Royal Enfield का आंध्रप्रदेश में बड़ा प्लांट, 2000 नौकरियां और 2200 करोड़ का निवेश
रॉयल एनफिल्ड (Royal Enfield) आंध्र प्रदेश में अपना नया मोटरसाइकिल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करने की तैयारी कर रही है। इस परियोजना में कंपनी करीब 2,200 करोड़ रुपये का निवेश कर सकती है। खास बात यह है कि तमिलनाडु के बाहर कंपनी का यह पहला बड़ा प्रोडक्शन विस्तार होगा। आंध्रप्रदेश के आईटी मंत्री Nara Lokesh ने सोशल मीडिया के जरिए इस परियोजना के संकेत दिए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी का नया प्लांट तिरुपति के पास स्थापित किया जाएगा और भविष्य में यह भारत में रॉयल एनफील्ड के सबसे बड़े मैन्युफैक्चरिंग हब्स में से एक बन सकता है। फिलहाल कंपनी अपनी सभी मोटरसाइकिलों का उत्पादन चेन्नई के आसपास स्थित फैक्ट्रियों में करती है।
घरेलू और निर्यात बाजारों में रॉयल एनफील्ड बाइक्स की बढ़ती मांग को देखते हुए आंध्र प्रदेश का यह नया प्लांट कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। बताया जा रहा है कि इस परियोजना को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा और भविष्य की विस्तार योजनाओं के आधार पर कुल निवेश 2,200 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,508 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आंध्र प्रदेश सरकार ने तिरुपति के पास इस प्रोजेक्ट के लिए करीब 450 एकड़ जमीन आवंटित की है। प्रस्तावित यूनिट में मोटरसाइकिल, इंजन और अन्य कंपोनेंट्स का स्थानीय स्तर पर निर्माण किया जाएगा। यह भी कहा जा रहा है कि इस प्लांट से लगभग 2,000 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जबकि सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स और सहायक उद्योगों के जरिए हजारों लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिल सकता है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें