गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. ज्योतिष
  3. आलेख
  4. Mars transit in Taurus
Written By

22 मार्च से बदल गए हैं मंगल, जानिए किन राशियों में करवाएंगे दंगल

22 मार्च से बदल गए हैं मंगल, जानिए किन राशियों में करवाएंगे दंगल - Mars transit in Taurus
22 मार्च 2019 शुक्रवार की दोपहर तीन बजे के आसपास मंगल ग्रह वृषभ राशि में प्रवेश कर चुके हैं। उससे पूर्व मंगल अपनी राशि मेष में थे। कुछ दिनों के लिए मंगल, गुरु के ठीक सामने होंगे। ये स्थिति बहुत से लोगों को राहत देगी। वहीं कई दिनों से कई लोगों की जिंदगी में जो तूफान था, वह कम हो जाएगा। 7 मई तक मंगल वृषभ राशि में रहेंगे। जानिए, किस राशि पर इसका क्या प्रभाव होगा? 
 
मेष राशि- 
मेष राशि में दूसरे स्थान से मंगल का गोचर हो रहा है।। मंगल की शुभ स्थिति मेष राशि के जातकों के लिए धन प्राप्ति का योग बनाएगी। पारिवारिक सुख में आंतरिक विवादों की संभावना को देखते हुए संयम रखना होगा। यात्रा-प्रवास का योग बनेगा। धार्मिक यात्रा की भी संभावना है। परस्पर संबंधों और विद्याभ्यास में आपको अनुकूलता रहेगी। 
 
वृषभ राशि - 
 वृषभ राशि में मंगल का गोचर कई तरह के लाभ दे सकता है। चल-अचल संपत्ति से जुड़े काम बनेंगे। शादीशुदा लोग विवादों के अंदेशे को देखते हुए जीवनसाथी के साथ संयम से बात करें।  उनकी बातों को समझने का प्रयास कीजिए। सार्वजनिक जीवन पर अपनी वाणी पर कंट्रोल रखना होगा नहीं तो गलतफहमियां बहुत बढ़ जाएंगी। 
 
मिथुन राशि - 
मिथुन राशि के जातकों के लिए मंगल चंद्र से बारहवें स्थान यानी व्यय स्थान से गुजरेगा। इससे मिथुन जातकों के आकस्मिक खर्च होने की संभावना बढ़ जाएगी। बीमारी घेर लेंगी। यात्रा-प्रवास के योग बनेंगे। प्रोफेशनल मोर्चे पर अर्थात नौकरी या धंधे में आंतरिक विवादो की संभावना है। दांपत्य जीवन में प्रतिकूलता रहने की आशंका रहेगी। 
 
कर्क राशि-
कर्क राशि के जातकों के लिए वृषभ का मंगल पंचमेश व कर्मेश बनकर ग्यारहवें स्थान से भ्रमण कर रहा है। योग कारक ग्रह मंगल के लाभ स्थान पर होने से इस राशि वालों के लिए स्थिति अच्छी कही जाएगी। इस मंगल के गोचर की वजह से निजी जीवन की अनुकूलता में वृद्धि होगी। कामकाज में प्रगति के संकेत हैं। आर्थिक मोर्चे पर उन्नति की आस लगा सकते हैं। वाणी पर संयम रखना सीखें अन्यथा कुंटुंबजनों से विवाद हो सकता है।
 
सिंह राशि- 
सिंह राशि के जातकों के लिए वृषभ राशि का मंगल भाग्येश तथा सुखेश बनकर दसवें भाव से भ्रमण कर रहा है। यह मंगल ‘ दक्षिणायै यमाय नमः’ श्लोक के अनुसार स्थान बली हो जाता है। सिंह राशि के जातकों के लिए यह मंगल उनके ध्येय में सफलता प्रदायक साबित होगा, परंतु उसके लिए उनको कड़ी मेहनत की आवश्यकता होगी। कार्यक्षेत्र से जुड़े नए अवसर हाथ लग सकते हैं। चल-अचल संपत्ति के कार्यों में भी अनुकूलता रहेगी। 
 
