गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
  4. Action Jackson, PK
Written By समय ताम्रकर
Last Updated : मंगलवार, 2 दिसंबर 2014 (16:31 IST)

दिसम्बर माह में दो धमाकों के लिए रहिए तैयार

दिसम्बर माह में दो धमाकों के लिए रहिए तैयार - Action Jackson, PK
वर्ष 2014 का नवम्बर माह बॉलीवुड के लिए व्यवसाय की दृष्टि से सबसे ज्यादा खराब रहा। इस महीने रिलीज हुईं तमाम फिल्में असफल रहीं। 'द शौकीन्स' का हास्य, 'किल दिल' का एक्शन और 'रंग रसिया' की कलात्मकता दर्शकों को आ‍कर्षित करने में नाकाम रही। ऐसा लगा कि दर्शक सिनेमाघर का रास्ता ही भूल गए हों। 
 
'हैप्पी न्यू ईयर' के सिनेमाघरों से बिदा होते ही सन्नाटा छा गया। दिवाली पर हर इंसान जरूरत से ज्यादा खर्च करता है और यह भी एक कारण है कि इस समय दर्शक सिनेमा देखने के मूड में नहीं है। प्रदर्शकों और वितरकों के लिए यह बहुत ही कठिन समय है कि किस तरह दर्शकों को सिनेमाघरों में खींचा जाए। 
 
दिसम्बर का महीना आरंभ हो गया है और फिल्म इंडस्ट्री बीती बात को भूला कर इस महीने को बहुत ही उम्मीद के साथ देख रहा है। इस महीने दो बड़ी फिल्में रिलीज होने जा रही हैं और बॉलीवुड इनकी सफलता को लेकर निश्चिंत है। 'एक्शन जैक्सन' और 'पीके' सिनेमाघरों में बहार ला सकती है। दिसम्बर के ये दो सबसे बड़े धमाके हैं।  
दिसम्बर में चार शुक्रवार आ रहे हैं। पांच दिसम्बर को एक्शन जैक्सन, भोपाल- ए प्रेअर फॉर रेन, सुलेमानी कीड़ा और एक्सोडस- गॉड्स एण्ड किंग्स रिलीज होंगी जिसमें से एक्शन जैक्सन सब पर भारी पड़ने की संभावना है। प्रभुदेवा मसाला फिल्म बनाने के मामले में किंग हैं। उन्हें पता है कि कौन सा भाव किस मात्रा में मिलाया जाना चाहिए। अजय देवगन और सोनाक्षी सिन्हा की हिट जोड़ी भी दर्शकों के आकर्षण का केन्द्र है। साथ ही फिल्म का संगीत भी हिट हो चुका है। इसके साथ ही 'भोपाल-ए प्रेअर फॉर रेन' जैसी फिल्म भी रिलीज हो रही है जो भोपाल गैस कांड की त्रासदी पर आधारित है। हॉलीवुड फिल्मों के शौकीनों के लिए एक्सोडस- गॉड्स एण्ड किंग्स के जरिये मनोरंजन करने का अवसर है।

 
12 दिसम्बर का शुक्रवार खाली-खाली है क्योंकि 'एक्शन जैक्सन' को दो सप्ताह का ओपन रन दिया गया है। इस शुक्रवार 'मैं और मि. राइट' रूम- द मिस्ट्री' के साथ दक्षिण भारतीय सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'लिंगा' हिंदी में डब होकर रिलीज होगी। 12 तारीख को रजनीकांत का जन्मदिन भी है। दक्षिण भारत में यह फिल्म तहलका मचा सकती है, लेकिन हिंदी वर्जन के लिए ऐसा नहीं कहा जा सकता है। 
 
19 दिसम्बर को वर्ष की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक 'पीके' रिलीज होने वाली है। 'थ्री इडियट्स' के राजकुमार हिरानी और आमिर खान फिर साथ दिखाई देंगे। फिलहाल फिल्म को लेकर खास माहौल नहीं बना है, लेकिन आमिर खान की फिल्मों पर दर्शक आंख मूंद कर विश्वास करते हैं। इस फिल्म के कई रिकॉर्ड तोड़े जाने की संभावना है। क्रिसमस और नए वर्ष की छुट्टियों का पूरा लाभ फिल्म को मिलेगा। पीके को तीन सप्ताह का ओपन रन मिला है और इस दौरान कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं होगी। 
 
वर्ष के आखिरी शुक्रवार को सिर्फ एक फिल्म 'मुंबई केन डांस साला' को रिलीज किए जाने की घोषणा अब तक हुई है। 

दिसम्बर माह में रिलीज होने वाली प्रमुख फिल्में
5 दिसम्बर   एक्शन जैक्सन, भोपाल-ए प्रेअर फॉर रेन्स, सुलेमानी कीड़ा, एक्सोडस : गॉड्स एंड किंग्स 
12 दिसम्बर  मैं और मिस्टर राइट, रूम- द मिस्ट्री, लिंगा (डब)
19 दिसम्बर  पीके 
26 दिसम्बर   मुंबई केन डांस साला