शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. ज्योतिष
  3. ज्योतिष 2020
  4. 2020 Horoscope

2020 Horoscope for Every Sign: वर्ष 2020 कैसा होगा 12 राशियों के लिए

2020 Horoscope for Every Sign: वर्ष 2020 कैसा होगा 12 राशियों के लिए - 2020 Horoscope
मेष : मेष राशि वाले जातकों के लिए यह वर्ष उत्तम रहेगा। इस वर्ष सुख-शांति के साथ ही उन्नति भी रहेगी। जल यात्रा के योग भी बन रहे हैं। विदेश यात्रा नौकरी के साथ होने के योग हैं। धार्मिक यात्रा व आत्मज्ञान श्रद्धा से करने पर प्राप्त होगा। इस वर्ष भाई-बंधु व ईष्ट मित्र के सहयोग से यश, पद व प्रतिष्ठा की प्राप्ति होगी।
 
2020 में शनि का प्रभाव आपके व्यवसाय की वृद्धि कराएगा व नौकरी वर्ग वाले जातकों को पदोन्नति वमान-सम्मान प्रतिष्ठा में वृद्धि कराएगा। कृषि वर्ग वालों की दशा-दिशा में बदलाव आएगा। इज्जत व राज्य सम्मान में वृद्धि मिलेगी, परंतु पिता से सामान्य विचारों में मतभेद रहेंगे। इस वर्ष मनोकामना पूर्ण होगी।
 
वर्ष के मध्य से समाज में प्रतिष्ठा बढ़ेगी, साथ ही राज्य से सम्मान के योग बनते हैं। राजनीति के क्षेत्र में यश व पद-प्रतिष्ठा प्राप्त होगी। मूल निवास वाले स्थान पर प्रतिष्ठा अर्थात सर्वत्र मान-सम्मान तो बढ़ेगा, परंतु घर में बार-बार असमंजस वाली स्थिति रहेगी अत: संयम से काम लें।
 
अप्रैल से जून तक स्वतंत्र व स्वछंद विचार वाला जीवन रहेगा। सब कुछ आपके अनुकूल रहेगा। पूरे साल में कुछ न कुछ प्राप्त होगा। इस वर्ष गुरु, शनि एवं केतु की आराधना लाभप्रद रहेगी। जून माह श्रेष्ठ रहेगा
वृषभ : वृषभ राशि वालों के लिए यह वर्ष सुख-शांति और वैभव प्राप्ति वाला रहेगा। जून माह में विशेष सफलता प्राप्त होगी। साढ़ेसाती का प्रभाव विशेष न रहकर कम रहेगा। व्यापार वृद्धि होगी। जीवनसाथी के कार्यों में विघ्न आएगा। कभी-कभी दोस्तों से मनमुटाव की स्थिति बन सकती है।
 
इस वर्ष विदेश यात्रा के योग हैं व पुत्र को विदेश में रोजगार मिलेगा। कन्या को इस वर्ष अच्छे वर की प्राप्ति होगी। कर्जा कम होगा। वाहन, भूमि व भवन हेतु खर्च होगा अर्थात भूमि संबंधी लाभ होगा। वाणी में तेज पर ध्यान देना होगा।
 
स्वास्थ्य नरम-गरम रहेगा। गृहस्थ जीवन में उठापटक बनी रहेगी। व्यवसाय मध्यम रहेगा। फरवरी में शनि के भाग्य भाव में आने से राज्य से सम्मान प्राप्त होगा। धार्मिक यात्राएं भी होंगी। वायु, जल व थल में से किसी प्रकार की नौकरी संतान के लिए शुभ रहेगी। धार्मिक कार्य पर कोई बड़ा खर्च घर में होगा। इस वर्ष किसी पर भी अधिक विश्वास न करें। कोर्ट-कचहरी व न्यायिक समस्या से छुटकारा मिलेगा।
 
कृषि में मध्यम लाभ मिलेगा। इस राशि के महिला वर्ग के लिए यह वर्ष शुभ-अशुभ दोनों ही फल देने वाला रहेगा। विद्यार्थी वर्ग के लिए यह वर्ष उन्नति वाला रहेगा। तकनीकी शिक्षा के नए रास्ते मिलेंगे। अप्रैल से जून तक इन 3 महीने नई तकनीक व उन्नति वाले रहेंगे। आपके लिए यह वर्ष अनुकूल स्थिति पैदा करने वाला व सुख-वैभव प्राप्ति वाला रहेगा, साथ ही आधुनिक साधनों से सुख देने वाला रहेगा। इस वर्ष इस राशि वालों के लिए हर क्षेत्र में सफलता मिलेगी।
 
