शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
  6. असलम खान का हॉकी इंडिया से इस्तीफा
Written By वार्ता
Last Modified: नई दिल्ली , शनिवार, 14 नवंबर 2009 (09:50 IST)

असलम खान का हॉकी इंडिया से इस्तीफा

Hocky India  Mohammad Aslam Khan | असलम खान का हॉकी इंडिया से इस्तीफा
चौतरफा विवादों से घिरी हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद असलम खान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

असलम को गत जून में भारतीय ओलिम्पिक संघ (आईओए) ने अस्थायी तौर पर पुरुष और महिला हॉकी संघों के विलय से गठित हॉकी इंडिया का महासचिव बनाया था। हॉकी इंडिया का चुनाव 18 नवंबर को होना था, लेकिन इसे फिलहाल टाल दिया गया है। असलम ने कहा कि उन्होंने इससे पहले 24 जुलाई को इस्तीफा दिया था, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया था।

चूँकि बीस नवंबर को हॉकी इंडिया का कार्यकाल समाप्त हो रहा था, इसलिए मैंने अपने पद से इस्तीफा देने का फैसला किया। उन्होंने कहा इसके अलावा मेरे इस्तीफे का कारण देश के कई अन्य बड़े राज्य हॉकी संगठनों का हॉकी इंडिया की कार्यप्रणाली में लगातार दखल भी है।

अगर हॉकी इंडिया के प्रशासन राज्य संघों की कार्यप्रणाली में दखल देना शुरू करेंगे तो वे भी सहज महसूस नहीं करेंगे। असलम ने कहा कि हॉकी इंडिया के सभी सदस्यों को यह पता था कि इसके गठन के छह महीने बाद नए सिरे से चुनाव होना है।

ऐसे में बीस मई को गठित हॉकी इंडिया के छह महीने बीस नंवबर को पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा ऐसे में सभी अधिकारियों का कार्यकाल बीस नवंबर को पूरा हो रहा है। उधर, विश्व हॉकी महासंघ (एफआईएच) खेल मंत्रालय और राज्य इकाइयों के सदस्यों के बारे में फैसला में हो रही देरी के कारण हॉकी इंडिया के चुनाव के लिए घोषित 18 नवंबर की तारीख को चुनाव हो पाना मुश्किल लग रहा है।

एक सूत्र ने कहा असलम खान पिछले छह महीने से अस्थायी तौर पर काम कर रहे थे और चुनाव की तिथि अभी निश्चित नहीं है। ऐसे में उन्होंने अपने आपको संस्था से अलग करना ही मुनासिब समझा।

इस बीच भारतीय ओलिम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी और बंगाल हॉकी संघ के अध्यक्ष जेबी राय ने अपने मतभेद भुलाकर हाथ मिलाने का फैसला किया है। आगामी 19 नवंबर को राजधानी में एक बैठक बुलाई गई है, जिसमें हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त 19 राज्य संघ भाग लेंगे।

हॉकी इंडिया के सूत्र ने कहा भारतीय हॉकी में जो कुछ हो रहा है, उसे देखते हुए इस बात पर किसी को भी आश्चर्य नहीं होना चाहिए। हालाँकि उन्होंने साथ ही कहा कि हॉकी इंडिया में चल रहे सत्ता संघर्ष के बावजूद भारत को विश्वकप की मेजबानी से वंचित नहीं किया जाएगा। (वार्ता)