मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

गावस्कर और कोहली राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की दौड़ में

गावस्कर और कोहली राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की दौड़ में -
FILE
नई दिल्ली। खेल मंत्रालय को मंगलवार को समाप्त हुई समयसीमा के भीतर राष्ट्रीय खेल महासंघों से प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार के लिए लगभग 50 से 60 नामांकन मिले हैं। इसके अलावा द्रोणाचार्य पुरस्कारों के लिए 30 से 40 नामों की सिफारिश की गई है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को अर्जुन पुरस्कार जबकि महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर को ध्यानचंद पुरस्कार (लाइफ टाइम अचीवमेंट) के लिए नामित किया है।

मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, हमें अर्जुन पुरस्कार के लिए 50 से 60 नामांकन और द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए 30 से 40 नामांकन मिले हैं। अधिकारी ने कहा, सभी नामों की सूची तैयार करने में हमें कम से कम एक दिन का समय लगेगा। आज अर्जुन, राजीव गांधी खेल रत्न, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कारों के नामांकन भेजने की अंतिम तारीख थी।

अधिकारी ने कहा, हम नामों की सूची तैयार कर रहे हैं और इसके बाद समिति का गठन किया जाएगा जो जून में इन खिलाड़ियों में से पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची तैयार करेगी और जुलाई में नाम स्वीकृति के लिए मंत्रालय के पास आएंगे।

मंत्रालय को कल खेल रत्न पुरस्कार के लिए पैरा एथलीट एचएन गिरीशा और हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह का नामांकन मिला था। गिरीशा ने लंदन पैरालंपिक में ऊंची कूद में रजत पदक जीता जिसके लिए इसी साल उन्हें पद्मश्री भी दिया गया। खेल में उपलब्धियों के लिए दिए जाने वाले भारत के सर्वोच्च सम्मान खेल रत्न के तहत पदक, सम्मान पत्र और साढ़े सात लाख रुपए की नकद राशि दी जाती है।

अर्जुन पुरस्कार खिलाड़ी को पिछले तीन साल में लगातार अच्छे प्रदर्शन के अलावा जिस साल के लिए पुरस्कार की सिफारिश की गई उस साल शानदार प्रदर्शन के लिए दिए जाते हैं। इसके अलावा खिलाड़ी में नेतृत्व क्षमता, खेलभावना और अनुशासन की भावना भी होनी चाहिए।

इस पुरस्कार के तहत अर्जुन की प्रतिमा, सम्मान पत्र, समारोह की पोशाक और पांच लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। द्रोणाचार्य पुरस्कार के तहत पट्टिका, सम्मान पत्र, समारोह की पोशाक और पांच लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाता है। ध्यानचंद पुरस्कार के अंतर्गत पट्टिका, सम्मान पत्र और पांच लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाता है। (भाषा)