विशेष : अप्रैल माह श्रेष्ठ रहेगा।
मिथुन : मिथुन राशि वालों के लिए यह वर्ष पूर्वार्द्ध में इच्छा जागृत, संतान योग, विवाह सुख, द्रव्य आदि से लाभ मिलने वाला व सुख-संपत्ति वृद्धि वाला रहेगा। शरीर में से इच्छा परिवर्तन, कार्य विशेषता और सफलता वाला रहेगा। फरवरी से परिवार में अशांति व असंतोष रहेगा। उत्तरार्द्ध में शनि की पनौती ढैया बैठने के कारण शारीरिक कष्ट, रोग व्याधि, व्यर्थ भ्रमण व झगड़े-झंझट इत्यादि में खर्च होगा।
 
न्यायालय में खर्च होगा। शारीरिक पीड़ा के साथ स्वजनों से कष्ट रहेगा, कर्ज भी हो सकता है। अपने विचारों पर संयम रखें व अधिक खर्च से बचें, क्योंकि वर्ष का उत्तरार्द्ध मिश्रित फल देने वाला रहेगा। धन-धान्य, यश-वैभव व लक्ष्मी प्राप्ति होगी। इस वर्ष राहु की आराधना व शनि जाप लाभदायक रहेंगे।
 
विशेष : अप्रैल महीना फलीभूत रहेगा।
कर्क : कर्क राशि वालों के लिए यह वर्ष पिछले वर्ष से अच्छा रहेगा। वर्ष की शुरुआत में कुछ समय सावधानी बरतना पड़ेगी। रोग, खटापटी, उलझनें व संयम की स्थिति बनी रहेगी। फरवरी से शनि के प्रभाव के कारण व्यापार वृद्धि, पत्नी सुख, संतान को नौकरी व व्यवसाय में नए रास्ते खुलेंगे। अप्रैल से जून तक नए रास्ते खुलेंगे। स्वास्थ्य में सुधार होगा तथा आरोग्यता बढ़ेगी। आमदनी में भी बढ़ोतरी होगी। माता-पिता की तीर्थयात्रा होगी।
 
संतान संबंधी सुख मिलेगा। पत्नी को नौकरी में पदोन्नति मिलेगी। किसी पुराने मित्र से दूरी बनेगी। आपको नौकरी में अधिकारियों से पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। बहन के घर किसी मांगलिक कार्य की शुरुआत होगी। ससुराल पक्ष से मनमुटाव की स्थिति बनेगी।
 
वर्ष के उत्तरार्द्ध में विवाहित लड़के-लड़कियों की शादी के योग बनेंगे, साथ ही रोजगार प्राप्ति होगी। कृषि वर्ग के लिए यह वर्ष मध्यम रहेगा। साधु-संतों के लिए यह वर्ष उत्तम रहेगा। महिला वर्ग के लिए यह वर्ष उन्नतिशील रहेगा।
 
विशेष : पूरे वर्ष में राहु, शनि, गुरु की आराधना करना लाभप्रद रहेगा। वर्ष मई एवं नवंबर का महीना लाभप्रद रहेगा।
सिंह : सिंह राशि वालों के लिए यह वर्ष शिक्षा, व्यवसाय व सुख-संपत्ति के लिए अच्छा रहेगा। व्यापार में वृद्धि होगी। नौकरी में पदोन्नति के साथ स्थान परिवर्तन हो सकता है। विद्यार्थी वर्ग के लिए नए रास्ते खुलेंगे। स्वयं के स्वास्थ्य में तकलीफ रहेगी। पिता से आर्थिक सहयोग प्राप्त होगा। कोर्ट-कचहरी के काम विजय के साथ संपन्न होंगे। किसी के कहने में काम न बिगाड़ें, संयम रखकर कार्य करें।
 
माता के स्वास्थ्य में सुधार होगा। किसी सामाजिक कार्य से प्रदेश के बाहर यात्रा होगी। बेटी के घर सुख-शांति मिलेगी। जीवनसाथी को नौकरी में परेशानी आएगी। व्यापार मध्यम रहेगा। रिश्तेदारों से मनमुटाव की स्थिति बनेगी। आपकी तीर्थयात्रा होने की संभावना बनेगी। किसी मिलने वाले से व्यापारिक लाभ मिलेगा।
 
