शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Education of Bollywood Stars
Written By

कुछ इंजीनियर तो कुछ 10वीं पास... कितने पढ़े-लिखे हैं ये फिल्म स्टार्स...

कुछ इंजीनियर तो कुछ 10वीं पास... कितने पढ़े-लिखे हैं ये फिल्म स्टार्स... - Education of Bollywood Stars
ज्यादातर हीरो पढ़ाई-लिखाई के मामले में जीरो साबित हुए हैं। किसी तरह स्कूली शिक्षा प्राप्त करने के बाद कइयों ने तो कॉलेज का मुंह ही नहीं देखा। कुछ कॉलेज गए भी तो कोर्स अधूरा छोड़ कर भाग आए। कुछ इंजीनियर बनने के बाद अभिनेता बन गए। परिणीति और अमीषा पटेल के पास तो बड़ी-बड़ी डिग्रियां हैं। आइए जानते हैं कि कौन कितना पढ़ा-लिखा है... 
अमिताभ के घर पढ़ाई-लिखाई का माहौल था इसलिए उन्होंने गंभीरता के साथ पढ़ाई की। शेरवुड कॉलेज नैनीताल से स्कूली पढ़ाई के बाद उन्होंने दिल्ली के किरोरीमल कॉलेज से विज्ञान और आर्ट्स में डिग्री ली। 

आमिर खान को बॉलीवुड में बेहद बुद्धिमान माना जाता है, लेकिन स्कूल में वे औसत विद्यार्थी रहे। उन्होंने 12 वीं पास की और कॉलेज का मुंह नहीं देखा। 

सिंधिया स्कूल ग्वालियर और सेंट स्टानिसलॉस हाई स्कूल मुंबई से सलमान खान ने स्कूली पढ़ाई पूरी की। नेशनल कॉलेज मुंबई में दाखिला लिया, लेकिन फिल्मों के चक्कर में कॉलेज जाना छोड़ दिया। 

मध्यमवर्गीय और गैर फिल्मी परिवार होने के नाते शाहरुख खान ने पढ़ाई पर ध्यान दिया। पढ़ाई के साथ-साथ वे स्पोर्ट्स में भी आगे रहे। जामिया मिलिया कॉलेज नई दिल्ली से उन्होंने मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री की पढ़ाई अधूरी छोड़ दी।  

स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद दीपिका पादुकोण ने माउंट कारमेल कॉलेज बेंगलुरु में दाखिला लिया, लेकिन मॉडलिंग के चलते कॉलेज की पढ़ाई छोड़ दी। 
गुरुनानक खालसा कॉलेज में एडमिशन लेते ही अक्षय कुमार को समझ आ गया कि अब पढ़ाई बस की बात नहीं है। पढ़ाई को छोड़ वे बैंकॉक मार्शल आर्ट्स सीखने पहुंच गए। 

फरहान अख्तर के पास कॉमर्स की डिग्री है। 

विद्या बालन सोशलॉजी में ग्रेज्युएट हैं। 

रितिक रोशन कॉमर्स ग्रेज्युएट हैं। 

कैटरीना कैफ के बारे में बताया जाता है कि बचपन में वे एक देश से दूसरे देश जाती रही इसलिए स्कूल नहीं के बराबर गईं। उनकी मां ने ही उन्हें घर पर पढ़ाया लिखाया। 

इमरान हाशमी ग्रेज्युएट हैं। 

अर्जुन कपूर ने 12वीं में फेल होने के बाद पढ़ाई करना बंद कर दिया। 

परिणीति चोपड़ा का तो जवाब नहीं। उन्होंने मैनचेस्टर बिजनेस स्कूल से बिजनेस, फाइनेंस और इकॉनॉमिक्स में ट्रिपल ऑनर्स किया है। 

अजय देवगन ने मीठीबाई कॉलेज से ग्रेज्युएशन किया है। 

अर्जुन रामपाल ने नई दिल्ली के हिंदू कॉलेज से ग्रेज्युएशन किया है। 

कपूर खानदान में पढ़ाई के बजाय फिल्मों के पाठ सीखने पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है। रणबीर कपूर ने बॉम्बे के स्कॉटिश स्कूल से पढ़ाई पूरी की। इसके बाद मुंबई के एचआर कॉलेज में दाखिला लिया। दो साल की पढ़ाई के बाद कोर्स अधूरा छोड़ उन्होंने न्यूयॉर्क के ली स्ट्रासबर्ग थिएटर एंड फिल्म इंस्टीट्यूट से अभिनय सीखना उचित समझा। करीना कपूर और रणबीर दो ही ऐसे कपूर खानदान के शख्स हैं जिन्होंने कॉलेज का मुंह देखा है। 

करिश्मा कपूर के बारे में कहा जाता है कि वे छठवीं पास हैं।

इमरान खान ने स्कूली पढ़ाई के बाद न्यूयॉर्क से फिल्म मेकिंग का कोर्स किया है। 

करीना कपूर ने मीठीबाई कॉलेज से कॉमर्स की दो वर्ष तक पढ़ाई की। फिर लॉ में उनकी रूचि जागी और उन्होंने मुंबई के गर्वमेंट लॉ कॉलेज में दाखिला लिया। पहले साल की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पढ़ाई को बाय-बाय कर दिया। 

