शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. People do not like trailer of Sadak 2 starring Alia bhatt and Sanjay dutt
Written By
Last Modified: गुरुवार, 13 अगस्त 2020 (12:56 IST)

सड़क 2 का ट्रेलर गिरा औंधे मुंह, 56 लाख लोगों ने किया नापसंद

सड़क 2 का ट्रेलर गिरा औंधे मुंह, 56 लाख लोगों ने किया नापसंद - People do not like trailer of Sadak 2 starring Alia bhatt and Sanjay dutt
वैसे यह बात मायने नहीं रखती कि सोशल मीडिया पर किसी फिल्म के ट्रेलर को बहुत ज्यादा व्यूज़ और लाइक्स मिले हों तो वो फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर देंगी। पहले भी कई बार देखा गया कि ट्रेलर को तो करोड़ों व्यूज़ और लाखों की संख्या में लाइक्स मिले, लेकिन फिल्म फ्लॉप रही। 
 
बहरहाल, ज्यादातर फिल्मों के ट्रेलर को डिसलाइक की तुलना में लाइक्स ज्यादा मिलते हैं यानी की पसंद करने वालों की संख्या नापसंद करने वालों की तुलना में ज्यादा होती है, लेकिन महेश भट्ट की फिल्म सड़क 2 में मामला उल्टा नजर आ रहा है। 
 
खबर लिखे जाने तक सड़क 2 के ट्रेलर को एक करोड़ अस्सी लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है। तीन लाख 11 हजार लोगों ने इसे पसंद किया है, लेकिन नापसंद करने वालों की संख्या तो 56 लाख पार कर गई है। 
 
इससे साफ झलकता है कि नापसंद करने वालों को फिल्म या उसके ट्रेलर से कोई लेना-देना नहीं है। फिल्म से जुड़े लोगों के प्रति उनके मन में आक्रोश है। 
 
इस फिल्म के निर्देशक हैं महेश भट्ट जबकि लीड रोल में हैं संजय दत्त, आलिया भट्ट, आदित्य रॉय कपूर, पूजा भट्ट। भट्ट फैमिली को लेकर लोगों के मन में नाराजगी है। कारण है नेपोटिज्म। 
 
सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद के खिलाफ लोग हो गए हैं। उनका मानना है कि सुशांत भी इस वजह से बॉलीवुड में पूरी तरह पनप नहीं पाए। 
 
महेश भट्ट परिवार के कई सदस्य बॉलीवुड में हैं और इस कारण लोगों में नाराजगी है जो सड़क 2 के खिलाफ दिखाई दे रही है। 
 
वैसे लोगों की नापसंद का असर फिल्म के प्रदर्शन पर ज्यादा नहीं होगा क्योंकि यह फिल्म सिनेमाघर में रिलीज नहीं हो रही है। यदि होती और लोग इसका बहिष्कार करते तो फिल्म के कलेक्शन पर असर होता। 
 
यह फिल्म तो ओटीटी प्लेटफॉर्म को मुनाफा लेकर बेच दी गई है। डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर इस फिल्म को 28 अगस्त से देखा जा सकता है। हां, लोगों के इस गुस्से से दूसरे निर्माता जरूर सचेत हो जाएंगे और इसका असर भविष्य में नजर आएगा। 
ये भी पढ़ें
इस वजह से इलाज के लिए अमेरिका जाने में संजय दत्त को आ सकती है दिक्कत