शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

क्रिकेट सितारों पर भारी पड़े रणवीर कपूर

क्रिकेट सितारों पर भारी पड़े रणवीर कपूर -
WD
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पर दूधिया रोशनी में एक चैरिटी फुटबॉल मैच में फिल्म सितारे रणबीर कपूर क्रिकेट स्टार्स पर भारी पड़े। हालांकि अभिषेक बच्चन की अगुवाई वाली बॉलीवुड की टीम क्रिकेटरों की टीम के सामने एक गोल से हार गई। महेंद्र सिंह धोनी जैसे जांबाजों से सजी क्रिकेटरों की टीम ने यह मैच 4-3 से जीता।

इस मुकाबले में सबसे ज्यादा क्रेज रणबीर कपूर के लिए देखने को मिला। गेंद जितनी भी बार उनके कब्जे में जाती, दर्शक दीर्घा से तालियों की जोरदार गड़गड़ाहट सुनने को मिलती रही। इस मैच से हुई कमाई मैजिक बस फाउंडेशन को दी गई, जो गरीब बच्चों के लिए कार्यरत है। विराट कोहली ने अपने फाउंडेशन ‘ऑल हार्ट फुटबॉल क्लब’ की टीम लांच की।

PTI
रणबीर ने बेहतरीन खेल भी दिखाया और क्रिकेटरों पर भारी पड़े। उन्होंने गोल पर कई हमले बोले लेकिन एक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने से चूक गए। उन्होंने हालांकि इसकी भरपाई करते हुए कुछ देर बाद फिर पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। इससे पहले काले और लाल कपड़ों में आए क्रिकेटरों ने पहले हाफ में तीन गोल दाग दिए। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने दूसरे ही मिनट में दाहिने ओर से तन्मय मिश्रा को क्रॉस दिया जिसने इसे गोल में बदला।

मैच भले ही चैरिटी के लिए था लेकिन खिलाड़ियों ने इसे संजीदगी से खेला। रैफरी ने जितनी भी बार उनके खिलाफ फैसला दिया, युवराज सिंह नाराज दिखे। यही नहीं, गोल का मौका गंवाने पर उनकी खीज भी नजर आई। करीब 10,000 दर्शकों के सामने खेले गए मैच में ऑल स्टार टीम के कोच पूर्व फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया थे। शब्बीर अहलूवालिया ने बॉलीवुड टीम के लिए 10वें मिनट में बराबरी का गोल किया।

PTI
बंगाल के क्रिकेटर मनोज तिवारी ने बेहतरीन फुटबॉल कौशल का प्रदर्शन करते हुए दो शानदार गोल करके ऑल स्टार टीम को 3-1 से बढ़त दिलाई। तिवारी को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया। गर्म मौसम में खेले गए मैच में ऑल स्टार टीम ने कड़ा मुकाबला किया और 4-1 से पिछड़ने के बावजूद दूसरे हाफ में वापसी की।

उसके बाद से रणबीर कपूर छाए रहे। उन्होंने जहीर खान को कई मौकों पर छकाया और रिवर्स फ्लिक पर टीम के लिए दूसरा गोल किया। दूसरे हाफ के दसवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर उनके शॉट को ऑल स्टारके गोलकीपर ईशांत शर्मा ने बचा लिया।

रणबीर ने कुछ मिनट बाद हफर पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया और गोल करके स्कोर 4-3 कर दिया। फुटबॉलर सुनील छेत्री की कोचिंग वाली ऑल स्टार टीम ने आखिरी कुछ मिनटों में रक्षात्मक खेलते हुए मैच जीत लिया।

अभिषेक ने मैच के बाद कहा, ‘भारतीय क्रिकेटरों को 4-0 से जीतने की आदत है और हमें डर था कि इसी अंतर से ना हार जाएं। हमारी टीम खासकर रणबीर ने बेहतरीन खेल दिखाया।’ टीम संयोजन के बारे में उपकप्तान रणबीर ने कहा कि इस मैच के लिए सभी छह महीने से अभ्यास कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘जो भी हमारे साथ नियमित अभ्यास कर रहा था, उसे खेलने का मौका दिया गया। 4-3 से हारना कोई शर्म की बात नहीं है बल्कि क्रिकेटरों को कड़ी चुनौती दे पाना फख्र की बात है।’ (भाषा/वेबदुनिया)