कन्या राशि-
कन्या राशि के जातकों के लिए मंगल भाग्य स्थान से जा रहा है। इससे कन्या राशि के जातक अचानक से किसी दुर्घटना या चोट के शिकार हो सकते हैं। वाहन चलाते समय अपना ध्यान रखें। व्यर्थ की जल्दबाजी घातक हो सकती है। जरूरत हो तो हेल्थ की समस्या पता चलते ही अपने डॉक्टर से इलाज करवाएं। लापरवाही ना बरतें। आपके दैनिक प्रोफेशनल कामों में प्रगति दिखाई देगी। आकस्मिक धन प्राप्ति के योग हैं।
 
तुला राशि-
तुला राशि में वृषभ का मंगल आठवें स्थान में से गोचर करता है। इस वजह से इस अंतराल में आपको अपनी तबीयत का ध्यान रखना होगा। अन्यथा छोटे-मोटे विकार बड़ी बीमारी का रूप ले सकते हैं। वाहन चलाते समय जरा भी असावधान मत रहिए। मध्यम फलदायी समय है। पारिवारिक सुख भी सामान्य तौर पर मिलेगा। 
 
वृश्चिक राशि- 
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए मंगल दांपत्यजीवन में पति-पत्नी के बीच मतभेद की संभावना बढ़ेंगी। आप अपनी बात को सच साबित करने और अपनी बात को मनवाने के लिए जोर जबरदस्ती से पेश आएंगे। जहां तक संभव हो दलीलबाजी को टालें। प्रोफेशनल मोर्चे पर हर एक व्यक्ति के साथ रिश्ते अच्छे रखें और कामकाज में लोगों के साथ विनम्रता से पेश आइए। स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना  होगा। 
 
धनु राशि- 
धनु राशि वालों के लिए वृषभ का मंगल पंचमेश और व्ययेश होकर छठें स्थान में से भ्रमण कर रहा है। अनपेक्षित खर्च होने की संभावना है। खर्च पर अंकुश नहीं रखेंगे, तो अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए दूसरे के सामने हाथ फैलाने तक की नौबत आ सकती है। स्वास्थ्य के मामले में प्रतिकूल संयोग नजर आ रहा है। घनिष्ठ संबंधों से लाभ की आशा कर सकते हैं। विद्याभ्यास हेतु अनुकूल समय रहेगा।
 
मकर राशि- 
मकर राशि के जातकों के लिए वृषभ राशि का मंगल सुखेश और लाभेश होकर पंचम स्थान में से भ्रमण करता है। इससे जातकों को संतान की ओर से शुभ परिणाम देखने को मिलेगा। आर्थिक लाभ के योग रूप लेंगे। चल-अचल संपत्तियों में लाभ अर्जित करने के लिए अनुकूल समय होने से हमारे जो जातक जमीन संबंधी सौदों का विचार कर रहे हैं वे ऐसे निर्णय ले सकेंगे। कुल मिलाकर यदि देखा जाए तो आपके लिए शुभ व फलदायी रहेगा। 
 
कुंभ राशि- 
कुंभ राशि के जातकों के लिए वृषभ का मंगल कर्मेश होकर चौथे स्थान से भ्रमण करता है। इससे जातकों के यात्रा के योग रहेंगे। माता के लिए शुभ व फलदायी समय रहेगा। नयी संपत्ति खड़ी करने और घर से संबंधित कामकाजों में खर्च की संभावना बढ़ेंगी। वाहन या इलेक्ट्रॉनिक्स की चीजों की खरीदी करने करने की संभावना है। 
 
मीन राशि-  
मीन राशि के जातकों के लिए वृषभ राशि का मंगल धनेश व भाग्येश होकर तीसरे स्थान यानी कुंडली के पराक्रम स्थान से भ्रमण करता है। भाग्यवृद्धि के मौके रहेंगे एवं आपके सुख व समृद्धि में देखते ही देखते वृद्धि होगी। पारिवारिक सुख उठा सकेंगे। आर्थिक मोर्चे पर भी आपकी स्थिति मजबूत बनेगी। प्रोफेशनल मोर्चे पर कुछ नया साहस करने की प्रेरणा जगेगी।
ये भी पढ़ें
नेचुरल दर्द निवारक हैं ये 5 चीजें, अब पेन किलर की जरूरत नहीं होगी आपको