मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. आलेख
Written By WD

सदाबहार सलमान

सदाबहार सलमान -
शराफत खा

IFMIFM
एक समय दुनिया के टॉप टेन हैंडसम पर्सनॉलिटी में शामिल सलमान खान ने अपने आप को एक सदाबहार सितारे के रूप में फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित किया है। सलमान भले ही विवादों में रहें, लेकिन इससे उनकी लोकप्रियता पर असर नहीं पड़ता।

सलमान सदाबहार हैं उनकी फिल्मों के रिस्पॉन्स के दम पर। वे सदाबहार हैं अपने लुक और स्टाइल की वजह से। सलमान ने न केवल फिल्मी दुनिया में नाम कमाया है, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े लोगों से उनके पारिवारिक संबंध भी हैं। सलमान दोस्त बनाना जानते हैं और दोस्ती निभाने का हुनर भी उन्हें आता है।

कॅरियर की शुरुआत से लेकर आज तक सलमान कई विवादों में घिरे, लेकिन उनके फिल्मी ग्राफ पर ये विवाद कभी असर नहीं डाल पाए। सलमान को उनकी शख्सियत और लुक की वजह से युवा वर्ग ज्यादा पसंद करता है और 'नेकदिल' छवि से वे बड़ों का भी मन जीत लेते हैं।

बॉलीवुड में हर सितारे का एक अलग स्थान और उसकी अलग छवि रही है। बिग बी एंग्री यंगमैन जरूर रहे हैं, लेकिन राजेश खन्ना की तरह वे कभी लड़कियों में चर्चित नहीं हुए। बिग बी की अलहदा स्टाइल से अव्यवस्थाओं के प्रति आक्रोश जरूर निकला, लेकिन राजेश खन्ना की अदाएँ खूब मकबूल हुईं।

इसी तरह राजेश खन्ना के लिए लड़कियाँ दीवानी जरूर हुईं, लेकिन कभी वे उस मुकाम तक नहीं पहुँचे जो देव आनंद को हासिल था। देव साहब पर काले रंग की शर्ट इतनी सूट होती थी कि उनके फैन, खासकर लड़कियाँ उन्हें काला रंग न पहनने के लिए हजारों खत लिखती थीं कि कहीं देव साहब को नजर न लग जाए।

इसी तरह बॉलीवुड में कई गुड लुकिंग एक्टर आए, लेकिन चॉकलेटी हीरो के रूप में जो छवि ऋषि कपूर की है, उसके लिए आज भी कई हीरो तरसते हैं।

आज के दौर में इंडस्ट्री में कई सुपर स्टार मौजूद हैं, शाहरुख खान, आमिर खान, रितिक रोशन, अक्षय कुमार, अजय देवगन, लेकिन सलमान की बात ही निराली है। उनकी हर शरारत दर्शकों के लिए स्टाइल बन जाती है।

उनके अभिनय की चाहे उतनी चर्चा न हो, जितनी कि उनके समकालीन अभिनेताओं की होती है, लेकिन सलमान के अंदाज और स्टाइल के आगे महारथी नहीं टिक पाते। उनकी फिल्म देखने दर्शक बिना किसी उम्मीद के आते हैं, क्योंकि सलमान की मौजूदगी ही उनके लिए काफी है। सलमान के कॉमिक अंदाज को चाहे समीक्षक फुहड़ कह लें, लेकिन दर्शक उसका खूब मजा लेते हैं।

कई फिल्में कमजोर कहानी और दोयम दर्जे के निर्देशन के बावजूद सिर्फ सलमान की मौजूदगी से ही हिट हुई हैं। असल में कॉलेज के स्टूडेन्ट्‍स को सलमान की फिल्में खूब भाती हैं। वे सलमान की हर फिल्म कम से कम एक बार तो जरूर देखते हैं। फिल्ममेकर भी सलमान के इस मजबूत पक्ष से वाकिफ हैं, इसलिए वे सलमान को ऐसे रूप में पेश करते हैं, जो युवाओं को भाए। चालीस पार के सलमान के चहरे पर कभी बढ़ती उम्र का असर दिखाई नहीं दिया, उनमें आज भी उतनी ही एनर्जी है, जितनी उनके करियर के शुरुआत में थी।

सलमान एक जिंदादिल इंसान हैं। उनकी दोस्ती निभाने के किस्से जगजाहिर हैं। बिना किसी शोर-शराबे के सलमान समाज सेवा करते हैं, जिसके बारे केवल उनके करीबी ही जानते हैं।