गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. sushant singh rajputs father alleges rhea chakraborty responsible sushants death
Written By
Last Updated : बुधवार, 29 जुलाई 2020 (12:40 IST)

सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने पूछे 7 सवाल, रिया चक्रवर्ती पर आरोप ही आरोप

सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने पूछे 7 सवाल, रिया चक्रवर्ती पर आरोप ही आरोप - sushant singh rajputs father alleges rhea chakraborty responsible sushants death
सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में तब अहम मोड़ आ गया जब सुशांत के पिता कृष्णा किशोर राजपूत ने पटना में सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड के खिलाफ ‍पुलिस में शिकायत दर्ज की। इसके बाद बिहार पुलिस जांच के लिए मुंबई पहुंची और रिया चक्रवर्ती को लापता बताया जा रहा है।
 
अब तक मुंबई पुलिस इस एंगल से जांच कर रही थी कि सुशांत काम नहीं मिलने से परेशान थे और बॉलीवुड की तथाकथित गैंग ने उनका रास्ता रोक रखा था। रिया वाले एंगल पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया था, हालांकि मुंबई पुलिस ने लंबी पूछताछ रिया से की थी। 
 
सुशांत के पिता ने 7 पेज की शिकायत पटना पुलिस से की है। इसमें उन्होंने लिखा है: 
 
मेरा बेटा सुशांत मई 2019 तक एक्टिंग प्रोफेशन में अच्‍छा कर रहा था। इसी दौरान रिया चक्रवर्ती नामक महिला उसके जीवन में आई। उसने अपने परिवार के सदस्यों और अन्य सहयोगियों की मदद से सुशांत कर कब्जा जमा लिया। वह सुशांत के नाम का उपयोग कर खुद अपने आपको एक्टिंग प्रोफेशन में स्थापित करना चाहती थी। साथ ही उसने सुशांत के करोड़ों रुपयों का भी उपयोग किया। 
 
रिया ने अपने परिवार के सदस्यों, इंद्रजीत चक्रवर्ती, संध्या चक्रवर्ती, शौविक चक्रवर्ती के जरिये सुशांत से नजदीकियां बढ़ाई और धीरे-धीरे उसकी निजी जिंदगी में भी दखल देने लगे। 


 
भूतहा घर 
सुशांत को उन्होंने बताया कि जिस घर में वे रहते हैं वो भूतहा है। इससे मेरे बेटे पर गहरा असर हुआ। इसके बाद उन्होंने सुशांत को वो घर छोड़ने पर मजबूर किया और मुंबई एअरपोर्ट के निकट एक रिसोर्ट में रख दिया। 
 
फिजूल की बातें करने लगे थे सुशांत? 
वे मेरे बेटे से लगातार कहने लगे कि वह कुछ तो भी बातें करना लगा है और उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले गए। इसी दौरान मेरी बेटी और सुशांत की बहन सुशांत को घर वापस लाने के लिए मुंबई गई, लेकिन इन लोगों ने सुशांत को मुंबई नहीं छोड़ने दिया। इसके बाद मेरी बेटी लौट आई। 
 
रिया इसके बाद सुशांत को अपने घर ले गई। उसे मेडिसीन का ओवरडोज़ दिया जाने लगा। उसने सभी को बताया कि सुशांत को डेंगू हो गया है, जबकि ऐसी कभी मेडिकल रिपोर्ट में साबित नहीं हुआ। 
 
इसके बाद सुशांत का पूरा नियंत्रण उसने अपने हाथों में ले लिया। हमारे परिवार से सुशांत का बात करना बिलकुल कम हो गया। सुशांत का फोन भी रिया और उसके परिवार के सदस्य उपयोग में लेने लगे। 


 
रिया ने रखी शर्त 
रिया ने यह बात भी फैला दी कि यदि कोई सुशांत को फिल्म निर्माता साइन करना चाहता है तो बतौर हीरोइन रिया को लेना होगा। रिया ने सुशांत के पुराने स्टाफ को हटा दिया और उन लोगों को रख लिया जो उसे पसंद थे। सुशांत के क्रेडिट कार्ड्स और बैंक अकाउंट्स का नियंत्रण भी अपने हाथों में ले लिया। 
 
रिया का दबाव 
सुशांत का पुराना फोन नंबर बंद करा दिया और नया नंबर उसे दिला दिया। सुशांत ने एक बार मुझे बताया था कि ये लोग उसे मानसिक चिकित्सालय में रखना चाहते हैं। 
 
एक बार सुशांत अपनी बहनों से मिलने दिल्ली और हरियाणा गया तो रिया लगातार उसे फोन कर वापस आने का कहती रही। 
 