दिल्ली और मुंबई में पढ़ने के बाद सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक ने स्विट्जरलैंड के बोर्डिंग स्कूल से पढ़ाई पूरी की। फिर बोस्टन यूनिवर्सिटी में दाखिला ले लिया। बनना तो वे अभिनेता ही चाहते थे, इसलिए पढ़ाई अधूरी छोड़ वापस आ गए और अपने पिता की कंपनी एबीसीएल ज्वाइन कर ली।

पायल रोहतगी के पास कम्प्युटर इंजीनियर की डिग्री है। 

जॉन अब्राहम इकॉनॉक्सि में ग्रेज्युएट हैं। साथ ही उनके पास मैनेजमेंट की डिग्री भी है। 

प्रीति जिंटा साइकॉलॉजी में ग्रेज्युएट हैं। 

वरुण धवन के पास नॉटिंघम ट्रेंट यूनिवर्सिटी (यूके) से बिजनेस मैनेजमेंट की डिग्री है। 

रानी मुखर्जी होम साइंस में ग्रेज्युएट हैं। 

रणवीर सिंह के पास इंडियाना यूनिवर्सिटी, ब्लूमिंगटन (यूएस) से बेचलर ऑफ आर्ट्स की डिग्री है। 

अमीषा पटेल बहुत ज्यादा पढ़ी-लिखी हैं। बोस्टन यूनिवर्सिटी से बायो जेनेटिक इंजीनियरिंग और यूएस की टफ्स यूनिवर्सिटी से इकॉनॉमिक्स की डिग्री उनके पास है। 

सोहा अली खान के पास लंदन स्कूल ऑफ इकॉनॉमिक्स एंड पोलिटिकल साइंस से इंटरनेशनल रिलेशन्स की डिग्री है। 

रितेश देशमुख के पास आर्किटेक्चरल डिग्री है। 

सनी लियोन ने कैथोलिक स्कूल से स्कूलिंग किया है। 

धर्मेन्द्र ने फगवाड़ा से इंटरमीजिएट किया है। 

सुशांत सिंह राजपूत ने 2003 में एआईईईई (ऑल इंडिया इं‍जीनियरिंग एंट्रेंस) में सातवां स्थान हासिल किया और दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की ब्रांच चुनी, पर अभिनय का कीड़ा ऐसा काटा कि सब कुछ छोड़ अभिनय की दुनिया में चले आए। 

ऋचा चड्ढा इतिहास में ग्रेज्युएट हैं। साथ ही सोशल कम्युनिकेशन मीडिया का ‍पोस्ट ग्रेज्युएशन डिप्लोमा भी उनके पास है।  

आयुष्मान खुराना के पास मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री है। 

गोविंदा कॉमर्स में ग्रेज्युएट हैं। 

सोनू सूद इंजीनियर हैं। नागपुर के यशवंतराव चव्हाण कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनिरिंग की है।

राज कपूर ने मैट्रिक की परीक्षा में लेटिन और गणित विषयों में फेल हो जाने के बाद पढ़ाई छोड़ दी। 

दिलीप कुमार ने स्कूल की पढ़ाई ही पूरी की। 

देव आनंद ने गर्वमेंट कॉलेज लाहौर से इंग्लि‍श लिटरेचर में बीए की डिग्री हासिल की थी। 

राजेश खन्ना ने स्कूली पढ़ाई के बाद पुणे के एक कॉलेज में बीए का कोर्स शुरू किया, लेकिन दो साल बाद उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी। 

विनोद खन्ना कॉमर्स में ग्रेज्युएट हैं। 

रेखा ने अभिनय के लिए स्कूल की पढ़ाई आधे में ही छोड़ दी थी। 

हेमा मालिनी ने दसवीं की पढ़ाई आधे में ही छोड़ दी और अभिनय की दुनिया में आ गईं। 

जीनत अमान ने पंचगनी से स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए लॉस एंजिल्स गईं, लेकिन अपना ग्रेज्युएशन अधूरा छोड़ दिया। 

परवीन बाबी के पास इंग्लिश लिटरेचर में मास्टर डिग्री थी। 

ऐश्वर्या राय ने 90 प्रतिशत अंकों के साथ एचएससी परीक्षा पास की। फिर रहेजा कॉलेज ऑफ आर्ट्स में एडमिशन लिया, लेकिन मॉडलिंग के करियर को ध्यान में रखते हुए पढ़ाई को बाय-बाय कह दिया।

अनुष्का शर्मा आर्ट्स में ग्रेज्युएट हैं।

सुष्मिता सेन ने स्कूली पढ़ाई ही की और कॉलेज कभी नहीं गई।

मिथुन चक्रवर्ती के पास केमिस्ट्री में डिग्री है। 

मल्लिका शेरावत के पास फिलॉसॉफी की डिग्री है। 
ये भी पढ़ें
शाहरुख खान ठुकरा चुके हैं इन ब्लॉकबस्टर फिल्मों के ऑफर