• Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार
Written By BBC Hindi
Last Modified: सोमवार, 11 मार्च 2013 (11:39 IST)

दिल्ली गैंगरेप : रामसिंह आखिर था कौन

रामसिंह
FILE
तिहाड़ जेल में कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले दिल्ली गैंगरेप के मुख्य अभियुक्त रामसिंह उस बस के चालक था जिसमें इस सामूहिक बलात्कार को अंजाम दिया गया था।

घटना के दो दिन बाद यानी 18 दिसंबर को रामसिंह को गिरफ़्तार किया गया था। रामसिंह को सबसे पहले पकड़ा गया था। रामसिंह का छोटा भाई मुकेश सिंह भी इस केस में अभियुक्त है।

पुलिस ने रामसिंह के अलावा मुकेशसिंह, विजय शर्मा, अक्षय ठाकुर और पवन गुप्ता के ख़िलाफ़ आरोप पत्र दाख़िल किया था।

सूत्रों के मुताबिक 33 वर्षीय रामसिंह, उसके भाई मुकेश और सहायक अक्शे ठाकुर ने घटना वाले दिन पार्टी की और फिर मस्ती करने के इरादे से बस में निकल पड़े थे। इसी के बाद उन्होंने कथित तौर पर इस महिला के साथ बलात्कार किया था।

दुर्घटना : साल 2009 में एक दुर्घटना में घायल होने के बावजूद वह बस चलाता था। इस दुर्घटना में उसकी एक बाजू को इतनी चोट आई थी कि डॉक्टरों को रॉड डालनी पड़ी थी।

उसे जानने वाले बताते हैं कि वह छोटे कद का था। दक्षिण दिल्ली की एक बस्ती में रहने वाले रामसिंह के कुछ पड़ोसियों का कहना था कि वो अक्सर शराब पीकर अपना आपा खो देता था।

एक महिला का कहना था कि कई बार वहां झगड़ों में शामिल पाया जाता था। अपनी बस्ती में लोग उसे 'मेंटल' के नाम से जानते थे। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि घटना के बाद उसने सबूत को खत्म करने की काफी कोशिश की और बस को पानी से धोया भी ताकि पुलिस की जांच भटक जाए।

वसंत विहार इलाके में हुई इस वारदात के बाद देशभर में गुस्से की लहर दौड़ गई थी। बस में युवती के साथ उसका दोस्त भी मौजूद था। आरोपियों ने दोनों की बुरी तरह पिटाई की और युवती के साथ दरिंदगी को अंज़ाम दिया।