शनि जयंती पर मेष, कुंभ और मीन राशियां करें साढ़ेसाती से मुक्ति के 5 अचूक उपाय
Shani jayanti 2026: प्रतिवर्ष शनि जयंती ज्येष्ठ मास की अमावस्या को पड़ती है। साल 2026 में शनि जयंती 16 मई, शनिवार को मनाई जाएगी। 3 राशियों पर शनि की साढ़ेसाती जारी है। ये राशियां हैं- मेष, कुंभ और मीन। मेष राशि पर साढ़ेसाती का प्रथम, मीन पर दूसरा और कुंभ पर अंतिम चरण चल रहा है। शनिश्चरी अमावस्या पर ये अचूक उपाय करके शनि की साढ़ेसाती से मुक्ति पाई जा सकती है।
1. छाया दान:
शनि जयंती से 11 शनिवार तक यह उपाय करें। एक कांसे या स्टील की कटोरी में सरसों का तेल भरें और उसमें अपना चेहरा देखकर उसे तेल सहित शनि मंदिर में शनि भगवान के चरणों में रख दें। यह उपाय शारीरिक कष्टों और 'अकाल मृत्यु' के भय को दूर करता है और साथ ही शनि की साढ़ेसाती में राहत देता है।
2. पीपल में दीपक:
शनि अमावस्या के दिन सूर्यास्त के बाद पीपल के पेड़ के पास सरसों के तेल का चौमुखी दीपक जलाएं। पीपल की 7 बार परिक्रमा करें और "ॐ शं शनैश्चराय नमः" का जाप करें। माना जाता है कि पीपल में शनि देव का वास होता है, इससे पितृ दोष भी शांत होता है और शनि की साढ़ेसाती से मुक्ति का मार्ग भी खुलता है।
3. दस अंधों को कराएं भोजन:
शनि भगवान की सभी तरह के दिव्यांग, मजदूर, विधवा और गरीब लोगों पर कृपा रहती हैं। यदि आप इन लोगों की सेवा करते हैं तो शनिदेव प्रसन्न होंगे। खासकर यदि आप 10 अंधे लोगों को एक साथ भरपेट भोजन कराते हैं तो शनिदेव अत्यंत ही प्रसन्न होकर आपको साढ़ेसाती से मुक्त कर देंगे। आपके पाप कर्मों या प्रारब्ध का बंधन कट जाएगा। इस दिन किसी गरीब को काले तिल, काला छाता, चमड़े के जूते या लोहे का तवा दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है।
4. काले कुत्ते, कौवे और मछलियों को भोजन:
शनि देव पशु-पक्षियों की सेवा से शीघ्र प्रसन्न होते हैं। इस दिन काले कुत्ते को सरसों का तेल लगी हुई रोटी खिलाएं और कौवों को दाना डालें। यदि कुत्ता काला हो, तो यह राहु और शनि दोनों के नकारात्मक प्रभाव को खत्म कर देता है। यदि यह नहीं कर सकते हैं तो इस दिन 100 मछलियों को अन्न का दाना खिलाएं।
5. आठ बार हनुमान चालीसा का पाठ:
शनि जयंती पर यदि आप 8 बार निरंत हनुमान चालीसा का पाठ करके हनुमानजी को चौला अर्पित करते हैं और उन्हें गुड़, चना और लड्डू का प्रसाद चढ़ाते हैं तो मानकर चले कि शनिदेव के प्रकोप से आप तुरंत ही बच जाएंगे और शनिदेव आपको कभी प्रताड़ित नहीं करेंगे।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया धर्म-ज्योतिष टीम
पौराणिक कथा, इतिहास, धर्म और दर्शन के जानकार, अनुभवी ज्योतिष, लेखक और विषय-विशेषज्ञों द्वारा लिखे गए आलेखों का प्रकाशन किया जाता है।....
और पढ़ें