मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
Written By BBC Hindi

जम्मू में मुसलमान गूजरों का विस्थापन

जम्मू में मुसलमान गूजरों का विस्थापन -
जम्मू में अमरनाथ मंदिर बोर्ड को दी गई जमीन वापस लेने के खिलाफ चल रहे आंदोलन में सैकड़ों मुसलमान गूजर बेघर हो गए हैं।
BBC
इन लोगों ने जम्मू के मुसलमान बहुल इलाके में शरण ली है। इनका कहना है कि प्रदर्शनकारियों की धमकी और अत्याचार के कारण वे अपना घर छोड़ने को मजबूर हैं। हालाँकि अमरनाथ यात्रा संघर्ष समिति का कहना है विस्थापन की कहानी उन लोगों प्रशासन ने गढ़ी है, जो आंदोलन को सांप्रदायिक रंग देना चाहते हैं।

जम्मू के कई मुस्लिम संगठनों ने भी आंदोलन का यह कहते हुए समर्थन किया है कि आजादी के बाद कश्मीरी नेताओं के हाथ जम्मू क्षेत्र की अनदेखी का नतीजा है। विस्थापित हुए गूजरों को जम्मू के सुंजवान इलाके में एक निजी स्कूल भवन में रखा गया है।

आपबीती : इनमें से एक लाल हुसैन कहते हैं हम अपने परिवार के साथ हीरानगर से आए हैं। प्रदर्शनकारी हमारे इलाके में आते थे और सारा दूध लेकर भाग जाते थे। वे धार्मिक नारे लगाते थे और हमें धमकाते थे।

एक और विस्थापित मोहम्मद अकरम का कहना है पहले प्रदर्शनकारी मवेशियों को ले गए और हमारी झोपड़ियों में आग लगा दी। उन्होंने चाँदी और सोने के जेवर भी लूट लिए। मोहम्मद अकरम का कहना है कि उनके समुदाय के लोग काफी डरे हुए हैं और लगभग तीस लोगों ने गाँव छोड़ दिया है।

वे कहते हैं हममें से जो प्रदर्शनाकरियों का साथ देते हैं, वे सुरक्षित हैं, जबकि दूसरों को धमकी मिल रही हैं। दूसरी ओर संघर्ष समिति के प्रवक्ता डॉक्टर जतींद्रसिंह कहते हैं यह आंदोलन पूरी तरह धर्मनिरपेक्ष है। इसमें सभी समुदायों का साथ है। आंदोलन तो दो महीने से चल रहा है, फिर विस्थापन अभी कैसे हुआ।

उन्होंने दावा किया इस आंदोलन को कई मुस्लिम संगठनों से समर्थन मिल रहा है। आंदोलन का समर्थन करने वाले मुस्लिम संगठन मुस्लिम फ्रंट के मुख्य संरक्षक प्रोफेसर जहूरूद्दीन कहते हैं हमने और सरकार ने इन लोगों की सुरक्षा का भरोसा दिया है और ये लोग घर लौटने पर राजी हो गए हैं।