गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

हॉकी टीम को सुब्रत सहारा देंगे 1 करोड़ 16 लाख

हॉकी टीम को सुब्रत सहारा देंगे 1 करोड़ 16 लाख -
FILE
भारतीय पुरुष हॉकी टीम पर पुरस्कारों की बौछार जारी है और अब सहारा इंडिया परिवार ने लंदन ओलिम्पिक क्वालीफायर जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों और सहायक स्टाफ को 1 करोड़ 16 लाख का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है, जो खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ में बंटेंगे।

भारत ने रविवार को फाइनल में फ्रांस को 8-1 से हराकर लंदन ओलिम्पिक के लिए क्वालीफाई किया। इससे पहले टीम चार साल पहले बीजिंग ओलिम्पिक के लिए क्वालीफाई करने में विफल रही थी।

राष्ट्रीय खेल के प्रायोजक सहारा ने इसी उपलब्धि को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों को पुरस्कार देने का फैसला किया।

सहारा ने एक बयान में कहा कि 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' पुरस्कार जीतने वाले मिडफील्डर सरदारा सिंह और फाइनल में हैट्रिक सहित पांच गोल दागने वाले संदीप सिंह 11-11 लाख रुपए मिलेंगे। टीम के बाकी सदस्यों को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। सहायक स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को भी एक लाख रुपए मिलेंगे।

सहारा इंडिया परिवार के अध्यक्ष सुब्रत राय ने कहा, ‘हमें गर्व है कि भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में इतना अच्छा प्रदर्शन किया। हॉकी हमारा राष्ट्रीय खेल है और हमें इससे जुड़े होने पर गर्व है।’

राय ने कहा, ‘यह पुरस्कार हमारी तरफ से खिलाड़ियों और सहायक स्टाफ के प्रोत्साहन के लिए एक छोटी सी पेशकश है, जिससे कि वह और बड़ी सफलता हासिल कर सके और हमारे राष्ट्रीय खेल के जरिये देश के लिए गौरवपूर्ण लम्हें लाते रहें।’

इससे पहले मध्यप्रदेश और हरियाणा सरकार के अलावा हॉकी इंडिया और ललित होटल ने भी टीम के लिए इनामी राशि की घोषणा की थी।

सहारा ने हाल ही में हॉकी इंडिया के साथ पांच साल के लिए और करार बढ़ाया है, जो पिछले अनुबंध की राशि के मुकाबले 170 प्रतिशत अधिक है।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कल हाकी टीम पर इनामों की बौछार करते हुए इसमें राज्य के खिलाड़ियों को फाइनल मैच में प्रत्येक गोल के लिए पांच लाख रुपए देने तथा सिरीज के अन्य मैचों में टीम के किसी भी खिलाड़ी द्वारा किए गए प्रत्येक गोल के लिए एक-एक लाख रुपए देने की घोषणा की थी।

उन्होंने टीम में हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए 11-11 लाख रुपए तथा टीम के अन्य सभी खिलाड़ियों के लिए ढाई-ढाई लाख रुपए देने की भी घोषणा की।

हुड्डा ने फाइनल में पांच गोल करने पर 'मैन ऑफ द मैच' रहे हरियाणा के शाहबाद के संदीप सिंह को 25 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। संदीप को अन्य मैचों में भी 11 गोल करने के लिए 11 लाख रुपए और मिलेंगे।

हरियाणा के ही सिरसा निवासी और 'मैन ऑफ द टूर्नामेंट' रहे सरदार सिंह ने सिरीज में एक गोल किया है उन्हें इसके लिए एक लाख रुपए मिलेंगे।

हरियाणा सरकार ने सिरीज में खेलने वाले राज्य के खिलाड़ियों के लिए 11-11 लाख रुपए अलग से घोषित किए हैं। इस तरह संदीप को राज्य सरकार की ओर से 47 लाख रुपए तथा सरदार सिंह को 12 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिलेगी।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी विजेता टीम के प्रत्येक खिलाडी को एक-एक लाख रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

हॉकी इंडिया और ललित होटल ने खिलाड़ियों को अपनी तरफ से एक एक लाख रुपए देने की घोषणा की है। इसके अलावा हॉकी इंडिया और ललित होटल सपोर्टिंग स्टाफ के हर सदस्य को 50-50 हजार रुपए भी देंगे। (एजें‍सियां)