शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By वार्ता
Last Modified: पणजी , मंगलवार, 7 जून 2011 (21:13 IST)

फुटबॉलर निशांत मेहरा पर 2 वर्ष का प्रतिबंध

फुटबॉलर निशांत मेहरा पर 2 वर्ष का प्रतिबंध -
आईलीग टीम मुंबई फुटबॉल क्लब के खिलाड़ी निशांत मेहरा को डोप टेस्ट में नाकाम रहने के बाद राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने दो वर्ष के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। निशांत प्रतिबंधित दवा के सेवन के कारण प्रतिबंधित होने वाले पहले भारतीय फुटबॉलर हैं।

निशांत का गत जनवरी में नमूना लिया गया था। उनके 'ए' नमूने में प्रतिबंधित पदार्थ ट्रेटाहाइड्रोकेनोबिनोल के अंश पाए जाने के बाद अखिल भारतीय फुटबॉल संघ (एआईएफएफ) ने उन्हें तीन महीने के लिए अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया था।

नाडा जनवरी से ही आईलीग में खेलने वाले खिलाड़ियों का नमूना ले रही थी। निशांत सहित सात खिलाड़ियों के पुणे में नमूने लिए गए थे। मुंबई एफसी के खिलाड़ी का 'ए' नमूना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया गया था लेकिन अब उनके 'बी' नमूने के भी पाजिटिव पाए जाने के बाद नाडा के पास इस युवा फुटबॉलर को प्रतिबंधित करने के अलावा कोई चारा नहीं था।

हालांकि निशांत को सफाई देने का पूरा मौका दिया गया था लेकिन वह नाडा को संतुष्ट करने में नाकाम रहे। ट्रेटाहाइड्रोकेनोबिनोल हशीश और मारिजुआना में पाया जाता है। (वार्ता)