रिया ने दी धमकी 
मेरा बेटा फिल्म लाइन छोड़ कर कुर्ग में बसना चाहता था। वहां वह खेती करना चाहता था। उसका दोस्त महेश भी इसके लिए तैयार था, लेकिन रिया ने इस पर आपत्ति ली। रिया ने सुशांत को धमकाया कि यदि वह कुर्ग जाएगा तो वह उसकी मेडिकल रिपोर्ट मीडिया को दे देगी। 
 
8 जून को सुशांत को छोड़ा रिया ने 
जब रिया को लगा कि सुशांत का अब कोई उपयोग नहीं है और उसका बैंक बैलेंस भी खाली हो रहा है तो वह 8 जून 2020 को उसे छोड़ कर चली गई। 
 
जाते समय वह कैश, सोने-चांदी की चीजें, उसका लैपटॉप, क्रेडिट कार्ड्स और पासवर्ड, मेडिकल रिपोर्ट्स भी ले गई। उसने सुशांत का नंबर ब्लॉक भी कर दिया। 
 
सुशांत ने इस बारे में मेरी बेटी को भी बताया कि किस तरह से रिया ने उसका इस्तेमाल किया है। वह मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी धमकी दे रही है ताकि उसे भविष्य में काम नहीं मिले। 


 
दिशा की मौत से डर गए थे सुशांत 
जब सुशांत की मैनेजर दिशा ने आत्महत्या की, जिसे रिया ने ही नियुक्त किया था, तो मेरा बेटा डर गया। उसे लगा कि उसका नाम भी इस मामले में आ सकता है। उसने रिया से संपर्क की कोशिश भी की। 
 
इसी बीच मेरी बेटी सुशांत के पास पहुंची और उसके साथ तीन-चार दिन तक रही। जब वह वहां से चली गई तो सुशांत ने 14 जून को आत्महत्या कर ली। 
 
सुशांत के पिता ने ये सवाल भी पूछे:
1) मेरे बेटे को मई 2019 तक कोई दिमागी बीमारी की समस्या नहीं थी। रिया से मिलते ही अचानक यह समस्या कैसे पैदा हो गई? 
2) यदि उसे इस तरह की कोई समस्या थी तो हमसे संपर्क क्यों नहीं किया गया? उसके इलाज के लिए हमसे नो-ऑब्जेक्शन लेटर क्यों नहीं लिया गया? 
3) हमें शक है कि जो डॉक्टर सुशांत का इलाज कर रहा था वह भी इस षड्यंत्र में शामिल है। हम जानना चाहते हैं कि सुशांत का किस तरह इलाज किया जा रहा था और कौन सी दवाइयां दी जा रही थी?
4) जब रिया को पता था कि सुशांत की तबियत ठीक नहीं है तो उसने क्यों ब्रेक-अप किया? क्यों सुशांत का नंबर ब्लॉक किया? 
5) मेरे बेटे के बैंक अकाउंट से पता चला है कि उसके अकाउंट में 17 करोड़ रुपये थे जिसमें से 15 करोड़ रुपये उन अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए गए जिसका उससे कोई लेना-देना नहीं है। हम उसके सारे बैंक अकाउंट्स और क्रेडिट कार्ड्स के डिटेल जानना चाहते हैं कि किस तरह से रुपयों का उपयोग किया गया है। 
6) सुशांत का फिल्म इंडस्ट्री में अच्छा-खासा नाम था, लेकिन रिया से जुड़ते ही उसे फिल्में मिलना बंद क्यों हो गई? 
7) मेरा बेटा कुर्ग में बसना चाहता था। खेती करना चाहता था। रिया ने उसे धमकी दी। इस मामले की भी जांच होना चाहिए। 
 
सुशांत के पिता का कहना है कि उन्होंने सुशांत से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन रिया और उसके परिवार वालों ने ऐसा नहीं होने दिया। पटना में रहते हुए मुंबई लगातार जाना, 74 वर्ष की उम्र में, संभव नहीं था। 
 
सुशांत के ‍अनुसार मुंबई पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंचने के बजाय उन लोगों से पूछताछ कर रही है जिसका इस केस से ज्यादा लेना-देना नहीं है। 
 
सवाल ये उठता है कि रिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने में राजपूत परिवार ने इतनी देर क्यों लगाई? इस पर परिवार का कहना है कि वे सदमे में थे इसलिए देरी हुई है। 
 
बहरहाल रिया पर जो आरोप हैं, उसका जवाब रिया को देना है। इससे भी कई अहम खुलासे होंगे। वैसे भी सुशांत कोई बच्चे तो थे नहीं जो रिया की सब बातें इतनी आसानी से मान गए। कुछ और खुलासे होंगे तभी स्थिति स्पष्ट होगी। 
ये भी पढ़ें
सुशांत सुसाइड केस : कंगना रनौट ने लगाए रिया चक्रवर्ती-महेश भट्ट पर गंभीर आरोप