1. चुनाव 2026
  2. असम विधानसभा चुनाव 2026
  3. असम विधानसभा चुनाव 2026 न्यूज़
  4. assam political row himanta sarma wife passport controversy
Last Updated :नई दिल्ली/गुवाहाटी , सोमवार, 6 अप्रैल 2026 (10:39 IST)

3 पासपोर्ट विवाद से गरमाई असम की सियासत, सरमा परिवार का पवन खेड़ा को करारा जवाब

pawan khera himanta biswa sarma and riniki bhuyan
असम की राजनीति उस समय गरमा गई जब कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां पर तीन पासपोर्ट रखने और विदेशों में संपत्ति छिपाने के आरोप लगाए। सीएम सरमा और उनकी पत्नी ने इन आरोपों को फर्जी और राजनीतिक साजिश बताते हुए खारिज कर दिया। भाजपा ने भी कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है।
 

क्या है पवन खेड़ा का आरोप

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के पास तीन पासपोर्ट हैं। तीनों पासपोर्ट चालू पासपोर्ट हैं, एक्सपायर नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कुछ समर्थकों ने विदेश से बहुत सनसनीखेज कुछ कागज भेजे हैं। ये ऐसे कागज हैं जो मुझे नहीं लगता कि आजाद भारत की राजनीति में इतनी बड़ी बात किसी सिटिंग मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी के खिलाफ सामने आई हो।
 
खेड़ा ने आरोप लगाया कि शर्मा की पत्नी के पास संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), एंटीगुआ-बारबुडा और मिस्र के तीन पासपोर्ट हैं, जो क्रमशः मार्च 2027, अगस्त 2031 और फरवरी 2029 में समाप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरमा की पत्नी के पास दुबई में दो संपत्तियां हैं, लेकिन चुनावी हलफनामे में इन संपत्तियों का कोई जिक्र नहीं है।
 
पवन खेड़ा ने कहा कि कोई और राजनेता बताइए जो इस तरह की हरकतें करता हो। विदेशों की संपत्तियां हैं। तीन पासपोर्ट- कैसे और क्यों? क्या आप एक अपराधी हैं कि आपको तीन-तीन पासपोर्ट की जरूरत पड़ती है।
 

क्या है हिमंता और उनकी पत्नी का जवाब

वहीं मुख्यमंत्री सरमा और उनकी पत्नी ने कांग्रेस के इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे कांग्रेस की हताशा बताया। सरमा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, 'पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरे असंतोष और घबराहट को दिखाती है। जैसे-जैसे असम एक ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है, इस तरह के हताश और बेबुनियाद हमले केवल उनके कमजोर होते जनाधार को ही उजागर करते हैं।
 
सरमा ने कहा कि मैं उनके द्वारा लगाए गए हर आरोप को पूरी तरह से खारिज करता हूं। ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं, जिनका मकसद असम की जनता को गुमराह करना है।
हिमंत बिस्वा सरमा ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, 'जो दस्तावेज सर्कुलेट किए जा रहे हैं, उनमें कई स्पष्ट विसंगतियां दिख रही हैं, जिनसे पता चलता है कि यह डिजिटल हेरफेर की एक कमजोर और खराब कोशिश है। इसमें आधिकारिक सरनेम 'SHARMA' की जगह 'SARMA' का इस्तेमाल किया गया है।
 
इसकी तस्वीर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कोई तस्वीर लगती है, न कि स्टैंडर्ड बायोमेट्रिक कैप्चर। इसकी यूआईडी का क्रम जन्म के अपेक्षित वर्ष के पैटर्न से मेल नहीं खाता। साथ ही राष्ट्रीयता को लेकर बेमेल दिखता है।
 
हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'आपकी सिर्फ तपस्या में ही नहीं, एआई जेनेरेशन और फोटोशॉपिंग में भी कमी रह गई। मुझे उम्मीद थी कि एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रवक्ता बुनियादी सावधानी बरतेंगे, न कि मनगढ़ंत पासपोर्ट और दस्तावेजों की घटिया ढंग से बनाई गई तस्वीरें फैलाएंगे। अब मैं कानून को अपना काम करने दूंगी। आपराधिक आरोप लगाए जा रहे हैं। हम इस मामले को अदालत में आगे बढ़ा सकते हैं।

क्या बोले भाजपा के सुधांशु त्रिवेदी

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने जो दस्तावेज जारी किए हैं, उनमें सरनेम गलत लिखा गया है। UIDAI की फोटो की जगह पब्लिक डोमेन की फोटो लगाई गई है और आईडी नंबर भी गलत दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो पासपोर्ट नंबर जारी किया है (784199657498), वह असल में एक मिस्र (इजिप्ट) के नागरिक अशरफ अब्दुल कादिर अब्दुल समद हुसैन का है।
 
त्रिवेदी ने कहा कि अब्दुल कादिर ने 28 मार्च को सोशल मीडिया पर अपने पासपोर्ट के गुम होने की जानकारी दी थी। यह कांग्रेस की बौखलाहट और हताशा है। त्रिवेदी ने असम कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और उनके परिवार पर पाकिस्तान से संबंधों के आरोपों का भी जिक्र किया। 
edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
पंजाब की सियासत में राघव चड्ढा की राजनीति की पिक्चर अभी बाकी है?