गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: रांची , शुक्रवार, 2 अगस्त 2013 (23:25 IST)

रांची की बेटियों के लिए स्टेडियम बनेगा

रांची की बेटियों के लिए स्टेडियम बनेगा -
FILE
रांची। ग्रामीण ओरमांझी इलाके के दहू मौजा की लड़कियों को स्पेन में गास्तेज फुटबॉल प्रतियोगिता में भारत की टीम को तीसरा स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया और सरकार उनके गांव में स्टेडियम भी बनाएगी

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को एक सम्मेलन में घोषणा की कि रांची की इन बेटियों को देश का सम्मान बढ़ाने के लिए 21-21 हजार रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। साथ ही उनकी इच्छा के अनुरूप जिले के ओरमाझी इलाके में दहू मौजा में सरकार छह माह के भीतर स्टेडियम बनाएगी जिसे बाद में आवासीय खेल परिसर में तब्दील कर दिया जाएगा। इस उद्देश्य से दहू में पांच एकड़ भूमि चिह्नित भी कर ली गई है।

मुख्यमंत्री ने टीम की स्थानीय महिला खिलाड़ियों को सचिवालय में बुलाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने चौदह वर्ष से कम उम्र की इन खिलाड़ियों के उत्साह और जज्बे की प्रशंसा की और स्पेन जाते समय उनको यहां हुई कठिनाइयों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

यह पूछे जाने पर कि संबद्ध ग्राम पंचायत के अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी, जिन्होंने इन लड़कियों को जन्म प्रमाण पत्र देने में परेशानी पैदा की थी। इनकी कथित तौर पर पिटाई करने के साथ इनसे पंचायत भवन में झाड़ू-पोछा लगवाया था, मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा, दोषी पंचायत अधिकारियों और कर्मचारियों पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।

ज्ञातव्य है कि जिला प्रशासन ने लड़कियों के साथ बदसलूकी करने वाले ग्राम सेवक को पद से हटा दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि युवा इंडिया नाम से स्पेन में खेलने गईं टीम की सभी लड़कियों को स्पोर्ट्स किट और फुटबॉल खेलने के लिए आवश्यक अन्य सामग्री भी प्रदान की जाएगी। (भाषा)