वर्ष के उत्तरार्द्ध में परेशानी आ सकती है। वर्ष के उत्तरार्द्ध में व्यापार वालों के लिए यह वर्ष उत्तम रहेगा। नौकरी में उन्नति होगी एवं कृषि में रुकावट उत्पन्न होगी। महिला वर्ग के लिए यह वर्ष परेशानी वाला रहेगा। विद्यार्थी वर्ग के लिए नया वर्ष रोजगार प्राप्ति वाला रहेगा। छात्राओं की अच्छी उन्नति होगी। विज्ञान के क्षेत्र में इस राशि वाले जातकों को नए आयाम मिलेंगे।
 
विशेष : इस वर्ष सूर्य, शनि की आराधना करना लाभप्रद रहेगा। सितंबर माह विशेष फलदायी रहेगा।
कन्या : कन्या राशि वाले जातकों के लिए यह वर्ष मिश्रित फल देने वाला रहेगा। पारिवारिक सुख व व्यापार में लाभ मिलेगा, परंतु आपसी रिश्तेदारों में विग्रह की स्थिति भी बन सकती है। संयम से काम लेना होगा। शरीर में कष्ट रहेगा। धन की प्राप्ति के नए मार्ग खुलेंगे। मित्र से दूरी बनेगी अत: आपको ध्यान देना होगा। शनि की पनौती व आपकी राशि पर स्वर्ण पाद से भ्रमण करने के कारण शारीरिक चोट हो सकती है। वाहन सावधानी से चलाएं। पिछले वर्ष से नया वर्ष ठीक रहेगा।
 
वर्ष के उत्तरार्द्ध में अधिक कार्य करने पर सफलता मिल सकेगी। पुत्र से सुख प्राप्त होगा। शत्रु से डर बना रहेगा। हृदय संबंधी तकलीफ हो सकती है। अविवाहितों का विवाह योग बनेगा। जीवनसाथी को सुख प्राप्त होगा। धर्म से लाभ मिलेगा एवं नए कार्य होंगे। किसी के द्वारा स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है। विद्यार्थियों के लिए यह वर्ष विशेष रहेगा। नेता व अधिकारी के लिए पूर्वार्द्ध को छोड़कर यह वर्ष श्रेष्ठ रहेगा। कृषक के लिए परेशानी वाला रहेगा। नौकरी वालों को उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
 
विशेष : शनि की आराधना व राहु के जाप इस वर्ष के लिए लाभप्रद रहेंगे। जुलाई माह श्रेष्ठ रहेगा।
तुला : तुला राशि वाले जातकों के लिए यह वर्ष जीवनसाथी के सुख वाला रहेगा। मित्रता व रिश्तेदारों से अच्छे संबंध बनेंगे। स्वास्थ्य संबंधी तकलीफ रहेगी। संतान को रोजगार प्राप्ति होगी। अविवाहित वर्ग के विवाह के योग बनेंगे। विदेश यात्रा के योग बनेंगे। भूमि को लेकर किसी अपने वाले से मनमुटाव की स्थिति बन सकती है। सुख में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। शत्रु पक्ष से कुछ शांति मिलेगी।
 
विशेष : इस वर्ष में शनि, राहु एवं गुरु की आराधना लाभप्रद रहेगी। जुलाई विशेष लाभप्रद रहेगा।
वृश्चिक : वृश्चिक राशि वालों के लिए यह वर्ष विचित्र रहेगा। विपरीत कार्य में बढ़ोतरी होगी। अधिक खर्चे से परेशानी आएगी। घर व बाहर सभी जगह परेशानी आएगी। व्यापार में विपरीत रहेगा। नौकरी में स्थान परिवर्तन के कारण परेशानी आएगी। कृषि में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। गृहस्थ जीवन में विपरीतता दिखाई देगी। घर का वातावरण अशांति वाला रहेगा। दु:ख, कर्ज, अपवाद एवं अपमान का सामना करना पड़ेगा। जमीन-जायदाद संबंधी विवाद भी हो सकता है, ध्यान देना होगा।
 
वर्ष के मध्य से स्थिति में सुधार होगा। आय में बढ़ोतरी होगी। व्यापार अच्छा चलेगा। बंधु व परिवार से अनुकूलता मिलना शुरू हो जाएगी। मित्र से सहयोग प्राप्त होगा। अच्छे लोगों से मिलना शुरू हो जाएगा व आपके मन में सकारात्मक विचार शुरू होंगे। नौकरी में भी आपके प्रति अनुकूलता बनेगी।
 
