है। न्यूयॉर्क से मुंबई एक शादी में आती है और एक हत्या की चश्मदीद गवाह बन जाती है। इस कैरेक्टर को निभाने में बहुत मजा आया। फिल्म जंजीर का रिमेक जरूर है, लेकिन दोनों में फर्क है। यह अपूर्व लाखिया के नजरिये से बनाई गई है।

पुरानी जंजीर से कोई याद जुड़ी है?
नहीं। छ: साल पहले टीवी पर मैंने यह फिल्म देखी थी। फिल्म पसंद आई थी। उस वक्त मैंने सोचा भी नहीं था कि इस फिल्म का रीमेक बनेगा और मैं उसका हिस्सा बनूंगी।

अपूर्व लाखिया के बारे में क्या कहना चाहेंगी?
बहुत ही व्यवलस्थित निर्देशक हैं। उन्हें पता रहता है कि कितनी शूटिंग करनी है और कैसे करनी है।

राम चरण के बारे में कुछ बताना चाहेंगी?
वे बहुत बड़े स्टार हैं। जब हम हैदराबाद में शूटिंग कर रहे थे तो इतनी भीड़ जमा हो गई थी कि हमें पुलिस की मदद लेनी पड़ी थी। मुंबई में भी शूटिंग के दौरान काफी तेलुगु भाषी लोग इकट्ठा हो गए थे। वे मेहनती और अच्छे कलाकार हैं। मैं चाहती हूं कि वे ज्यादा से ज्यादा हिंदी फिल्मों में भी नजर आएं।

PR

जंजीर हिंदी के साथ-साथ तेलुगु में भी बनी है। क्या आपने तेलुगु सीखी?
सीखना चाहती थी, पर नहीं सीख पाई। मैंने तेलुगु संवादों को रट्टा मारकर याद किया। कई बार तीन पेज के तेलुगु संवाद याद किए। पहले हम हिंदी वर्जन की शूटिंग करते थे फिर तेलुगु वर्जन की। इस वजह से रिदम बना रहता था। यह मेरी पहली दो भाषाओं वाली फिल्म है।

जंजीर के रिमेक का कुछ लोगों ने विरोध भी किया है।
कई बेवजह विरोध हुए हैं जो कि गलत बात है। मेरा मानना है कि रचनात्मकता को सीमाओं में नहीं बांधना चाहिए। हम लोग रचनात्मकता, कला और फिल्म को लेकर ज्यादा ही जजमेंटल हो गए हैं। मेरे लिए तो इस फिल्म में अभिनय करना एक बेहतरीन यात्रा रही है। हमें अमिताभ बच्चन का भी आशीर्वाद मिला। जब मैं और रामचरण ‘जंजीर’ के लिए शूटिंग कर रहे थे तो बगल के स्टुडियो में ही अमिताभ जी भी शूटिंग कर रहे थे। वे रामचरण से मिले और आशीर्वाद दिया। यह बहुत बड़ी बात है।

आपकी बहन परिणीति की फिल्म ‘शुद्ध देसी रोमांस’ और आपकी ‘जंजीर’ साथ रिलीज हो रही है...
अच्छी बात है। दर्शक हम दोनों की ही फिल्म देखेगा। मैं परिणीति की प्रगति से खुश हूं।

अच्छी फिल्म की आपकी क्या परिभाषा है?
जिसे दर्शक पसंद करे और जो पैसा कमाए।

PR

बतौर सिंगर आपने अंतरराष्ट्रीय एलबम किया है, पर फिल्मों में गाने से दूरी क्यों बना रखी है?
फिल्मों में गाने का अवसर मिलेगा तो जरूर गाना पसंद करुंगी। मैंने हॉलीवुड की कार्टून फिल्म ‘प्लेन्स’ के लिए अंग्रेजी में प्रमोशनल गीत गाया है।

आप मैरीकॉम के जीवन पर आधारित फिल्म भी कर रही हैं। इसके लिए क्या-क्या तैयारियां की हैं?
बॉक्सिंग जैसा स्पोर्ट्स सीखना पड़ा। फिर उसी तरह की फिजिक में खुद को ढालना पड़ा। शरीर भी मैरी की तरह बनाया। काफी मेहनत कर रही हूं।