शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

तीरंदाजों की निगाहें ओलिम्पिक सीट पर

तीरंदाजों की निगाहें ओलिम्पिक सीट पर -
FC
भारतीय तीरंदाज अमेरिका के ओग्डेन में 18 जून से शुरू होने वाले विश्व कप के तीसरे चरण में और ओलिम्पिक कोटा हासिल करने पर ध्यान देंगे। भारत की पुरुष टीम के लिए लंदन खेलों में जगह बनाने का यह आखिरी मौका होगा।

महिला टीम तथा जयंत तालुकदार पहले ही ओलिम्पिक के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। अब तालुकदार, तरुणदीप राय और राहुल बनर्जी की पुरुष टीम को लंदन जाने के लिए यहां शीर्ष तीन में जगह बनानी होगी। गंगटोक में 15 दिवसीय शिविर में परिस्थितियां ओग्डेन जैसी ही थी।

कोच लिंबा राम का मानना है कि ओग्डेन में सफलता ओलिम्पिक के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होगी। लिंबा ने टीम के साथ आज ओग्डेन रवाना होने से पहले कहा ओलिम्पिक पदक जीतने का यह हमारे पास सबसे अच्छा मौका है लेकिन इसकी शुरुआत ओग्डेन से होगी।

अभी पुरुष टीम ने क्वालीफाई नहीं किया है और काफी दबाव है। इसके लिए कड़ा संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा इस बार हम कुछ दिन पहले रवाना हो रहे हैं ताकि वहां की परिस्थितियों से वाकिफ हो सकें।

ओलिम्पिक के लिए पहले ही क्वालीफाई करने के कारण लैशराम बोम्बयला देवी, चेकरोवोलु स्वोरो और दीपिका कुमारी की महिला टीम ओग्डेन विश्व कप में भाग नहीं ले रही है। (भाषा)