गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
  6. सानिया को परेशान करने वाला गिरफ्तार
Written By भाषा

सानिया को परेशान करने वाला गिरफ्तार

Sania Mirza, | सानिया को परेशान करने वाला गिरफ्तार
भारत की स्टार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा की शादी तय होने से खफा एक मनचले युवक को पुलिस ने बुधवार को धमकी भरे फोन करने और यहाँ उनके घर पर हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

अपने को सानिया का आशिक बताने वाला बेंगलुरु का 28 वर्षीय मोहम्मद अशरफ सिविल इंजीनियरिंग का छात्र है। अशरफ पर आरोप है कि वह सानिया के मोबाइल पर सगाई तोड़ने के लिए मैसेज और धमकी भरे कॉल करता था।

सानिया के पिता इमरान मिर्जा ने इसकी शिकायत बंजारा हिल्स पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। सानिया के बचपन के मित्र मोहम्मद सोहराब मिर्जा से दस जुलाई को उनकी सगाई होने जा रही है।

पुलिस के मुताबिक अशरफ मंगलवार रात करीब दस बजे बंजारा हिल्स स्थित सानिया के घर गया था और उनके पिता से कहा कि मैं सानिया से प्यार करता हूँ और आप उसकी सगाई तोड़ दो। सानिया उस समय घर पर ही थीं। उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

अशरफ को गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया गया जहाँ से उसे दो सप्ताह तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उस पर आईपीसी की कई धाराएँ लगाई गई हैं।