शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. आलेख
Written By समय ताम्रकर

करियर का आगाज़ शाहरुख खान के साथ (स्लाइड शो)

करियर का आगाज़ शाहरुख खान के साथ (स्लाइड शो) -
पहली ही फिल्म में किसी अभिनेत्री को शाहरुख खान जैसे नायक की नायिका बनने का अवसर मिल जाए, यह उसके लिए सपना पूरा होने के समान है। शाहरूख़ की आगामी फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ के जरिए अनुष्का शर्मा अपना करियर शुरू कर रही हैं। आइए चर्चा करें उन ‍अभिनेत्रियों की जिन्होंने अपना सफर किंग खान के साथ शुरू किया।

अनुष्का शर्मा: रब ने बना दी जोड़ी (2008)

PR

शाहरुख और अनुष्का की उम्र में बहुत बड़ा अंतर है। पहली फिल्म में ही स्टार अभिनेता और स्टार निर्देशक आदित्य चोपड़ा के साथ अनुष्का करियर शुरू कर रही हैं। आदित्य इस फिल्म में एक ऐसी लड़की चाहते थे, जो बिलकुल पंजाबी कुड़ी लगे। अनेक चेहरे उन्होंने परखे और अनुष्का के रूप में उनकी तलाश खत्म हुई। अनुष्का आगे का सफर कैसे तय करती हैं, ये आने वाला समय बताएगा।


दीपिका पादुकोण : ओम शांति ओम (2007)

IFM

ओम (शाहरुख खान) की शांति बनने का अवसर दीपिका पादुकोण को मिला। दीपिका की सुंदरता के कई निर्माता कायल थे और उन्हें अपनी फिल्म के जरिए लांच करना चाहते थे। दीपिका बड़े अवसर की तलाश में थीं। जब फरहा खान ने उन्हें ‘ओम शांति ओम’ में शाहरुख की नायिका बनने का ऑफर दिया तो उनके मुँह से ‘हाँ’ ही निकला। फिल्म प्रदर्शित होने के पहले ही उन्हें स्टार का दर्जा मिल गया था। शाहरुख के साथ उन्होंने दोहरी भूमिका निभाई और इस समय उनकी गिनती बॉलीवुड की चोटी की नायिकाओं में होती है।


IFM

IFM

गायत्री जोशी : स्वदेस (2004)
‘स्वेदस’ फिल्म में शाहरुख ने अपनी इमेज के विपरीत एक साधारण इंसान की भूमिका निभाई थी। निर्देशक आशुतोष गोवारीकर ऐसी नायिका चाहते थे, जो साधारण किंतु आकर्षक हो, जिसके चेहरे से भारतीयता दिखाई दे। गायत्री जोशी में उन्हें ये सारी खूबियाँ दिखाई दीं। शाहरुख की नायिका बनने का गायत्री को कोई फायदा नहीं हुआ। फिल्म फ्लॉप हो गई और गायत्री को इसके बाद कोई फिल्म नहीं मिली। शादी कर उन्होंने अपना घर बसा लिया।

प्रिती जिंटा : दिल से (1998)
’लिरिल’ साबुन का विज्ञापन करने वाली प्रीति जिंटा को शेखर कपूर ने अपनी फिल्म की नायिका के रूप में चुना था, लेकिन शेखर जितनी फिल्मों की घोषणा करते हैं, उसमें से ज्यादातर सिर्फ घोषणा बनकर ही रह जाती है। मणिरत्नम को ‘दिल से’ के लिए एक ताजगी भरे चेहरे की आवश्यकता थी और यह ताजगी उन्हें प्रीति जिंटा में नजर आई। फिल्म में मनीषा कोईराला की अहम भूमिका थी, लेकिन दर्शकों को प्रीति भी याद रहीं। प्रीति और शाहरुख की जोड़ी खूब जमी और दोनों ने अनेक यादगार फिल्मों में साथ काम किया।

IFM

IFM

महिमा चौधरी : परदेस (1997)
सुभाष घई ने महिमा चौधरी को ‘परदेस’ में शाहरुख की नायिका बनाया। इस तरह ‘परदेस’ और ‘स्वदेस’ नामक दो फिल्में शाहरुख ने की और दोनों में उनकी नायिका एक नया चेहरा था। महिमा इस मौके का फायदा आगे नहीं उठा पाया और उन्हें गलत फिल्म करने का खामियाजा भुगतना पड़ा।


सुचित्रा कृष्णमूर्ति : कभी हाँ कभी ना (1994)
सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने ‘कभी हाँ कभी ना’ में शाहरुख के साथ काम किया था। तब शाहरुख बड़े स्टार नहीं बने थे और इस फिल्म में दीपक तिजोरी ने शाहरुख की बराबरी का रोल निभाया था। इस फिल्म को खास सफलता नहीं मिली। सुचित्रा का ध्यान अभिनय की ओर कम था और उन्होंने बाद में शेखर कपूर से विवाह कर लिया जो बाद में टूट गया।
IFM

शिल्पा शेट्टी : बाजीगर (1993)

‘बाजीगर’ की शिल्पा और अब की शिल्पा के चेहरे में बड़ा अंतर आ चुका है। ‘बाजीगर’ में शाहरुख का किरदार ‘ग्रे’ शेड लिए हुए था। इसमें शाहरुख शिल्पा के साथ प्यार करते हैं। गाने गाते हैं और बाद में उसे बिल्डिंग से नीचे फेंक देते हैं। ‘बाजीगर’ हिट हुई और इसके तीनों कलाकार (शाहरुख, काजोल, शिल्पा) की गाड़ी चल निकली।

गौर करने लायक बात है कि जिन नायिकाओं ने शाहरुख के साथ करियर शुरू किया उसमें से सिर्फ प्रीति जिंटा को ही शाहरुख की दुबारा नायिका बनने का अवसर मिला।