वर्ष के मध्य से अच्छा विकास होगा। वैसे जीवन में सुख-शांति व धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। पुण्य अर्जन का काम होगा। बच्चों के जीवन में सुख आएगा व विद्यार्थी के जीवन में उच्च शिक्षा के योग बनेंगे। किसी विशेष प्रकार की कार्यशैली में उन्नति मिलेगी।
 
विशेष : गणेशजी व राहु की आराधना वर्ष में लाभदायक रहेगी।
धनु : धनु राशि वाले जातकों के लिए यह वर्ष आर्थिक भौतिक सुख वाला रहेगा। वर्ष के पूर्वार्द्ध में व्यापार अच्छा रहेगा। कृषि में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। नौकरी में पदोन्नति मिलेगी। माता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता रहेगी। सामाजिक कार्य से लंबी यात्रा होगी। बेरोजगार को नौकरी ढूंढने में परेशानी होगी। मानसिक तनाव न रखें। वर्ष के मध्य में किसी अपने वाले से मौका मिल सकता है।
 
व्यापार में हल्की परेशानी आ सकती है। नौकरी में स्थान परिवर्तन हो सकता है, परंतु सामाजिक प्रतिष्ठा बनी रहेगी। वर्ष के उत्तरार्द्ध में जीवनसाथी को उन्नति मिलेगी। संतान को विदेश जाने का मौका प्राप्त होगा। घर में बच्ची के विवाह योग्य होंगे। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। किसी व्यापारी से आर्थिक सहयोग प्राप्त होगा।
 
माता के स्वास्थ्य में तकलीफ रहेगी। ससुराल पक्ष से हल्की परेशानी आ सकती है। मामा के पक्ष में मांगलिक कार्य होंगे। बहन के घर में संतान सुख की प्राप्ति होगी। अपने स्वास्थ्य को लेकर गंभीर हो सकते हैं। सारी रिपोर्ट अच्छी रहेगी। गुरु, सूर्य के कारण घर-परिवार में हल्का विवाद हो सकता है। स्वयं व पुत्र के भाग्य से नए कार्य की शुरुआत होगी।
 
विशेष : अक्टूबर लाभप्रद रहेगा। सूर्य, गुरु व राहु वर्ष में आराध्य रहेंगे।
मकर : मकर राशि वाले जातकों के लिए यह वर्ष वैवाहिक जीवन के लिए सुखी रहेगा। अविवाहित के विवाह के योग हैं। जीवनसाथी को विदेश यात्रा के मौके मिलेंगे व नौकरी में पदोन्नति मिलेगी। व्यापार में हल्की-फुल्की परेशानियां आ सकती हैं।
 
कृषि सामान्य रहेगी। नौकरी में किसी बड़े अधिकारी से परेशानी आएगी, जो मानसिक तनाव देगी। माता-पिता की तीर्थयात्रा होगी। वर्ष के मध्य में जीवनसाथी का भारत लौटने का भाग्य रहेगा। संतान से कष्ट हो सकता है अत: ध्यान दें।
 
आपको कोर्ट-कचहरी से विजय प्राप्त होगी। किसी भी प्रकार के अनजान व्यक्ति से अधिक संबंध बनाने में परेशानी आ सकती है। व्यापार में बढ़ोतरी होगी। आपको नौकरी में साथियों से पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा एवं अपने ससुराल पक्ष से आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। वर्ष के उत्तरार्द्ध में कृषि से परेशानी आएगी। व्यापार में उन्नति बढ़ेगी।
 
स्वास्थ्य को लेकर परेशानी हो सकती है। पिता की स्थिति गंभीर रहेगी। अपने भाई के परिवार में आर्थिक उन्नति होगी। घर में नाना प्रकार के सुख प्राप्त होंगे। बालिका के इस वर्ष मांगलिक कार्य के योग नहीं हैं। पुत्र को नौकरी प्राप्त होगी। परिवार व रिश्तेदारों में मान-सम्मान बढ़ेगा। सितंबर लाभप्रद रहेगा।
 
विशेष : सूर्य, राहु व केतु की आराधना लाभप्रद रहेगी। 
कुंभ : कुंभ राशि वाले जातकों के लिए यह वर्ष राजनीति में पद प्राप्ति वाला रहेगा व संतान को देश-विदेश में मान-सम्मान मिलेगा। किसी लड़की से परेशानी आएगी। आपको किसी भी प्रकार के कार्य से प्रदेश के बाहर अधिक जाना होगा। कभी-कभी किसी मंत्र-तंत्र की साधना का भी प्रयोग होगा। इससे कभी परेशानी भी आ सकती है। संशय को छोड़कर दूरदृष्टि से कार्य करना पड़ेगा ताकि आपको उन्नति प्राप्त हो सके। 17 फरवरी 2020 से साढ़ेसाती की प्रथम ढैया प्रारंभ होने जा रही है।
 
शनि के प्रभाव से आपके कुटुम्ब-परिवार में मानसिक क्लेश, आर्थिक परेशानी व मनमुटाव की स्थिति बन सकती है। धैर्य से काम लेना पड़ेगा। आर्थिक परेशानी में कर्ज की स्थिति बन सकती है। किसी प्रकार से पति-पत्नी में तालमेल नहीं बनेगा। शांतिपूर्ण सद्भाव से जीवन को आगे बढ़ाना पड़ेगा। स्वास्थ्य में भी कमजोरी रहेगी। रिश्तेदारों से झगड़े की स्थिति बन सकती है। अप्रैल से जून तक ये 3 माह बड़ी विषमताओं से भरे रहेंगे। क्रोध, संशय, खर्च अपवाद से भरा रहेगा। इन सब चीजों से बचना होगा।
 
वर्ष का उत्तरार्द्ध कुछ ठीक रहेगा। व्यापार में थोड़ी वृद्धि होगी। नौकरी में समांतर होगा। कृषि वर्ग वालों को लाभ मिलेगा, परंतु मानसिक परेशानी दूर नहीं होगी। संतान से दूरी की संभावना है। पत्नी का पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। माता-पिता को शारीरिक कष्ट रहेगा। किसी भी कार्य से देश-विदेश की यात्रा होगी।
 
अपने किसी मित्र से सहयोग प्राप्त होगा। धन का उपयोग किसी धार्मिक कार्य में होगा। बेरोजगार व्यक्ति के लिए रोजगार के मौके प्राप्त होंगे। वैवाहिक स्त्रियों के लिए यह वर्ष ठीक-ठीक रहेगा। किसी भी स्थिति-परिस्थिति में अपना ध्यान रखें। वर्ष का उत्तरार्द्ध आपको कुछ देकर जाएगा। इस वर्ष में सूर्य, केतु एवं गणेशजी की आराधना लाभप्रद रहेगी।
 
विशेष : आपके लिए अक्टूबर-नवंबर माह श्रेष्ठ रहेगा। 
मीन : मीन राशि वालों के लिए नया वर्ष सुख-शांति व यश-वैभव को प्राप्त करने वाला रहेगा। व्यापार में आशानुरूप परिणाम आएंगे। कामकाज में वृद्धि होगी। मन में उत्साह रहेगा। सफलता आपके कदम चूमेगी। नए कार्यों का भी लाभ मिलेगा। जीवन को आगे बढ़ाने की इच्छा भी फलीभूत होगी। कार्य की शैली में श्रेष्ठता है जिससे राज्यपक्ष में स्थान प्राप्त होगा।
 
घर में कुछ चिंता रहेगी, परंतु भौतिक सुख में कोई कमी नहीं आएगी। अप्रैल माह में अचानक लाभ की स्थिति बनेगी। भूमि व जमीन-जायदाद का विस्तार होगा। घर में हर तरफ से सुख-सुविधा में बढ़ोतरी होगी, परंतु संतान की चिंता रहेगी। किसी तंत्र वाले के चक्कर में न पड़ें। ईष्टदेव की कृपा से अनुकूलता बनेगी। सर्वसिद्धि जैसे कार्य होंगे। समाज में विशेष मान-सम्मान यश प्राप्त होगा।
 
उत्तरार्द्ध में आपके अनुसार कार्य होंगे। किसी भी प्रकार के अनजान व्यक्ति के धार्मिक कार्य बनाए रखना यह आपका सिद्धांत रहेगा। जीवनसाथी को अपने पिता पक्ष से सहयोग प्राप्त होगा, परंतु वे मानसिक परेशान रहेंगे। वर्ष में गुरु एवं केतु पूजा लाभप्रद रहेगी, जब पूजन, हवन, दान आदि से वर्ष अनुकूल रहेगा।
 
विशेष : जून माह लाभप्रद रहेगा।
ये भी पढ़ें
वर्ष 2020 और ज्योतिष : जन्म लग्न से जानिए कैसा होगा नया साल आपके लिए